₹3000 करोड़ के शेयर बेचने वाला है दिग्गज बैंक, ₹25 पर ट्रेडिंग कर रहे निवेशक

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • पंजाब एंड सिंध बैंक ने शेयर बिक्री के जरिए 3,000 करोड़ रुपये तक जुटाने का लक्ष्य रखा है
  • बैंक के शेयर की वर्तमान कीमत 25 रुपये के स्तर पर है
  • मंगलवार को शेयर एक दिन पहले के मुकाबले 2 पर्सेंट से ज्यादा टूटकर बंद हुआ था
₹3000 करोड़ के शेयर बेचने वाला है दिग्गज बैंक, ₹25 पर ट्रेडिंग कर रहे निवेशक

सार्वजनिक क्षेत्र के पंजाब एंड सिंध बैंक ने शेयर बिक्री के जरिए 3,000 करोड़ रुपये तक जुटाने का लक्ष्य रखा है। बैंक ने यह फैसला बाजार नियामक सेबी के मिनिमम पब्लिक शेयरहोल्डिंग (एमपीएस) मानदंडों को पूरा करने के लिए लिया है। सेबी के नियमों के अनुसार सूचीबद्ध संस्थाओं में कम से कम 25 प्रतिशत पब्लिक शेयरहोल्डिंग होना अनिवार्य है। इस समय पंजाब एंड सिंध बैंक में भारत सरकार की 93.85 प्रतिशत हिस्सेदारी है।

बता दें कि बैंक के शेयर की वर्तमान कीमत 25 रुपये के स्तर पर है। मंगलवार को शेयर एक दिन पहले के मुकाबले 2 पर्सेंट से ज्यादा टूटकर बंद हुआ था। बैंक के शेयर की बात करें तो 34.45 रुपये इसके 52 हफ्ते का हाई है। वहीं, 52 हफ्ते का लो 20.50 रुपये है। 30 मार्च को शेयर अपने 52 हफ्ते के लो पर आ गया था।

क्या कहा बैंक के सीईओ ने?

पंजाब एंड सिंध बैंक के प्रबंध निदेशक और सीईओ स्वरूप कुमार साहा ने बताया- हमें योग्य संस्थागत नियोजन (क्यूआईपी) या अन्य माध्यमों से 3,000 करोड़ रुपये तक जुटाने के लिए बोर्ड की मंजूरी मिल गई है। हम मर्चेंट बैंकरों के साथ चर्चा कर रहे हैं। प्रस्तावित हिस्सेदारी कम करने और निवेशकों के साथ जुड़ने के लिए हम जल्द ही बैठकें शुरू करेंगे। उन्होंने कहा कि इसका समय और सटीक मात्रा बाजार की स्थितियों पर निर्भर करेगी, जो वर्तमान में बहुत अनुकूल नहीं हैं।

बैंक के तिमाही नतीजे

हाल ही में पंजाब एंड सिंध बैंक ने बताया कि वित्तवर्ष 2025-26 की जनवरी-मार्च तिमाही में उसका मुनाफा 35 प्रतिशत बढ़कर 422 करोड़ रुपये हो गया। इसमें खराब कर्ज (एनपीए) में आई कमी का योगदान रहा। बैंक ने पिछले साल की इसी अवधि में 313 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था।

बैंक ने शेयर बाजार को बताया कि कुल आय पिछले साल के 3,836 करोड़ रुपये से घटकर 3,457 करोड़ रुपये रह गई। ब्याज से होने वाली आय भी 3,159 करोड़ रुपये से घटकर 3,030 करोड़ रुपये रह गई। एसेट क्वालिटी के मोर्चे पर, बैंक की ग्रॉस एनपीए मार्च 2025 के अंत के 3.38 प्रतिशत की तुलना में घटकर ग्रॉस एडवांस का 2.4 प्रतिशत रह गया। इसी तरह, नेट एनपीए पहले के 0.96 प्रतिशत से घटकर 0.79 प्रतिशत रह गया। बैंक का पूंजी पर्याप्तता अनुपात वित्तवर्ष 2024-25 के अंत के 17.41 प्रतिशत से थोड़ा बेहतर होकर 17.42 प्रतिशत हो गया।

पंजाब एंड सिंध बैंक बैंक के निदेशक मंडल ने वर्ष 2025-26 के लिए 10 रुपये के अंकित मूल्य वाले प्रत्येक इक्विटी शेयर पर 39 पैसे के डिविडेंड की सिफारिश की है, जो शेयरधारकों की मंजूरी के अधीन है।

Deepak Kumar

लेखक के बारे में

Deepak Kumar

हिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।

और पढ़ें
बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।