रिजर्व बैंक का बड़ा एक्शन, 130 से ज्यादा NBFCs के रजिस्ट्रेशन को किया रद्द

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • रिजर्व बैंक ने 135 गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों (एनबीएफसी) के रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट रद्द कर दिए हैं
  • जिन एनबीएफसी के रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट रद्द किए गए, उनमें से ज्यादातर का रजिस्टर्ड कार्यालय का पता पश्चिम बंगाल में था
रिजर्व बैंक का बड़ा एक्शन, 130 से ज्यादा NBFCs के रजिस्ट्रेशन को किया रद्द

भारतीय रिजर्व बैंक ने 135 गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों (एनबीएफसी) के रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट रद्द कर दिए हैं। इनमें एक्सप्रेस फिनकैप हाउस, अक्षय फिस्कल सर्विसेज, टाइम्स फाइनेंस (पी), जुपिटर प्रोजेक्ट्स (पी), जुपिटर फिनवेस्ट, एसेल फाइनेंस बिजनेस लोन्स और सिटीवाइड फाइनेंशियल सर्विसेज जैसी कंपनियां शामिल हैं। रिजर्व बैंक ने बताया कि जिन एनबीएफसी के रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट रद्द किए गए, उनमें से ज्यादातर का रजिस्टर्ड कार्यालय का पता पश्चिम बंगाल में था। इसके अलावा, 13 गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों ने अपना व्यवसाय बंद करने या विलय/समापन/स्वैच्छिक रूप से नाम हटाने के कारण कानूनी इकाई न रहने की वजह से केन्द्रीय बैंक को अपने रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट सौंप दिए हैं।

लाइसेंस भी लौटाए गए

रिजर्व बैंक के बयान में कहा गया है कि जे. थॉमस फाइनेंस, इकोन-सुपर सेल्स, हितेशा फाइनेंस एंड इन्वेस्टमेंट, तिनेवेली तुतीकोरीन इन्वेस्टमेंट्स, कार्नेक्स विनिमय और इम्पैक्ट लीजिंग ने गैर-बैंकिंग वित्तीय संस्थान (एनबीएफआई) का व्यवसाय छोड़ने के कारण अपने लाइसेंस लौटा दिए। इसके साथ ही, फोररनर कैपिटल इन्वेस्टमेंट्स का लाइसेंस इसलिए सुपुर्द किया गया क्योंकि वह बिना पंजीकरण वाली कोर इन्वेस्टमेंट कंपनी (सीआईसी) के लिए तय मानदंडों को पूरा करती थी, जिसके लिए रजिस्ट्रेशन की जरूरत नहीं होती है।

आरबीआई के मुताबिक कैस्पियन इम्पैक्ट इन्वेस्टमेंट्स, हरि दर्शन सेल्स, आइवरी कंसल्टेंट्स, एसकेए कंसल्टेंसी सर्विसेज, त्रिशिता मैनेजमेंट और सुबन ट्रेड्स जैसी एनबीएफसी ने अपने लाइसेंस लौटा दिए, क्योंकि विलय/समापन/स्वैच्छिक रूप से नाम हटाने आदि के कारण वे कानूनी इकाई नहीं रहीं।

काउंटरपार्टी के लिए सर्कुलर

इस बीच, रिजर्व बैंक ने 'काउंटरपार्टी' यानी प्रतिपक्ष ऋण जोखिम (सीसीआर) से जुड़े संशोधित दिशानिर्देशों के ड्राफ्ट पर सार्वजनिक टिप्पणियां आमंत्रित की हैं। केंद्रीय बैंक ने एक सर्कुलर में कहा कि प्रस्तावित बदलावों में बैंकिंग और ट्रेडिंग के लिए रखी गई संपत्तियों से जुड़े जोखिम में सीसीआर के दायरे को स्पष्ट करना शामिल है। इसके साथ ही, कई मार्जिन समझौतों और कई ट्रांजैक्शन को जोड़-घटाकर जोखिम निकालने के नियमों पर कानूनी एवं नियामकीय विकासों के अनुरूप विस्तृत दिशा-निर्देश देने का प्रस्ताव है। आरबीआई ने सेबी से मान्यता-प्राप्त शेयर बाजारों के इक्विटी और जिंस आधारित ट्रेडिंग के सेग्मेंट में समाशोधन सदस्य के रूप में बैंकों द्वारा किए जाने वाले ट्रांजैक्शन को लेकर भी स्पष्ट करने की बात कही है। इसके अलावा, ऑप्शन प्रीमियम के भुगतान को टालने आदि का भी प्रस्ताव है।

बता दें कि आरबीआई ने वर्ष 2016 में डेरिवेटिव लेनदेन से जनरेटेड सीसीआर जोखिम की गणना और केंद्रीय प्रतिपक्षों के प्रति बैंकों की पूंजी जरूरतों पर दिशानिर्देश जारी किए थे, जिनका कार्यान्वयन बाद में स्थगित कर दिया गया था। केंद्रीय बैंक ने विनियमित संस्थाओं, बाजार प्रतिभागियों और अन्य हितधारकों से इन प्रस्तावों पर एक जुलाई, 2026 तक टिप्पणियां मांगी हैं।

Deepak Kumar

लेखक के बारे में

Deepak Kumar

हिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।

और पढ़ें
जानें Hindi News, Business News, Budget 2026, बजट 2026 Live, Income Tax Live Updates की लेटेस्ट खबरें, शेयर बाजार का लेखा-जोखा, Share Market के लेटेस्ट अपडेट्स Investment Tips के बारे में सबकुछ।,