
62% बढ़ गया न्यू लिस्टेड कंपनी का प्रॉफिट, कल फोकस में रहेंगे शेयर, ₹135 है दाम
PhysicsWallah Q2 Results: हाल ही में लिस्ट हुई एडटेक कंपनी फिजिक्सवाला (PW) ने दूसरी तिमाही में दमदार प्रदर्शन किया है। कंपनी ने अपने कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट में 62% की सालाना बढ़त दर्ज की, जो बढ़कर ₹72.3 करोड़ पहुंच गया।
PhysicsWallah Q2 Results: हाल ही में लिस्ट हुई एडटेक कंपनी फिजिक्सवाला (PW) ने दूसरी तिमाही में दमदार प्रदर्शन किया है। कंपनी ने अपने कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट में 62% की सालाना बढ़त दर्ज की, जो बढ़कर ₹72.3 करोड़ पहुंच गया। पिछले साल इसी तिमाही में मुनाफा ₹44.5 करोड़ था। वहीं, ऑपरेशंस से होने वाली आय भी 26% बढ़कर ₹1,051 करोड़ हो गई। कंपनी का कहना है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म के साथ-साथ ऑफलाइन सेंटर्स के विस्तार से ग्रोथ को बड़ा सहारा मिला है। बता दें कि कल मंगलवार को कंपनी के शेयर फोकस में रह सकते हैं। आज सोमवार को यह 135.94 रुपये पर आ गए थे।
क्या है डिटेल
कंपनी का पिछले दो साल का वित्तीय सफर भी काफी मजबूत रहा है। FY23 से FY25 के बीच PhysicsWallah की रेवेन्यू ₹744 करोड़ से बढ़कर ₹2,887 करोड़ हो गई। EBITDA भी FY25 में सुधरकर ₹193 करोड़ (6.7% मार्जिन) पर पहुंच गया, जबकि FY24 में कंपनी को ₹829 करोड़ का घाटा हुआ था। यानी खर्चों में कमी और बेहतर ऑपरेशनल मैनेजमेंट का फायदा कंपनी को साफ दिखाई दे रहा है। PW अब देश की उन एडटेक कंपनियों में शामिल हो गया है जो ऑनलाइन, ऑफलाइन और हाइब्रिड-तीनों मॉडल पर तेजी से विस्तार कर रही हैं।
जून 2025 तक फिजिक्सवाला के 303 ऑफलाइन सेंटर्स हो चुके हैं, जिनमें FY23-25 के बीच लगभग 166% की वार्षिक वृद्धि हुई है। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी कंपनी के 4.13 मिलियन यूनिक पेड यूजर्स हैं। PW की कमाई कई स्रोतों से होती है- टीचिंग सर्विसेज, हॉस्टल और ट्रांसपोर्टेशन, कंटेंट राइट्स, किताबें, स्टेशनरी, टैबलेट्स और ऐड रेवेन्यू समेत कई तरह की एंसिलरी इनकम। हाल ही में कंपनी के IPO के जरिए ₹3,480 करोड़ जुटाए गए, जिनमें से ₹3,100 करोड़ सीधे कंपनी को मिले। इस रकम का इस्तेमाल ऑफलाइन और हाइब्रिड सेंटर बढ़ाने, मार्केटिंग मजबूत करने और डिजिटल व क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर अपग्रेड करने में होगा।
कंपनी के शेयर
लिस्टिंग के दिन फिजिक्सवाला का प्रदर्शन ठीक-ठाक रहा, लेकिन बाद में शेयर पर हल्का दबाव देखने को मिला। अभी शेयर कीमत इश्यू प्राइस ₹135 के आसपास ही ट्रेड कर रही है। बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि कंपनी के मजबूत नतीजे, बढ़ता ऑफलाइन नेटवर्क और सुधरती बैलेंस शीट आने वाले महीनों में निवेशकों के भरोसे को और मजबूत कर सकते हैं। हालांकि IPO के बाद शुरुआती उतार-चढ़ाव सामान्य माने जाते हैं, असली टेस्ट यह होगा कि कंपनी आगे कितना तेज और टिकाऊ ग्रोथ दिखा पाती है।





