30 जून तक कागज के नोट वापस लेगा रिजर्व बैंक? सरकार की ओर से आया बयान

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • बीते दिनों भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने पॉलिमर से बने नोट लाने के संकेत दिए
  • सोशल मीडिया रिपोर्ट में दावा किया जा रहा था कि आरबीआई 30 जून तक पेपर करेंसी यानी जो नोट अभी चलन में हैं
30 जून तक कागज के नोट वापस लेगा रिजर्व बैंक? सरकार की ओर से आया बयान

बीते कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर इस तरह की खबरें चल रही थीं कि केंद्रीय रिजर्व बैंक (RBI) पेपर करेंसी को वापस लेने वाली है। खबरों में ये भी दावा किया जा रहा था कि इसकी जगह प्लास्टिक के नोट लाने की योजना है। अब केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने इस पूरे प्रकरण पर सफाई दी है।

क्या है मामला?

सोशल मीडिया रिपोर्ट में दावा किया जा रहा था कि भारतीय रिजर्व बैंक 30 जून तक पेपर करेंसी यानी जो नोट अभी चलन में हैं उनको वापस लेने और उनकी जगह प्लास्टिक के नोट लाने की योजना बना रहा है। इसके बाद से ही लोगों की टेंशन बढ़ गई थी। हालांकि, केंद्रीय रिजर्व बैंक की ओर से ऐसा कोई निर्देश जारी नहीं किया गया है और देश में मौजूदा कागजी मुद्रा का चलन जारी रहेगा।

पीआईबी का फैक्ट चेक

प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) ने भी अपनी वेबसाइट और सोशल मीडिया हैंडल पर एक फैक्ट-चेक जारी किया, जिसमें स्पष्ट किया गया कि ये अफवाहें बेबुनियाद हैं। PIB ने नागरिकों से घबराहट और ऐसी अपुष्ट अफवाहों को न फैलाने का आग्रह किया। PIB ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा- कई सोशल मीडिया पोस्ट में गलत दावा किया जा रहा है कि रिजर्व बैंक 30 जून 2026 से कागजी मुद्रा नोटों को वापस ले लेगा और उनकी जगह प्लास्टिक मुद्रा नोट लाएगा। PIB ने एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आवाज की फेक वीडियो में दावा किया गया था कि 30 जून से कागजी मुद्रा नोटों पर प्रतिबंध लगा दिया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि मैसेजिंग ऐप्स पर संवेदनशील फाइनेंशियल खबरें फॉरवर्ड करने से पहले नागरिकों को सावधानी बरतनी चाहिए।

करेंसी निकालने के बारे में गलत जानकारी से अक्सर व्यापारियों और आम नागरिकों के बीच बेवजह कन्फ्यूजन और चिंता पैदा होती है। सरकार ने लोगों को सलाह दी कि वे सिर्फ आधिकारिक कम्युनिकेशन चैनलों पर ही भरोसा करें।

पॉलिमर नोटों को लेकर मिले संकेत

बीते दिनों भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने पॉलिमर से बने नोट लाने के संकेत दिए। उन्होंने कहा कि यह प्रस्ताव केंद्रीय बैंक के समक्ष विचाराधीन है और फिलहाल यह विचार अभी प्रारंभिक चरण में है। संजय मल्होत्रा ने द्विमासिक मौद्रिक नीति की घोषणा के बाद आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पॉलिमर नोट लाने के संबंध में अभी कोई निर्णय नहीं लिया गया है और आरबीआई इसकी व्यवहार्यता का आकलन कर रहा है। आरबीआई गवर्नर ने कहा कि इस संबंध में प्रकाशित खबरों में कुछ हद तक सच्चाई है लेकिन अभी इस बारे में कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है।

पॉलिमर नोट ऐसे मुद्रा नोट होते हैं जो कागज की जगह खास प्लास्टिक 'पॉलिमर' से बनाए जाते हैं। ये सामान्य नोटों से ज्यादा मजबूत एवं टिकाऊ होते हैं, पानी से खराब नहीं होते और इनमें बेहतर सुरक्षा फीचर होने से नकली नोट बना पाना मुश्किल होता है।

इससे पहले फरवरी 2014 में सरकार ने संसद को बताया था कि 10 रुपये मूल्यवर्ग के एक अरब पॉलिमर नोटों को देश के पांच शहरों में परीक्षण के तौर पर जारी किया जाएगा। इस परीक्षण के लिए कोच्चि, मैसूर, जयपुर, शिमला और भुवनेश्वर का चयन किया गया था। हालांकि तकनीकी एवं परिचालन संबंधी समस्याओं के कारण इस पहल को बाद में रोक दिया गया था।

Deepak Kumar

लेखक के बारे में

Deepak Kumar

हिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।

और पढ़ें
जानें Hindi News, Business News, Budget 2026, बजट 2026 Live, Income Tax Live Updates की लेटेस्ट खबरें, शेयर बाजार का लेखा-जोखा, Share Market के लेटेस्ट अपडेट्स Investment Tips के बारे में सबकुछ।,