
अनिल अंबानी का पावर शेयर बिखरा, रिलायंस इंफ्रा के शेयरों में नहीं हुई ट्रेडिंग
अनिल अंबानी की कंपनी रिलायंस पावर के शेयर 8% से ज्यादा लुढ़ककर 35.30 रुपये पर बंद हुए हैं। वहीं, रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर के शेयरधारकों को भी सोमवार को बड़ा झटका लगा है। रिलायंस इंफ्रा के शेयरों में सोमवार को ट्रेडिंग प्रतिबंधित रही।
अनिल अंबानी के मालिकाना हक वाली पावर कंपनी रिलायंस पावर के शेयरों में सोमवार को तेज गिरावट आई है। रिलायंस पावर के शेयर सोमवार को बिखर गए हैं। पावर कंपनी के शेयर BSE में 8 पर्सेंट से ज्यादा की गिरावट के साथ 35.30 रुपये पर बंद हुए हैं। पिछले 6 महीने में रिलायंस पावर के शेयर 43 पर्सेंट से अधिक टूट गए हैं। अनिल अंबानी की कंपनी रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर के शेयरधारकों को भी सोमवार को बड़ा झटका लगा है। रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर के शेयरों में सोमवार को ट्रेडिंग प्रतिबंधित (रीस्ट्रिक्टिड) रही।
रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर के शेयरों में नहीं हुई ट्रेडिंग
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) की वेबसाइट में रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर के मेन पेज पर उपलब्ध डीटेल्स के मुताबिक, IBC के मुताबिक, IRP की वजह से ट्रेडिंग प्रतिबंधित है। यानी, सोमवार को रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर के शेयरों की ट्रेडिंग नहीं हुई है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर जीरोधा ने एक यूजर के सवाल पर बताया है कि रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर IRP स्टेज 1 (इनसॉल्वेंसी रेजॉलूशन प्रोसेस स्टेज 1) पर है और इसके शेयरों में हफ्ते में केवल एक बार ट्रेडिंग होगी। सोशल मीडिया पोस्ट के मुताबिक, 29 दिसंबर 2025 से कंपनी के शेयरों में केवल पहले ट्रेडिंग डे पर ही ट्रेडिंग हो सकेगी। BSE पर रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर के शेयरों का प्राइस 173.45 रुपये ही दिखा रहा है। कंपनी के शेयर 19 दिसंबर 2025 को इस लेवल पर थे।
6 महीने में 54% लुढ़क गए हैं रिलायंस इंफ्रा के शेयर
अनिल अंबानी की कंपनी रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर के शेयर पिछले 6 महीने में 54 पर्सेंट से अधिक टूट गए हैं। रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर के शेयर 23 जून 2025 को 377.25 रुपये पर थे। कंपनी के शेयर 19 दिसंबर 2025 को 173.45 रुपये पर बंद हुए हैं। इस साल अब तक रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर के शेयरों में 45 पर्सेंट से ज्यादा की गिरावट देखने को मिली है। वहीं, पिछले एक साल में रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर के शेयर 40 पर्सेंट टूट गए हैं। कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का हाई लेवल 425 रुपये है। वहीं, कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का लो लेवल 127.95 रुपये है।
6 महीने में 43% से ज्यादा लुढ़क गए हैं रिलायंस पावर के शेयर
रिलायंस पावर (Reliance Power) के शेयर पिछले छह महीने में 43 पर्सेंट से ज्यादा टूट गए हैं। पावर कंपनी के शेयर 23 जून 2025 को 62.60 रुपये पर थे। रिलायंस पावर के शेयर 22 दिसंबर 2025 को 35.30 रुपये पर बंद हुए हैं। इस साल अब तक रिलायंस पावर के शेयरों में 21 पर्सेंट से अधिक की गिरावट देखने को मिली है। रिलायंस पावर के शेयरों का 52 हफ्ते का हाई लेवल 76.49 रुपये है। वहीं, कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का लो लेवल 31.30 रुपये है।





