Paytm के पेमेंट्स बैंक का लाइसेंस रद्द, RBI का बड़ा एक्शन
मुख्य बातें
- केंद्रीय रिजर्व बैंक ने पेटीएम पर बड़ी कार्रवाई की है
- रिजर्व बैंक ने पेटीएम के पेमेंट्स बैंक का बैंकिंग लाइसेंस रद्द कर दिया है
- पेटीएम के पेमेंट्स बैंक को आरबीआई ने नियमों के उल्लंघन का दोषी पाया है

केंद्रीय रिजर्व बैंक ने पेटीएम पर सख्त कार्रवाई की है। रिजर्व बैंक ने पेटीएम के पेमेंट्स बैंक का लाइसेंस रद्द कर दिया है। एक प्रेस रिलीज में केंद्रीय बैंक आरबीआई ने कहा कि पेटीएम पेमेंट्स बैंक अब बैंकिंग रेग्युलेशन एक्ट के तहत बैंकिंग का काम नहीं कर सकता। आरबीआई ने कहा कि बैंक के कामकाज और मैनेजमेंट जमाकर्ताओं या आम लोगों के हित में नहीं थे और बैंक अपने पेमेंट्स बैंक लाइसेंस की शर्तों का पालन करने में नाकाम रहा।
आरबीआई ने यह भी कहा कि वह बैंक को बंद करने के लिए हाईकोर्ट में एक आवेदन करेगा। केंद्रीय बैंक ने कहा-पेटीएम पेमेंट्स बैंक लिमिटेड के पास बैंक के बंद होने पर अपनी पूरी जमा देनदारी चुकाने के लिए पर्याप्त नकदी उपलब्ध है।
क्या कहा रिजर्व बैंक ने?
केंद्रीय रिजर्व बैंक के अनुसार, पेटीएम पेमेंट्स बैंक का संचालन जिस प्रकार से हो रहा था वह बैंक और जमाकर्ता दोनों के लिए नुकसानदेह था और प्रबंधन का आम चरित्र जमाकर्ताओं और आम लोगों के प्रति पूर्वाग्रह से ग्रस्त था। इसलिए उसे बैंकिंग जारी रखने देना किसी भी प्रकार से जनहित में नहीं था। इन्हीं कारणों को देखते हुए पहले बैंक पर प्रतिबंध लगाए गए थे और अब उसका बैंकिंग लाइसेंस रद्द किया गया है।
इससे पहले, आरबीआई ने साल 2024 में भी पेटीएम पेमेंट्स बैंक पर कार्रवाई की थी। आरबीआई ने 11 मार्च 2022 से ही नए ग्राहक जोड़ने पर रोक लगा दी गई थी और बाद में ग्राहक खातों और वॉलेट में जमा, क्रेडिट और टॉप-अप पर भी पाबंदियां लगा दी गईं। इसके साथ ही भारतीय रिजर्व बैंक ने बैंक को नए जमा स्वीकार करना बंद करने का आदेश दिया था। तब RBI ने कहा था कि यह आदेश नियमों का पालन न करने के कारण दिया गया है, जिसमें ग्राहक की पूरी जांच-पड़ताल, फंड का इस्तेमाल और टेक्नीकल स्ट्रक्चर से जुड़े नियम शामिल हैं।
सोमवार को शेयर पर रहेगी नजर
आरबीआई का फैसला मार्केट बंद होने के बाद आया है। ऐसे में अब सोमवार को निवेशकों की नजर पेटीएम के शेयर पर रहेगी। बता दें कि वर्तमान में पेटीएम के शेयर की कीमत बीएसई पर 1147.10 रुपये है। शुक्रवार को शेयर 1.10% टूटकर बंद हुआ। पेटीएम का आईपीओ साल 2021 में आया था। इस आईपीओ ने निवेशकों को बड़ा नुकसान कराया। पेटीएम के शेयर की कीमत आज तक आईपीओ इश्यू प्राइस के करीब नहीं पहुंच सकी है। कहने का मतलब है कि जिन निवेशकों को पेटीएम के आईपीओ अलॉट हुए होंगे, उन्हें नुकसान हुआ। इश्यू प्राइस 2150 रुपये तय किया गया था।
लेखक के बारे में
Deepak Kumarहिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।
और पढ़ें

