रेलवे के इस शेयर में तूफानी तेजी, बाजार खुलते ही रॉकेट बना भाव, ऑर्डर मिलने का है असर
शेयरों में इस तेजी के पीछे एक बड़ा ऑर्डर है। दरअसल, कंपनी को पश्चिम मध्य रेलवे से बड़ा ऑर्डर मिला है। रेलटेल को रेलवे से ₹454.95 करोड़ का स्वीकृति पत्र (LoA) मिला है, जिसके तहत यह प्रोजेक्ट 24 सितंबर 2028 तक पूरा किया जाएगा।

RailTel Corporation of India Share: रेलटेल कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया के शेयरों में आज मंगलवार, 10 फरवरी को जबरदस्त तेजी देखने को मिली। कंपनी के शेयर आज शुरुआती कारोबार में ही 7 पर्सेंट तक चढ़कर 353.10 रुपये पर आ गए थे। शेयरों में इस तेजी के पीछे एक बड़ा ऑर्डर है। दरअसल, कंपनी को पश्चिम मध्य रेलवे से बड़ा ऑर्डर मिला है। रेलटेल को रेलवे से ₹454.95 करोड़ का स्वीकृति पत्र (LoA) मिला है, जिसके तहत यह प्रोजेक्ट 24 सितंबर 2028 तक पूरा किया जाएगा। इस खबर के आते ही निवेशकों का भरोसा बढ़ा।
क्या है डिटेल
इससे पहले भी जनवरी महीने में रेलटेल को एक और अहम ऑर्डर मिला था। कंपनी ने असम स्वास्थ्य अवसंरचना विकास एवं प्रबंधन सोसायटी (AHIDMS) से अस्पताल प्रबंधन सूचना प्रणाली (HMIS) के लिए LoA हासिल किया था। इस प्रोजेक्ट के तहत अस्पतालों के लिए डिजिटल मैनेजमेंट सिस्टम तैयार किया जाएगा, जिसकी अनुमानित कीमत ₹56.71 करोड़ बताई गई थी। लगातार मिल रहे सरकारी प्रोजेक्ट्स से साफ है कि RailTel की ऑर्डर बुक मजबूत हो रही है और कंपनी डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में अपनी पकड़ और मजबूत कर रही है।
कंपनी का वित्तीय स्थिति
अगर कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन की बात करें, तो दिसंबर तिमाही में रेलटेल का मुनाफा थोड़ा दबाव में रहा। कंपनी का नेट प्रॉफिट साल-दर-साल 4 फीसदी घटकर ₹62.40 करोड़ रह गया, जो पिछले साल इसी तिमाही में ₹65.05 करोड़ था। हालांकि, अच्छी बात यह रही कि कंपनी की ऑपरेशनल इनकम 19 फीसदी बढ़कर ₹913.45 करोड़ पहुंच गई, जो एक साल पहले ₹767.62 करोड़ थी। यानी मुनाफे में हल्की गिरावट के बावजूद बिजनेस ग्रोथ बरकरार है।
शेयरों के हाल
शेयर की चाल पर नजर डालें तो पिछले ट्रेडिंग सेशन में रेलटेल का शेयर ₹332.30 पर बंद हुआ था, जिसमें 2.51 फीसदी की तेजी दर्ज की गई थी। स्टॉक ने 10 जून 2025 को ₹478.80 का 52-हफ्ते का उच्चतम स्तर छुआ था, जबकि 3 मार्च 2025 को इसका निचला स्तर ₹265.30 रहा। फिलहाल शेयर अपने हाई से करीब 30.6 फीसदी नीचे, लेकिन लो लेवल से 25.25 फीसदी ऊपर ट्रेड कर रहा है। कंपनी का कुल मार्केट कैप ₹10,664.78 करोड़ के आसपास है।
लेखक के बारे में
Varsha Pathakवर्षा पाठक लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं और पिछले 4 सालों से इस संस्थान से जुड़ी हुई हैं। मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें लगभग 8 साल का अनुभव है। उन्होंने जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया है। बिहार की रहने वाली वर्षा वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान के बिजनेस सेक्शन के लिए खबरें लिखती हैं। उन्हें स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस, यूटिलिटी, टैक्स, बजट, एक्सप्लेनर, इंटरव्यूज और कॉरपोरेट सेक्टर से जुड़ी खबरों की समझ है। जटिल आर्थिक विषयों को सरल, तथ्यात्मक और पाठकों के लिए उपयोगी भाषा में प्रस्तुत करना उनकी लेखन शैली की विशेषता है। हिन्दुस्तान से पहले वर्षा दैनिक भास्कर (प्रिंट), मनी भास्कर और नेटवर्क18 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम कर चुकी हैं। उन्हें फील्ड रिपोर्टिंग का अनुभव भी है। डिजिटल पत्रकारिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए वर्षा को मनी भास्कर में सबसे अधिक UVs-PVs का पुरस्कार मिल चुका है। इसके अलावा, लाइव हिन्दुस्तान में भी वर्षा का टॉप परफॉर्मेंस रहा है और इसके लिए पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।
और पढ़ें

