₹7114 करोड़ का मुनाफा फिर भी एक्सिस बैंक के शेयर धड़ाम; खरीदें, बेंचे या करें होल्ड?
मुख्य बातें
- बैंक ने शनिवार को अप्रैल-जून तिमाही के लिए 23 प्रतिशत की सालाना वृद्धि के साथ 7,114 करोड़ रुपये का स्टैंडअलोन नेट प्रॉफिट दर्ज किया
- आज एक्सिस बैंक के शेयर सुबह के कारोबार में 5 प्रतिशत गिरकर 1,262.10 रुपये पर आ गए

एक्सिस बैंक लिमिटेड के शेयर सोमवार को शुरुआती कारोबार में 5 प्रतिशत से अधिक लुढ़क गए। यह निफ्टी 50 में सबसे अधिक गिरावट वाले शेयरों में शामिल हो गया। यह गिरावट उस समय आई जब प्राइवेट सेक्टर के इस बैंक ने सप्ताहांत में पहली तिमाही का मुनाफा उम्मीद से बेहतर घोषित किया था। हालांकि, ब्रोकरेज फर्मों ने बैंक के मजबूत प्रदर्शन को स्वीकार किया, लेकिन उन्होंने छोटी अवधि के लिए जारी मार्जिन दबाव और कॉरपोरेट लोन के हाई रेशियो को चिंता का विषय बताया।
5 प्रतिशत से अधिक लुढ़का शेयर
एक्सिस बैंक के शेयर सुबह के कारोबार में 5 प्रतिशत गिरकर 1,262.10 रुपये पर आ गए। शुक्रवार को नतीजों से पहले शेयर में 1.6 प्रतिशत की बढ़त देखी गई थी, लेकिन अब यह साल 2026 में अब तक करीब 1 प्रतिशत नीचे है। बैंक का मार्केट कैप 3.93 लाख करोड़ रुपये से कुछ कम रह गया।
तिमाही नतीजे कैसे रहे
बैंक ने शनिवार को अप्रैल-जून तिमाही के लिए 23 प्रतिशत की सालाना वृद्धि के साथ 7,114 करोड़ रुपये का स्टैंडअलोन नेट प्रॉफिट दर्ज किया, जबकि शुद्ध ब्याज आय (NII) 8 प्रतिशत बढ़कर 14,646 करोड़ रुपये रही। GNPA सुधरकर 1.28 प्रतिशत पर आ गईं, जो एक साल पहले 1.57 प्रतिशत थीं, और नेट एनपीए घटकर 0.39 प्रतिशत रह गई।
एक्सिस बैंक पर मोतीलाल ओसवाल की राय
मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज ने एक्सिस बैंक पर 'न्यूट्रल' रुख बनाए रखा है और 1,500 रुपये का टार्गेट प्राइस दिया है। उसका कहना है कि बैंक का तिमाही प्रदर्शन कमजोर रहा, जिसमें NIM में तिमाही-दर-तिमाही 16 आधार अंकों की गिरावट आकर 3.46 प्रतिशत पर आ गया। प्रॉफिट अनुमान से अधिक रहा।
बैंक ने उद्योग से 300 आधार अंक तेज ऋण वृद्धि के अपने मध्यम अवधि के लक्ष्य को दोहराया। मोतीलाल ने वर्ष 2027 और 2028 की आय अनुमानों में करीब 2 प्रतिशत की कटौती की है और 2028 के लिए संपत्ति पर RoA 1.6 प्रतिशत तथा RoE 15.3 प्रतिशत होने का अनुमान लगाया है।
360 वन कैपिटल ने दी खरीदने की सलाह
360 वन कैपिटल ने एक्सिस बैंक पर 'Buy' रेटिंग बरकरार रखी है, लेकिन कमजोर परिचालन प्रदर्शन, एनआईएम में तेज गिरावट के कारण टार्गेट प्राइस घटाकर 1,580 रुपये (पहले 1,630 रुपये था) कर दिया है। 360 वन ने कम एनआईएम और अन्य आय के आधार पर 2027-28 की आय अनुमानों में क्रमशः 9 प्रतिशत और 6 प्रतिशत की कटौती की है।
एसबीआई सिक्योरिटीज की सलाह
एसबीआई सिक्योरिटीज के अनुसार, बैंक का तिमाही प्रदर्शन अनुमान के अनुरूप रहा। वर्तमान बाजार मूल्य 1,329 रुपये पर शेयर 2027 और 2028 के अनुमानित अनुपात (पी/बी) 1.6 गुना और 1.4 गुना पर कारोबार कर रहा है। फर्म ने बैंक का उचित मूल्य 1,350-1,400 रुपये के दायरे में आंका है।
(डिस्क्लेमर: एक्सपर्ट्स की सिफारिशें, सुझाव, विचार और राय उनके अपने हैं, लाइव हिन्दुस्तान के नहीं। शेयर मार्केट में निवेश जोखिमों के अधीन है और निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)
लेखक के बारे में
Drigraj Madheshiaदृगराज मद्धेशिया पिछले 21 वर्षों से पत्रकारिता जगत का एक विश्वसनीय चेहरा हैं। वर्तमान में 'लाइव हिन्दुस्तान' की बिजनेस टीम के एक महत्वपूर्ण सदस्य के रूप में, वे शेयर बाजार, कमोडिटी, पर्सनल फाइनेंस और यूटिलिटी सेक्टर पर अपनी गहरी पकड़ रखते हैं। वह कलम से बाजार की नब्ज टटोलने वाले एक पत्रकार हैं, जो शेयर बाजार से लेकर आपकी जेब (Personal Finance) तक, हर खबर को आसान बनाते हैं। टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया के अपने विस्तृत अनुभव के साथ, दृगराज जटिल मार्केट डेटा को आम पाठकों के लिए 'कुछ अलग' और आसान भाषा में पेश करने के लिए पहचाने जाते हैं। उन्होंने अपने करियर में हिन्दुस्तान, सहारा समय, दैनिक जागरण और न्यूज नेशन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। मूलत: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रहने वाले दृगराज मैथ्स बैकग्राउंड होने के कारण डेटा और कैलकुलेशन में माहिर हैं, जो बिजनेस पत्रकारिता के लिए एक बड़ा प्लस पॉइंट है। उन्होंने कॅरियर की शुरुआत गोरखपुर से सहारा समय साप्ताहिक से बतौर फ्रीलांसर की और बहुत ही जल्द सहारा समय उत्तर प्रदेश/उत्तराखंड के हिस्सा बन गए। इसके बाद छत्तीसगढ़ में वॉच न्यूज से जुड़े। टीवी को छोड़ हिन्दुस्तान अखबार के बरेली एडिशन की लॉन्चिंग टीम का हिस्सा बने। साढ़े सात साल की मैराथन पारी के बाद अगला पड़ाव न्यूज नेशन डिजिटल रहा। इसके बाद एक बार फिर हिन्दुस्तान दिल्ली से जुड़े और अब डिजिटल टीम का हिस्सा हैं। और पढ़ें


