59 करोड़ खाते, ₹3.17 लाख करोड़ हुए जमा; PM जन-धन योजना ने बनाया ये नया रिकॉर्ड

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • प्रधानमंत्री जन धन योजना (PMJDY) ने 12 साल पूरे कर लिए हैं
  • वित्त मंत्रालय के अनुसार, योजना के तहत 59 करोड़ से ज्यादा बैंक खाते खोले जा चुके हैं और इनमें कुल ₹3.17 लाख करोड़ जमा हैं
  • 19 अगस्त 2026 तक प्रति खाते औसत जमा ₹5,356 रही, जो 12 सालों में करीब 3.4 गुना बढ़ी है

pm jan-dhan yojana
प्रधानमंत्री जन धन योजना (PMJDY) ने पूरे किए 12 साल।

देश में बैंकिंग सुविधाओं से दूर रहने वाले लोगों को मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से शुरू की गई प्रधानमंत्री जन धन योजना (PMJDY) ने 12 साल पूरे कर लिए हैं। वित्त मंत्रालय के मुताबिक, इस योजना के तहत अब तक 59 करोड़ से ज्यादा बैंक खाते खोले जा चुके हैं और इन खातों में कुल जमा राशि बढ़कर ₹3.17 लाख करोड़ पहुंच गई है। योजना की शुरुआत 28 अगस्त 2014 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की थी। इसका उद्देश्य बिना बैंक खाते वाले और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को आसान बैंकिंग और वित्तीय सेवाओं से जोड़ना था। मंत्रालय के अनुसार, PMJDY के करीब 78% खाते ग्रामीण और अर्ध-शहरी इलाकों में हैं, जबकि लगभग 56% खाते महिलाओं के नाम पर हैं। इससे पता चलता है कि योजना का फायदा देश के छोटे शहरों, गांवों और महिलाओं तक बड़े स्तर पर पहुंचा है।

वित्त मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, 19 अगस्त 2026 तक जन धन खाते में औसतन ₹5,356 जमा थे। खास बात यह है कि पिछले 12 सालों में प्रति खाते औसत जमा राशि करीब 3.4 गुना बढ़ी है। सरकार इसे केवल बैंक खातों की संख्या बढ़ने के बजाय लोगों में बचत की आदत और बैंक खातों के बढ़ते इस्तेमाल का संकेत मान रही है। वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि जन धन योजना की सफलता को सिर्फ खोले गए खातों की संख्या से नहीं देखा जाना चाहिए। इस योजना ने देश के बैंकिंग और वित्तीय ढांचे को बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। बैंक खाता होने से आम लोगों को बीमा, पेंशन और दूसरी वित्तीय सुविधाओं तक पहुंच मिली है।

जन धन योजना की बड़ी खासियत

जन धन योजना की एक बड़ी खासियत यह है कि पात्र व्यक्ति बिना न्यूनतम बैलेंस और मेंटेनेंस चार्ज के बेसिक बैंक अकाउंट खोल सकता है। खाताधारकों को RuPay डेबिट कार्ड भी दिया जाता है, जिसके साथ पात्रता के अनुसार ₹2 लाख तक का दुर्घटना बीमा कवर उपलब्ध है। अब तक PMJDY खाताधारकों को 41.29 करोड़ RuPay कार्ड जारी किए जा चुके हैं। इसके अलावा पात्र खाताधारकों को जरूरत के समय ₹10,000 तक की ओवरड्राफ्ट सुविधा भी मिल सकती है।

जन धन योजना का संबंध सरकार की JAM यानी Jan-Dhan, Aadhaar और Mobile व्यवस्था से भी है। इसके जरिए सरकारी योजनाओं की सहायता सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजने में मदद मिली है। इससे बिचौलियों की भूमिका कम करने और भुगतान में देरी रोकने में सहायता मिली। जन धन खातों ने प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना जैसी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का दायरा बढ़ाने में भी योगदान दिया है।

वहीं, जिन खाताधारकों में नियमित बचत का रिकॉर्ड बना है, उनके लिए MUDRA जैसे लोन हासिल करने के अवसर भी बढ़ सकते हैं। कुल मिलाकर 12 सालों में 59 करोड़ से ज्यादा खातों और ₹3.17 लाख करोड़ जमा के साथ PMJDY भारत में वित्तीय समावेशन का एक बड़ा माध्यम बन चुकी है।

Sarveshwar Pathak

लेखक के बारे में

Sarveshwar Pathak

सर्वेश्वर पाठक अक्टूबर 2022 से ‘लाइव हिंदुस्तान’ में सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में बिजनेस और ऑटो सेक्शन के लिए काम कर रहे हैं। सर्वेश्वर बिजनेस और ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री की खबरों, रिव्यू और गहराई से किए गए एनालिसिस के लिए जाने जाते हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें 7 साल से अधिक का अनुभव है, जिसमें उन्होंने अपनी मजबूत पकड़ और समझ के जरिए एक अलग पहचान बनाई है। उन्होंने देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री हासिल की और वर्ष 2019 में ईटीवी भारत के साथ अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण और एडिटरजी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया, जहां उन्होंने अपनी लेखन शैली और विश्लेषण क्षमता को और निखारा।

उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर से आने वाले सर्वेश्वर केवल एक पत्रकार ही नहीं, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी निभाते हैं। उन्हें बाल शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता से जुड़े अभियानों में विशेष रुचि है। अपने विश्वविद्यालय के दिनों में उन्होंने महाराष्ट्र के गोंदिया में दो महीने से अधिक समय तक सोशल वेलफेयर से जुड़े कार्य किए, जहां उन्होंने कई स्कूलों और विश्वविद्यालयों के छात्रों को उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। लेखन के अलावा सर्वेश्वर को बचपन से ही क्रिकेट खेलने और डांस का शौक है, जो उनके व्यक्तित्व को संतुलित और ऊर्जावान बनाता है। उनका उद्देश्य सिर्फ खबरें लिखना ही नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक और प्रेरित करना भी है।

और पढ़ें
बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi Newsबिज़नेस न्यूज़59 करोड़ खाते, ₹3.17 लाख करोड़ हुए जमा; PM जन-धन योजना ने बनाया ये नया रिकॉर्ड