रेलवे की कंपनी को मिला एक और काम, मल्टीबैगर रिटर्न दे चुके शेयर की बढ़ी चमक
सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन शेयर 5.73% बढ़कर 342.45 रुपये के स्तर तक जा पहुंचा। शेयर में यह तेजी कंपनी को मिले एक प्रोजेक्ट की वजह से आई है। दरअसल, रेल विकास निगम लिमिटेड को एक प्रोजेक्ट उत्तरी रेलवे ने दिया है।

बीते कुछ साल में रेलवे से जुड़ी कंपनी-रेल विकास निगम लिमिटेड के शेयर ने निवेशकों का चौंकाने वाला रिटर्न दिया है। हालांकि, कुछ महीनों से यह शेयर बिकवाली मोड में भी नजर आया है लेकिन अब बुधवार को एक पॉजिटिव खबर ने फिर बूस्ट दे दिया। सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन शेयर 5.73% बढ़कर 342.45 रुपये के स्तर तक जा पहुंचा। शेयर में यह तेजी कंपनी को मिले एक प्रोजेक्ट की वजह से आई है।
क्या है प्रोजेक्ट डिटेल
दरअसल, कंपनी को एक प्रोजेक्ट उत्तरी रेलवे ने दिया है। इसके तहत उत्तर प्रदेश के वाराणसी में गंगा नदी पर एक नए रेल-सह-सड़क पुल के डिजाइन और निर्माण का काम करना है। इस प्रोजेक्ट के लिए आरवीएनएल-जीपीटी ज्वाइंट वेंचर के साथ सबसे कम बोलीदाता (एल1) के रूप में उभरा है। इस परियोजना में काशी रेलवे स्टेशन के पास मौजूदा मालवीय पुल से लगभग 50 मीटर नीचे की ओर स्थित नए रेल-सह-सड़क पुल संख्या 11 का निर्माण शामिल है। कार्यक्षेत्र में पुल के आधार और ऊपरी ढांचे दोनों का डिजाइन और निर्माण शामिल है। इसमें ओपन वेब स्टील गर्डरों का उपयोग करके 108.5 मीटर के आठ स्पैन और 103.3 मीटर के दो स्पैन शामिल हैं। पुल के निचले डेक पर चार रेलवे ट्रैक और ऊपरी डेक पर छह लेन की सड़क के साथ-साथ रेलवे और सड़क पहुंच मार्ग भी होंगे। इस परियोजना में उत्तरी रेलवे के लखनऊ डिवीजन में संबंधित ओवरहेड उपकरण (ओएचई) कार्य और सामान्य विद्युत कार्य भी शामिल हैं। इस प्रोजेक्ट की कुल लागत ₹1201.36 करोड़ है। इस ज्वाइंट वेंचर के तहत रेल विकास निगम लिमिटेड की 60% हिस्सेदारी है, जबकि जीपीटी इंफ्रा प्रोजेक्ट्स लिमिटेड की शेष 40% हिस्सेदारी है।
दक्षिण मध्य रेलवे से भी प्रोजेक्ट
हाल ही में रेल विकास निगम ने दक्षिण मध्य रेलवे की एक परियोजना के लिए सबसे कम बोली लगाने वाला बनकर उभरा है। इस परियोजना में मौजूदा 1×25kV ओएचई सिस्टम को 2×25kV सिस्टम में अपग्रेड करने के लिए डिजाइन, आपूर्ति, स्थापना, परीक्षण और कमीशनिंग शामिल है। इसमें फीडर और अर्थिंग कार्य भी शामिल हैं। इस परियोजना की लागत 242.49 करोड़ रुपये है और इसे 24 महीने की अवधि में पूरा किया जाना है।
5 तारीख को अहम बैठक
आगामी 5 तारीख को रेल विकास निगम की एक अहम बैठक होगी। इस निदेशक मंडल की बैठक गुरुवार, 5 फरवरी, 2026 को आयोजित होने वाली है, जिसमें 31 दिसंबर, 2025 को समाप्त तिमाही और नौ महीने की अवधि के लिए कंपनी के अनऑडिटेड वित्तीय परिणामों (स्टैंडअलोन और कंसोलिडेटेड) पर विचार किया जाएगा।
लेखक के बारे में
Deepak Kumarहिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।
और पढ़ें


