
रेखा झुनझुनवाला ने खरीद डाले टाटा की कंपनी के 15 लाख शेयर, कल रहेगी निवेशकों की नजर!
बीएसई में दाखिल ताजा तिमाही शेयरहोल्डिंग रिपोर्ट के अनुसार, झुनझुनवाला ने वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही में कंपनी के 15 लाख अतिरिक्त शेयर खरीदे हैं, जो कंपनी की कुल हिस्सेदारी में लगभग 0.2 प्रतिशत की बढ़ोतरी को दिखाता है।
Rekha Jhunjhunwala: टाटा समूह की कंपनी टाइटन के शेयर कल सोमवार को कारोबार के दौरान फोकस में रह सकते हैं। दरअसल, शेयर बाजार की दिग्गज निवेशक रेखा झुनझुनवाला ने टाटा ग्रुप की टाइटन कंपनी लिमिटेड में अपनी हिस्सेदारी और बढ़ा दी है। बीएसई (BSE) में दाखिल ताजा तिमाही शेयरहोल्डिंग रिपोर्ट के अनुसार, झुनझुनवाला ने वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही (Q2FY26) में कंपनी के 15 लाख अतिरिक्त शेयर खरीदे हैं, जो कंपनी की कुल हिस्सेदारी में लगभग 0.2 प्रतिशत की बढ़ोतरी को दिखाता है।

5.3 प्रतिशत हो गई हिस्सेदारी
इस खरीदारी के बाद रेखा झुनझुनवाला की टाइटन में कुल हिस्सेदारी अब 5.3 प्रतिशत हो गई है। Trendlyne के आंकड़ों के मुताबिक, उनके पास अब कुल 4.7 करोड़ शेयर हैं। बता दें कि बीते शुक्रवार को टाइटन के शेयर 1.5% तक टूटकर 3,718 रुपये पर आ गए थे।
झुनझुनवाला परिवार का पुराना निवेश
रेखा झुनझुनवाला, दिवंगत दिग्गज निवेशक राकेश झुनझुनवाला की पत्नी हैं, जिन्होंने टाइटन कंपनी में शुरुआती निवेश 2002-2003 के दौरान किया था। उस समय टाइटन के शेयर की कीमतें बेहद निचले स्तर पर थीं, लेकिन वर्षों में इस निवेश ने झुनझुनवाला परिवार को बाजार के सबसे सफल निवेशकों की श्रेणी में ला खड़ा किया।
टाटा समूह की चमकती हुई कंपनी
टाइटन कंपनी टाटा समूह की प्रमुख उपभोक्ता वस्तु कंपनी है, जो ज्वेलरी (तनिष्क), वॉचेज (टाइटन, फास्ट्रैक), आईवियर (टाइटन आई+) और परफ्यूम जैसे सेगमेंट में काम करती है। कंपनी ने हाल के वर्षों में मजबूत रिटेल विस्तार, डिजिटलीकरण और उपभोक्ता मांग में बढ़ोतरी के चलते लगातार शानदार प्रदर्शन किया है।
निवेशकों की नजर अब तीसरी तिमाही पर
मार्केट एनालिस्ट का मानना है कि रेखा झुनझुनवाला का यह कदम निवेशकों के लिए एक सकारात्मक संकेत है, क्योंकि यह कंपनी के भविष्य के प्रति भरोसा दिखाता है। आने वाली तीसरी तिमाही (Q3FY26) में कंपनी के फेस्टिव सीज़न सेल्स और गोल्ड डिमांड पर बाजार की नजर रहेगी।





