HDFC का वो इस्तीफा जिसने बढ़ाई बैंक की परेशानी, खुद CEO ने बता दिया
मुख्य बातें
- सीईओ शशिधर जगदीशन ने अंशकालिक चेयरमैन अतानु चक्रवर्ती के अचानक इस्तीफा देने की घटना पर बड़ा बयान दिया है
- बता दें कि चक्रवर्ती ने कार्यकाल पूरा होने से एक साल से भी अधिक पहले 18 मार्च 2026 को नैतिक कारणों का हवाला देते हुए इस्तीफा दे दिया था

प्राइवेट सेक्टर के दिग्गज HDFC बैंक के प्रबंध निदेशक (एमडी) और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) शशिधर जगदीशन ने अंशकालिक चेयरमैन अतानु चक्रवर्ती के अचानक इस्तीफा देने की घटना पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यह बैंक के लिए एक चुनौतीपूर्ण घटना रही, जिससे बैंक के संचालन मानकों पर सवाल उठे। बता दें कि चक्रवर्ती ने कार्यकाल पूरा होने से एक साल से भी अधिक पहले 18 मार्च 2026 को नैतिक कारणों का हवाला देते हुए इस्तीफा दे दिया था। पहली बार बैंक के किसी अंशकालिक चेयरमैन ने कार्यकाल के बीच पद छोड़ा था।
क्या कहा बैंक के सीईओ जगदीशन ने?
जगदीशन ने बैंक की शनिवार को जारी वार्षिक रिपोर्ट में कहा कि चक्रवर्ती के त्यागपत्र में किए गए जिक्र के बाद बैंक के निदेशक मंडल ने मामले की समीक्षा के लिए बाहरी कानूनी फर्मों को नियुक्त किया। उन्होंने कहा कि बैंक के अमेरिकी डिपॉजिटरी रिसीट (एडीआर) के न्यूयॉर्क शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने के कारण घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों स्तर की फर्मों को इस प्रक्रिया में शामिल किया गया।
जगदीशन के अनुसार 26 जून 2026 को साझा किए गए जांच निष्कर्षों में कहा गया कि इस्तीफे के पत्र में किए गए दावों और उनके निहितार्थों की उपलब्ध अभिलेखों और साक्षात्कारों से पुष्टि नहीं हुई। उन्होंने कहा कि बैंक कॉरपोरेट संचालन मानकों को और मजबूत करने के लिए अपनी आंतरिक प्रणालियों और नियंत्रण प्रक्रियाओं को लगातार अपडेट कर रहा है। जगदीशन ने बैंक के नए अंशकालिक चेयरमैन नियुक्त किए गए राजीव कुमार का स्वागत करते हुए कहा कि वित्तीय सेवा सचिव और बाद में वित्त सचिव के रूप में उनके अनुभव का बैंक को लाभ मिलेगा।
अतानु चक्रवर्ती को कितनी हुई कमाई
अतानु चक्रवर्ती की वित्त वर्ष 2025-26 में कुल आय 3.53 प्रतिशत बढ़कर 1.07 करोड़ रुपये रही। बैंक की वार्षिक रिपोर्ट के मुताबिक पूर्व नौकरशाह चक्रवर्ती को वित्त वर्ष 2025-26 में बैठक शुल्क और पारिश्रमिक के रूप में 1,07,25,269 रुपये मिले। यह राशि वित्त वर्ष 2024-25 में मिले 1,03,58,871 रुपये से अधिक है। बैंक के वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार, बैंक के अंशकालिक चेयरमैन और स्वतंत्र निदेशक के रूप में चक्रवर्ती को वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 50 लाख रुपये का निश्चित पारिश्रमिक मिलना था, जिसे भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने भी मंजूरी दी थी।
रिपोर्ट के मुताबिक चक्रवर्ती ने 18 मार्च, 2026 से बैंक के अंशकालिक चेयरमैन और स्वतंत्र निदेशक पद से इस्तीफा दे दिया था, लिहाजा निश्चित पारिश्रमिक का भुगतान आनुपातिक आधार पर किया गया। इसके अलावा, पद छोड़ने की तारीख तक बोर्ड और समितियों की बैठकों में शामिल होने के लिए उन्हें बैठक शुल्क तथा आधिकारिक एवं निजी उपयोग के लिए कार उपलब्ध कराई गई। बता दें कि चक्रवर्ती ने अंशकालिक चेयरमैन रहते हुए हुई सभी 17 बोर्ड बैठकों में हिस्सा लिया था।
बैंक के परफॉर्मेंस पर क्या बोले?
बैंक के परफॉर्मेंस पर टिप्पणी करते हुए जगदीशन ने कहा कि कर्ज, जमा और मुनाफा में वृद्धि के साथ बैंक की प्रगति जारी रही है जबकि एसेट की गुणवत्ता भी मजबूत बनी हुई है। उन्होंने कहा कि बैंक आगे भी रिस्क मैनेजमेंट स्ट्रक्चर को मजबूत करने और टेक्नोलॉजी, विशेषकर एआई के उपयोग पर ध्यान केंद्रित करेगा।
लेखक के बारे में
Deepak Kumarहिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।
और पढ़ें

