₹2000 उछला सोना, एमसीएक्स पर चांदी ₹5600 हुई महंगी, क्या हैं इस तेजी के राज

Feb 13, 2026 09:44 am ISTDrigraj Madheshia लाइव हिन्दुस्तान
share

Gold Silver Rate Today: एमसीएक्स पर अप्रैल डिलीवरी वाले गोल्ड कॉन्ट्रैक्ट 2,000 रुपये (1.30%) उछलकर 1,54,837 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गए। वहीं, एमसीएक्स सिल्वर मार्च फ्यूचर्स में 5,600 रुपये (2.4%) से अधिक की तेजी रही और यह 2,42,081 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुआ।

₹2000 उछला सोना, एमसीएक्स पर चांदी ₹5600 हुई महंगी, क्या हैं इस तेजी के राज

Gold Silver Rate Today: कारोबार के शुरुआत में ही आज एमसीएक्स पर सोने की कीमत 1% से अधिक उछल गई। पिछले सत्र में हुए भारी नुकसान के बाद निवेशकों ने कम कीमतों पर खरीदारी की, जिससे यह तेजी देखने को मिली। एमसीएक्स पर अप्रैल डिलीवरी वाले गोल्ड कॉन्ट्रैक्ट 2,000 रुपये (1.30%) उछलकर 1,54,837 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गए। वहीं, एमसीएक्स सिल्वर मार्च फ्यूचर्स में 5,600 रुपये (2.4%) से अधिक की तेजी रही और यह 2,42,081 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुआ।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने की कीमतों में खरीदारी देखी गई। अमेरिका में अप्रैल डिलीवरी वाले गोल्ड फ्यूचर्स 0.7% बढ़कर 4,985.40 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गए। रॉयटर्स के अनुसार, स्पॉट सिल्वर में 2.1% का उछाल आया और यह 76.76 डॉलर प्रति औंस हो गया, जबकि बुधवार को इसमें 11% की गिरावट आई थी।

कमोडिटी मार्केट में उतार-चढ़ाव के बीच एक्सपर्ट की राय

इंडसइंड सिक्योरिटीज के सीनियर रिसर्च एनालिस्ट जिगर त्रिवेदी ने कहा, "पिछले सत्र में 3% से अधिक की गिरावट के बाद सोना 4,960 डॉलर के आसपास पहुंच गया, क्योंकि बाजार में भारी उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। गुरुवार को आई गिरावट व्यापक बाजार बिकवाली के दौरान आई, जिसमें निवेशकों ने नकदी जुटाने के लिए कीमती धातुओं को बेचा।"

उन्होंने आगे कहा, "इस सप्ताह की शुरुआत में जारी उम्मीद से बेहतर जनवरी के रोजगार आंकड़ों ने बाजार में यह संकेत दिया है कि ब्याज दरों में पहली कटौती जून की बजाय अब जुलाई में हो सकती है।" बता दें चांदी ने 2025 में लगभग 167% से 170% की तेजी दर्ज की थी। जबकि, सोने ने 2025 में लगभग 70% का रिटर्न दिया।

अमेरिकी डेटा का असर और आगे की राह

रॉयटर्स के अनुसार, बुधवार को जारी अमेरिकी आंकड़ों में जनवरी में गैर-कृषि पेरोल में 1,30,000 नौकरियां जुड़ीं, जबकि दिसंबर में यह आंकड़ा घटकर 48,000 रह गया था। वहीं, बेरोजगारी दर घटकर 4.3% पर आ गई। गुरुवार को जारी साप्ताहिक आंकड़ों में 7 फरवरी को समाप्त सप्ताह में बेरोजगारी लाभ के लिए आवेदन घटकर 2,27,000 रह गए।

मजबूत रोजगार आंकड़ों ने अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदों को कमजोर कर दिया है। अब निवेशकों की नजर शुक्रवार को आने वाले महंगाई के आंकड़ों पर टिकी है, जिससे फेड की ब्याज दर नीति की दिशा के बारे में और स्पष्ट संकेत मिल सकेंगे।

(डिस्‍क्‍लेमर: एक्सपर्ट्स की सिफारिशें, सुझाव, विचार और राय उनके अपने हैं, लाइव हिन्दुस्तान के नहीं। कमोडिटी मार्केट में निवेश जोखिमों के अधीन है और निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)

Drigraj Madheshia

लेखक के बारे में

Drigraj Madheshia

दृगराज मद्धेशिया:-लाइव हिन्दुस्तान में पिछले 6 साल से बिजनेस टीम का अहम हिस्सा हैं। दृगराज को पत्रकारिता में 21 वर्षों का लंबा अनुभव है। इन्होंने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी स्पेशल खबरों से खास पहचान बनाई है। शेयर मार्केट, कमोडिटी, पर्सनल फाइनेंस और यूटिलिटी पर विशेष पकड़। मैथ्स से ग्रेजुएट, मास कम्युनिकेशन और कंप्यूटर साइंस में पीजी डिप्लोमा। दृगराज, रिसर्च और एनॉलिस के जरिए मार्केट डेटा को आसान भाषा में 'कुछ अलग' पाठकों तक पहुंचाते हैं। लाइव हिन्दुस्तान से पहले साढ़े सात साल तक हिन्दुस्तान अखबार में बतौर सीनियर रिपोर्टर काम किया। इसके अलावा सहारा समय, दैनिक जागरण, न्यूज नेशन में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

और पढ़ें
जानें Hindi News, Business News, Budget 2026, बजट 2026 Live, Income Tax Live Updates की लेटेस्ट खबरें, शेयर बाजार का लेखा-जोखा, Share Market के लेटेस्ट अपडेट्स Investment Tips के बारे में सबकुछ।,