पेट्रोल-डीजल के महंगा होने का खतरा बढ़ा, कच्चा तेल फिर 100 डॉलर के पार

लाइव हिन्दुस्तान
share

मुख्य बातें

  • Petrol Diesel Rates Today: ब्रेंट क्रूड अब 102.61 डॉलर और WTI 93.12 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है
  • इसका असर आगे चलकर भारत में पेट्रोल-डीजल की कीमतों और महंगाई पर भी पड़ सकता है

petrol diesel rates today
पेट्रोल डीजल के रेट्स आज सुबह 6 बजे ही अपडेट हो गए हैं।

कच्चे तेल की कीमतों में लगातार तीसरे दिन भी तेजी देखने को मिली है। ईरान के साथ युद्ध के बीच अमेरिका मिडिल ईस्ट में एक और एयरक्राफ्ट कैरियर ग्रुप भेजने पर विचार कर रहा है। इससे क्षेत्र में तनाव बढ़ने और तेल की सप्लाई प्रभावित होने की आशंका ने बाजार की चिंता बढ़ा दी है। ब्रेंट क्रूड अब 102.61 डॉलर और WTI 93.12 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है।

पिछले कारोबारी सत्र में WTI में करीब 3 फीसदी की तेजी आई थी। ऐसे में एक बार फिर पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने की आशंका बढ़ गई है। फिलहाल राहत की बात यह है कि आज 2 अक्टूबर को भारत की ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल के रेट नहीं बढ़ाई हैं। दिल्ली में आज भी पेट्रोल 112.12 और डीजल 95.20 रुपये लीटर पर स्थिर है। आखिरी बार दाम मई 2026 में बढ़े थे।

आम आदमी पर क्या होगा असर

अगर मध्य पूर्व में तनाव बढ़ता है और तेल की सप्लाई या होर्मुज मार्ग प्रभावित होता है, तो अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत और बढ़ सकती है। इसका असर आगे चलकर भारत में पेट्रोल-डीजल की कीमतों और महंगाई पर भी पड़ सकता है। हालांकि, घरेलू कीमतों पर असर इस बात पर निर्भर करेगा कि अंतरराष्ट्रीय कीमतें कितने समय तक ऊंची रहती हैं और भारतीय तेल कंपनियां कीमतों में कितना बदलाव करती हैं।

खाड़ी में भेजे जा सकते हैं 10 हजार अमेरिकी सैनिक

ब्लूमबर्ग ने एक अमेरिकी अधिकारी के हवाले से बताया है कि पेंटागन फारस की खाड़ी में एक और एयरक्राफ्ट कैरियर और करीब 10,000 नौसैनिकों व मरीन सैनिकों को भेज सकता है। इससे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पास ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई बढ़ाने के विकल्प बढ़ जाएंगे।

बाजार को सबसे ज्यादा चिंता इस बात की है कि ईरान जवाबी कार्रवाई में अमेरिकी ठिकानों या मध्य पूर्व के ऊर्जा ढांचे को निशाना बना सकता है। इससे तेल की सप्लाई पर बड़ा असर पड़ सकता है।

होर्मुज में टैंकर पर हमला

तनाव उस समय और बढ़ गया जब यूके मैरिटाइम ट्रेड ऑपरेशंस को सूचना मिली कि होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहे एक टैंकर को किसी अज्ञात प्रोजेक्टाइल ने निशाना बनाया। फिलहाल नुकसान की वास्तविक स्थिति और पर्यावरण पर इसके असर की जानकारी स्पष्ट नहीं है। होर्मुज दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण ऑयल रूट्स में से एक है। यहां किसी बड़े व्यवधान का असर वैश्विक तेल कीमतों पर पड़ सकता है।

ईरान से तेल निर्यात पर भी असर

ब्लूमबर्ग की खबर के मुताबिक, सितंबर में ईरान ने टैंकरों पर लगभग कोई कच्चा तेल लोड नहीं किया। इसे अमेरिकी नौसैनिक नाकाबंदी के कारण ईरान की ग्लोबल एनर्जी मार्केट तक पहुंच प्रभावित होने का संकेत माना जा रहा है। हालांकि, हाल के दिनों में मध्य पूर्व से तेल की सप्लाई युद्ध से पहले के स्तर के करीब पहुंचने के संकेत मिले थे। इसी वजह से बाजार में कुछ राहत आई थी, लेकिन अब सैन्य तनाव फिर बढ़ने से उस सुधार पर खतरा मंडरा रहा है।

अमेरिका-यूरोप के सामने चुनौती

फ्यूल की कमी को कम करने के लिए ट्रंप प्रशासन यूरोपीय संघ से डीजल के रणनीतिक भंडार जारी करने और अमेरिकी निर्यात पर संभावित प्रतिबंधों से बचने में मदद करने का आग्रह कर रहा है। अमेरिकी ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट ने भी यूरोपीय सहयोगियों से फ्यूल कमी कम करने में मदद की अपील की है।

Drigraj Madheshia

लेखक के बारे में

Drigraj Madheshia

दृगराज मद्धेशिया पिछले 21 वर्षों से पत्रकारिता जगत का एक विश्वसनीय चेहरा हैं। वर्तमान में 'लाइव हिन्दुस्तान' की बिजनेस टीम के एक महत्वपूर्ण सदस्य के रूप में, वे शेयर बाजार, कमोडिटी, पर्सनल फाइनेंस और यूटिलिटी सेक्टर पर अपनी गहरी पकड़ रखते हैं। वह कलम से बाजार की नब्ज टटोलने वाले एक पत्रकार हैं, जो शेयर बाजार से लेकर आपकी जेब (Personal Finance) तक, हर खबर को आसान बनाते हैं। टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया के अपने विस्तृत अनुभव के साथ, दृगराज जटिल मार्केट डेटा को आम पाठकों के लिए 'कुछ अलग' और आसान भाषा में पेश करने के लिए पहचाने जाते हैं। उन्होंने अपने करियर में हिन्दुस्तान, सहारा समय, दैनिक जागरण और न्यूज नेशन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। मूलत: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रहने वाले दृगराज मैथ्स बैकग्राउंड होने के कारण डेटा और कैलकुलेशन में माहिर हैं, जो बिजनेस पत्रकारिता के लिए एक बड़ा प्लस पॉइंट है। उन्होंने कॅरियर की शुरुआत गोरखपुर से सहारा समय साप्ताहिक से बतौर फ्रीलांसर की और बहुत ही जल्द सहारा समय उत्तर प्रदेश/उत्तराखंड के हिस्सा बन गए। ​इसके बाद छत्तीसगढ़ में वॉच न्यूज से जुड़े। टीवी को छोड़ हिन्दुस्तान अखबार के बरेली एडिशन की लॉन्चिंग टीम का हिस्सा बने। साढ़े सात साल की मैराथन पारी के बाद अगला पड़ाव न्यूज नेशन डिजिटल रहा। इसके बाद एक बार फिर हिन्दुस्तान दिल्ली से जुड़े और अब डिजिटल टीम का हिस्सा हैं। और पढ़ें

बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi Newsबिज़नेस न्यूज़पेट्रोल-डीजल के महंगा होने का खतरा बढ़ा, कच्चा तेल फिर 100 डॉलर के पार