
रेखा झुनझुनवाला ने इस बैंक के और शेयर खरीदे, बैंक के शेयरों ने बना दिया नया रिकॉर्ड
दिग्गज निवेशक रेखा झुनझुनवाला ने फेडरल बैंक के 2 करोड़ से ज्यादा शेयर और खरीदे हैं। बैंक में अब उनकी हिस्सेदारी 2.42% हो गई है। फेडरल बैंक के शेयर सोमवार को 3% से ज्यादा की तेजी के साथ रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गए हैं।
दिग्गज निवेशक रेखा झुनझुनवाला ने फेडरल बैंक पर अपना दांव बढ़ाया है। झुनझुनवाला ने इस प्राइवेट बैंक के और शेयर खरीदे हैं। फेडरल बैंक के शेयरों में सोमवार को जबरदस्त तेजी आई है। बैंक के शेयर सोमवार को BSE में 3 पर्सेंट से अधिक के उछाल के साथ 235.20 रुपये पर पहुंच गए हैं। फेडरल बैंक के शेयर रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गए हैं। अमेरिकी प्राइवेट इक्विटी दिग्गज ब्लैकस्टोन भी फेडरल बैंक में 9.9 पर्सेंट हिस्सा खरीदने की तैयारी में है। ब्लैकस्टोन ने प्राइवेट बैंक में 705 मिलियन डॉलर के निवेश की घोषणा की है।

रेखा झुनझुनवाला ने और खरीदे 2 करोड़ से ज्यादा शेयर
दिग्गज निवेशक रेखा झुनझुनवाला ने चालू वित्त वर्ष की सितंबर तिमाही के दौरान फेडरल बैंक में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई है। बैंक में झुनझुनवाला की हिस्सेदारी अब बढ़कर 2.42 पर्सेंट हो गई है, जो कि चालू वित्त वर्ष की जून 2025 तिमाही के दौरान 1.48 पर्सेंट थी। रेखा झुनझुनवाला के पास अब फेडरल बैंक के 59,030,060 शेयर हो गए हैं। दिग्गज निवेशक के पास जून 2025 तिमाही में बैंक के 36,030,060 शेयर थे। झुनझुनवाला ने सितंबर तिमाही में फेडरल बैंक के 23,000,000 शेयर और खरीदे हैं।
5 साल में 365% से ज्यादा चढ़ गए फेडरल बैंक के शेयर
प्राइवेट सेक्टर के फेडरल बैंक (Federal Bank) के शेयर पिछले पांच साल में 365 पर्सेंट से अधिक उछल गए हैं। फेडरल बैंक के शेयर 30 अक्टूबर 2020 को 50.50 रुपये पर थे। बैंक के शेयर 27 अक्टूबर 2025 को 235.20 रुपये पर पहुंच गए हैं। बैंक के शेयरों ने सोमवार को 52 हफ्ते का नया हाई भी बनाया है। अगर पिछले तीन साल की बात करें तो बैंक के शेयरों में करीब 80 पर्सेंट का उछाल आया है। पिछले एक महीने में फेडरल बैंक के शेयर 23 पर्सेंट से अधिक उछल गए हैं। बैंक के शेयरों का 52 हफ्ते का लो लेवल 172.95 रुपये है।
झुनझुनवाला ने केनरा बैंक में भी बढ़ाया अपना हिस्सा
रेखा झुनझुनवाला ने केनरा बैंक में भी अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई है। दिग्गज निवेशक ने चालू वित्त वर्ष की सितंबर तिमाही में केनरा बैंक में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाकर 1.57 पर्सेंट कर ली है, जो कि जून 2025 तिमाही में 1.46 पर्सेंट थी। रेखा झुनझुनवाला के पास जून 2025 तिमाही में केनरा बैंक के 132,443,000 शेयर थे। झुनझुनवाला के पास अब केनरा बैंक के 142,443,000 शेयर हो गए हैं।





