
पॉलिसी बाजार की पैरेंट कंपनी के मुनाफे में 165% की उछाल, शेयर खरीदने को टूट पड़े निवेशक
PB Fintech Share Price: पॉलिसी बाजार और पैसा बाजार की पैरेंट कंपनी PB फिनटेक के शेयर गुरुवार को NSE पर 5% चढ़कर 1,805 रुपये प्रति शेयर के दिन के उच्चस्तर पर पहुंच गए। इन शेयरों में उछाल की वजह कंपनी के तिमाही नतीजे रहे।
पॉलिसी बाजार और पैसा बाजार की पैरेंट कंपनी PB फिनटेक के शेयर गुरुवार को NSE पर 5% चढ़कर 1,805 रुपये प्रति शेयर के दिन के उच्चस्तर पर पहुंच गए। इन शेयरों में उछाल की वजह कंपनी के तिमाही नतीजे रहे। कंपनी ने सितंबर 2024 की तिमाही (Q2 FY26) के लिए शानदार नतीजे पेश किए। बता दें साल 2025 में अब तक कंपनी के शेयर लगभग 19% गिर चुके हैं, हालांकि पिछले एक साल में ये लगभग 1% के मामूली मुनाफे में हैं।

कंपनी का कुल नेट प्रॉफिट पिछले साल की इसी तिमाही के मुकाबले 165% बढ़कर 135 करोड़ रुपये हो गया। वहीं, परिचालन आय 38% बढ़कर 1,614 करोड़ रुपये हो गई। बीमा कारोबार रहा मुख्य वजह बीमा कारोबार में मजबूत वृद्धि और परिचालन क्षमता में सुधार इस सफलता की प्रमुख वजहें रहीं।
बीमा कारोबार का शानदार प्रदर्शन
कुल बीमा प्रीमियम 40% बढ़कर 7,605 करोड़ रुपये हो गया। सालाना के हिसाब से यह 30,420 करोड़ रुपये का प्रीमियम बनता है, जो कंपनी के बढ़ते पैमाने को दिखाता है। हेल्थ इंश्योरेंस प्रीमियम में 60% की उल्लेखनीय वृद्धि हुई। नवीनीकरण आय 39% बढ़कर सालाना 774 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गई। यह लॉन्ग टर्म प्रॉफिटेबिलिटी का एक अहम संकेतक है।
क्रेडिट कारोबार में स्थिरता के संकेत
Paisabazaar (क्रेडिट मार्केटप्लेस) के रेवेन्यू में 22% की गिरावट दर्ज की गई, मुख्यतः बिना-गारंटी के लोन की मांग कमजोर रहने के कारण। हालांकि, पिछली तिमाही की तुलना में 4% की मामूली बढ़त से संकेत मिलता है कि यह कारोबार अब स्थिर होने के कगार पर है।
नए उपक्रम और विदेशी विस्तार
PB Partners (बीमा एजेंट प्लेटफॉर्म) जैसे नए उपक्रमों का रेवेन्यू 61% बढ़ा और उनकी हानि कम हुई। यूएई इकाई ने भी मजबूत प्रदर्शन जारी रखा है और लगातार तीसरी तिमाही से लाभ में है।
प्रॉफिटेबिलिटी में सुधार
कंपनी की कार्यक्षमता बेहतर होने से लाभ का स्तर ऊंचा उठा है। कुल बीमा प्रीमियम का 1.77% अब नेट प्रॉफिट के रूप में कमाया जा रहा है, जो पहले से बेहतर है।
(डिस्क्लेमर: एक्सपर्ट्स की सिफारिशें, सुझाव, विचार और राय उनके अपने हैं, लाइव हिन्दुस्तान के नहीं। यहां सिर्फ शेयर के परफॉर्मेंस की जानकारी दी गई है, यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर मार्केट में निवेश जोखिमों के अधीन है और निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)





