गुरुग्राम में DLF के एक अपार्टमेंट की कीमत 11.5 करोड़ और कंपनी ने सभी बेच दिए
मुख्य बातें
- यह प्रोजेक्ट गुरुग्राम के सेक्टर-63 में 4.17 एकड़ में विकसित किया जा रहा है
- प्रत्येक अपार्टमेंट की औसत कीमत करीब 11.5 करोड़ रुपये रही, जबकि सेल रेट लगभग 28,000 रुपये प्रति वर्ग फुट रही
- प्रोजेक्ट में 172 लग्जरी रेजिडेंस हैं, जिनका कुल कारपेट एरिया 4 लाख वर्ग फुट से अधिक है

रियल एस्टेट कंपनी DLF ने गुरुग्राम में अपने लग्जरी सीनियर लिविंग प्रोजेक्ट ‘द ऑरेवा’ के सभी 172 घर बेच दिए हैं। कंपनी के मुताबिक इन घरों की कुल बिक्री करीब 1,985 करोड़ रुपये रही। यह प्रोजेक्ट गुरुग्राम के सेक्टर-63 में 4.17 एकड़ में विकसित किया जा रहा है।
डीएलएफ के शेयरों में तेजी: इस अपडेट के बाद आज डीएलएफ के शेयरों में तेजी देखी जा रही है। सुबह 9:30 बजे के करीब ये 1.45 प्रतिशत ऊपर 667.95 रुपये पर ट्रेड कर रहे थे। आज यह रियल एस्टेट स्टॉक 664.90 रुपये पर खुला और 672 रुपये तक पहुंचा। इसका 52 हफ्ते का हाई 786.50 रुपये और लो 489.40 रुपये है। इस साल अबतक यह शेयर 3.47 प्रतिश्त टूट चुका है। जबकि, पिछले एक साल में इसमें 9 प्रतिशत से अधिक की गिरावट रही।
1 वर्ग फुट की कीमत 28,000 रुपये
DLF के अनुसार, प्रत्येक अपार्टमेंट की औसत कीमत करीब 11.5 करोड़ रुपये रही, जबकि बिक्री दर लगभग 28,000 रुपये प्रति वर्ग फुट रही। प्रोजेक्ट में 172 लग्जरी रेजिडेंस हैं, जिनका कुल कारपेट एरिया 4 लाख वर्ग फुट से अधिक और कुल सेलएबल एरिया 7.5 लाख वर्ग फुट से ज्यादा है।
सीनियर लिविंग में लग्जरी के साथ हेल्थकेयर
‘द ऑरेवा’ को खास तौर पर सीनियर सिटिजन के लिए डिजाइन किया गया है। प्रोजेक्ट में लग्जरी सुविधाओं के साथ वेलनेस, सुविधा, कम्युनिटी लिविंग और हेल्थकेयर सुविधाओं पर जोर दिया गया है। यहां एक प्रोफेशनली मैनेज्ड ऑन-साइट मेडिकल सेंटर और इमरजेंसी रिस्पॉन्स सपोर्ट भी उपलब्ध होगा।
डीएलएफ होम डेवलपर्स के मैनेजिंग डायरेक्टर और चीफ बिजनेस ऑफिसर आकाश ओहरी ने कहा कि यह प्रोजेक्ट भारत में लग्जरी रिटायरमेंट हाउसिंग की विजन को नए तरीके से परिभाषित करने की कंपनी की कोशिश है।
DLF की बिक्री का हाल
DLF की वित्त वर्ष 2025-26 में बिक्री बुकिंग 5 प्रतिशत घटकर 20,143 करोड़ रुपये रही थी, जबकि इससे पिछले वित्त वर्ष में यह 21,223 करोड़ रुपये थी। कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए करीब 20,000 करोड़ रुपये की बिक्री बुकिंग का लक्ष्य रखा है। हालांकि, चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में सेल बुकिंग सालाना आधार पर 94 प्रतिशत घटकर 657 करोड़ रुपये रह गई थी।
क्यों खास है यह मुकाम: गुरुग्राम के लग्जरी रियल एस्टेट बाजार में 172 सीनियर लिविंग यूनिट्स का करीब ₹1,985 करोड़ में पूरा बिक जाना प्रीमियम रिटायरमेंट हाउसिंग की बढ़ती मांग का संकेत माना जा सकता है।
(डिस्क्लेमर: एक्सपर्ट्स की सिफारिशें, सुझाव, विचार और राय उनके अपने हैं, लाइव हिन्दुस्तान के नहीं। शेयर मार्केट में निवेश जोखिमों के अधीन है और निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)


