13% बढ़ा सरकारी बैंक का मुनाफा, शेयर में गिरावट, अब एक्सपर्ट दे रहे ₹136 का टारगेट
पीएनबी ने सोमवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि समीक्षाधीन तिमाही में कुल आय सालाना आधार पर बढ़कर 37,253 करोड़ रुपये हो गई है, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 34,752 करोड़ रुपये थी।

PNB Q3: सार्वजनिक क्षेत्र के पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) का चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 13 प्रतिशत बढ़कर 5,100 करोड़ रुपये रहा। कंपनी का पिछले वित्त वर्ष 2024-25 की तीसरी (अक्टूबर-दिसंबर) तिमाही में शुद्ध लाभ 4,508 करोड़ रुपये रहा था। पीएनबी ने सोमवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि समीक्षाधीन तिमाही में कुल आय सालाना आधार पर बढ़कर 37,253 करोड़ रुपये हो गई है, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 34,752 करोड़ रुपये थी।
क्या है डिटेल
ब्याज से होने वाली आय भी 31,340 करोड़ रुपये से बढ़कर 32,231 करोड़ रुपये हो गई। परिसंपत्ति गुणवत्ता के मोर्चे पर, बैंक की सकल निष्पादित परिसंपत्ति अनुपात सालाना आधार पर 4.09 प्रतिशत से घटकर 3.19 प्रतिशत हो गया। इसी प्रकार, शुद्ध निष्पादित परिसंपत्तियां (या फंसा ऋण) 0.41 प्रतिशत के मुकाबले घटकर 0.32 प्रतिशत हो गईं। वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही में पूंजी पर्याप्तता अनुपात सालाना आधार पर 15.41 प्रतिशत की तुलना में बढ़कर 16.77 प्रतिशत हो गया।
कंपनी के शेयरों के हाल
PNB के शेयरों में आज भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। पीएनबी के शेयर 3 पर्सेंट गिरकर 128.35 रुपये पर आ गए। कारोबार के दौरान PNB का शेयर 5.37% टूटकर ₹125.25 तक आ गया था। इससे पहले दिन में शेयर 2.11% की तेजी के साथ ₹135.15 के स्तर पर पहुंचा था, जो इसका 52-वीक हाई है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर PNB में 8.10 करोड़ से ज्यादा शेयरों का कारोबार हुआ। अंत में PNB का शेयर 3.04% की गिरावट के साथ ₹128.35 पर बंद हुआ, जबकि इसी दौरान निफ्टी 50 इंडेक्स 0.47% फिसला।
गिरावट पर खरीद की सलाह
आनंद राठी शेयर एंड स्टॉक ब्रोकर्स में इक्विटी टेक्निकल रिसर्च के सीनियर मैनेजर जिगर एस. पटेल के मुताबिक, मार्च 2025 के निचले स्तर से PNB शेयर में करीब 58% की तेज रैली देखने को मिल चुकी है, जिससे शॉर्ट टर्म में शेयर थोड़ा ओवर-स्ट्रेच्ड ज़ोन में है। उन्होंने कहा कि वीकली चार्ट पर शेयर 9 और 26 पीरियड EMA के ऊपर बना हुआ है, जो यह दर्शाता है कि लॉन्ग टर्म ट्रेंड अभी भी पॉजिटिव है। एक्सपर्ट के अनुसार, ₹123 का स्तर अहम सपोर्ट है। जब तक शेयर इस स्तर के ऊपर बना रहता है, तब तक तेजी का रुझान बरकरार रह सकता है। इस दौरान अगर शेयर में हल्की गिरावट आती है, तो वहां खरीदारी देखने को मिल सकती है। एनालिस्टि के मुताबिक, आने वाले हफ्तों में ₹136 तक का स्तर संभव, बशर्ते बाजार का माहौल सहयोगी बना रहे।

लेखक के बारे में
Varsha Pathakवर्षा पाठक लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं और पिछले 4 सालों से इस संस्थान से जुड़ी हुई हैं। मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें लगभग 8 साल का अनुभव है। उन्होंने जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया है। बिहार की रहने वाली वर्षा वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान के बिजनेस सेक्शन के लिए खबरें लिखती हैं। उन्हें स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस, यूटिलिटी, टैक्स, बजट, एक्सप्लेनर, इंटरव्यूज और कॉरपोरेट सेक्टर से जुड़ी खबरों की समझ है। जटिल आर्थिक विषयों को सरल, तथ्यात्मक और पाठकों के लिए उपयोगी भाषा में प्रस्तुत करना उनकी लेखन शैली की विशेषता है। हिन्दुस्तान से पहले वर्षा दैनिक भास्कर (प्रिंट), मनी भास्कर और नेटवर्क18 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम कर चुकी हैं। उन्हें फील्ड रिपोर्टिंग का अनुभव भी है। डिजिटल पत्रकारिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए वर्षा को मनी भास्कर में सबसे अधिक UVs-PVs का पुरस्कार मिल चुका है। इसके अलावा, लाइव हिन्दुस्तान में भी वर्षा का टॉप परफॉर्मेंस रहा है और इसके लिए पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।
और पढ़ें



