दमानी की कंपनी लगातार खोल रही स्टोर, रफ्तार देख फिदा हुए निवेशक, 8% उछला शेयर
दमानी की कंपनी ने मार्च के आखिरी दिनों में कंपनी ने कई नए स्टोर खोले, जिनमें 29, 30 और 31 मार्च को खोले गए स्टोर भी शामिल हैं। इसके साथ ही, DMart के स्टोर की संख्या 500 हो गई है। इस अपडेट के बाद निवेशकों ने शेयर पर खूब दांव लगाया और शेयर प्राइस 8 पर्सेंट उछल गया।

Avenue supermarts share price: नए फाइनेंशियल ईयर के पहले दिन यानी एक अप्रैल को शेयर बाजार में तूफानी तेजी देखने को मिली। इस दौरान रिटेल स्टोर DMart को चलाने वाली कंपनी एवेन्यू सुपरमार्ट्स लिमिटेड के शेयर में भी 8% से ज्यादा का उछाल आ गया। शेयर में तेजी DMart को मिली एक अहम सफलता की वजह से आई है। बता दें कि इस कंपनी के प्रमोटर दिग्गज निवेशक राधाकिशन दमानी हैं।
क्या है DMart को लेकर अपडेट
DMart को नए स्टोर खोलने की रफ्तार में तेजी आई। मार्च के आखिरी दिनों में कंपनी ने कई नए स्टोर खोले, जिनमें 29, 30 और 31 मार्च को खोले गए स्टोर भी शामिल हैं। इसके साथ ही, DMart के स्टोर की संख्या 500 हो गई है। इस तरह, सिर्फ चौथी तिमाही में कंपनी ने 58 नए स्टोर खोले हैं। सालाना आधार पर भी, नए स्टोर खोलने की रफ्तार बढ़ी है। वित्त वर्ष 2026 में 85 नए स्टोर खोले गए जबकि वित्त वर्ष 2025 में 50, वित्त वर्ष 2024 में 41 और वित्त वर्ष 2023 में 40 स्टोर खोले गए थे।
शेयर का परफॉर्मेंस
DMart की पैरेंट कंपनी एवेन्यू सुपरमार्ट्स लिमिटेड शेयर की बात करें तो एक दिन पहले की क्लोजिंग 3961.25 रुपये के मुकाबले बुधवार को 4293 रुपये तक जा पहुंचा। इस तरह, शेयर में 8 पर्सेंट से ज्यादा की तेजी आई। सितंबर 2025 में शेयर 4,916.30 रुपये तक गया। यह शेयर के 52 हफ्ते का हाई है। वहीं, इस शेयर के 52 हफ्ते का लो 3528.65 रुपये है।
ब्रोकरेज का अनुमान
ब्रोकरेज फर्म CLSA ने इस शेयर पर अपनी ‘हाई कनविक्शन आउटपरफॉर्म’ रेटिंग बरकरार रखी है और इसका प्राइस टारगेट ₹6185 तय किया है। ब्रोकरेज फर्म ने कहा कि DMart ने इस साल 60 नए स्टोर खोलने के अपने पहले के अनुमान को पहले ही पार कर लिया है। इससे पता चलता है कि कंपनी का विस्तार, उम्मीद से कहीं ज्यादा तेजी से हो रहा है। इस सकारात्मक आउटलुक(नजरिए) के बावजूद, विश्लेषकों की राय मिली-जुली बनी हुई है। इस शेयर पर नजर रखने वाले 29 विश्लेषकों में से 10 ने इसे ‘खरीदने’ (Buy) की रेटिंग दी है तो 11 ब्रोकरेज ने इसे ‘होल्ड’ (Hold) करने की सलाह दी है। वहीं, आठ ब्रोकरेज ने इस शेयर को ‘बेचने’ (Sell) की सलाह दी है।
दमानी की हिस्सेदारी
राधाकिशन दमानी की हिस्सेदारी की बात करें तो इस कंपनी में 14,98,48,238 शेयर या 23.03 फीसदी है। वहीं, गोपीकिशन दमानी के पास 5.60 फीसदी यानी 3,64,69,012 शेयर हिस्सेदारी है। पब्लिक शेयरहोल्डर में एसबीआई म्यूचुअल फंड और ICICI Prudential म्यूचुअल फंड शामिल हैं।
लेखक के बारे में
Deepak Kumarहिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।
और पढ़ें

