
पूरी तरह भर गया दिग्गज कंपनी का यह IPO, ग्रे मार्केट कर रहा निराश
संक्षेप: नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के आंकड़ों के अनुसार, दोपहर तक कंपनी को कुल 20.57 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां मिलीं, जबकि ऑफर साइज 18.62 करोड़ शेयरों का था। इस तरह इश्यू को 1.10 गुना सब्सक्रिप्शन प्राप्त हुआ।
PhysicsWallah IPO: एडटेक प्लेटफॉर्म फिजिक्सवाला के ₹3,480 करोड़ के आईपीओ (IPO) को निवेशकों से जोरदार प्रतिक्रिया मिली है। तीसरे और अंतिम दिन यह इश्यू पूरी तरह सब्सक्राइब हो गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के आंकड़ों के अनुसार, दोपहर तक कंपनी को कुल 20.57 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां मिलीं, जबकि ऑफर साइज 18.62 करोड़ शेयरों का था। इस तरह इश्यू को 1.10 गुना सब्सक्रिप्शन प्राप्त हुआ।

किस सेगमेंट से कितना सब्सक्राइब
- रिटेल निवेशक कोटा 85% सब्सक्राइब
- नॉन-इंस्टिट्यूशनल इन्वेस्टर्स (NII): 25% सब्सक्राइब
- क्वालिफाइड इंस्टिट्यूशनल बायर्स (QIB): 161% ओवरसब्सक्राइब
प्राइस बैंड और मार्केट कैपिटलाइजेशन
फिजिक्सवाला अपने शेयर ₹103 से ₹109 के प्राइस बैंड में बेच रहा है। रिटेल निवेशक 137 शेयरों के एक लॉट के लिए बोली लगा सकते हैं, जिसमें न्यूनतम निवेश राशि ₹14,933 है। यदि शेयर ऊपरी प्राइस बैंड ₹109 पर आवंटित होते हैं, तो कंपनी का पोस्ट-इश्यू मार्केट कैपिटलाइजेशन लगभग ₹31,169 करोड़ होने का अनुमान है।
क्या चल रहा GMP?
अनलिस्टेड मार्केट में गुरुवार को फिजिक्सवाला के शेयर 0.92% प्रीमियम पर कारोबार कर रहे थे। हालांकि, मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) सिर्फ संकेतक होता है और इसमें तेजी से बदलाव संभव है।
कंपनी का यह IPO दो भागों में बंटा है —
- फ्रेश इश्यू: ₹3,100 करोड़
- ऑफर फॉर सेल (OFS): ₹380 करोड़
IPO से पहले, कंपनी ने 57 एंकर निवेशकों से ₹1,562.85 करोड़ जुटाए थे। इनमें शामिल प्रमुख विदेशी निवेशक हैं — कैपिटल ग्रुप, गोल्डमैन सैक्स, फिडेलिटी, अबू धाबी इन्वेस्टमेंट काउंसिल, और पाइनब्रिज।
शेयरहोल्डिंग और बुक रनिंग लीड मैनेजर्स
IPO के बाद कंपनी के प्रमोटर्स की हिस्सेदारी 81.6% से घटकर 72.3% रह जाएगी। इस इश्यू के बुक रनिंग लीड मैनेजर्स (BRLMs) हैं — कोटक कैपिटल, जेपी मॉर्गन इंडिया, गोल्डमैन सैक्स (इंडिया) और एक्सिस कैपिटल। प्रमुख निवेशकों में वेस्टब्रिज कैपिटल, जीएसवी वेंचर्स, हॉर्नबिल कैपिटल और लाइटस्पीड वेंचर पार्टनर्स शामिल हैं।
यूट्यूब से यूनिकॉर्न तक
फिजिक्सवाला की स्थापना 2016 में अलख पांडे ने की थी। अलख, जो एक कॉलेज ड्रॉपआउट और भौतिकी के शिक्षक हैं, ने यूट्यूब पर फ्री एजुकेशनल वीडियो अपलोड करना शुरू किया था। कोविड-19 महामारी के दौरान उनके वीडियो ने जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की और चैनल ने लाखों छात्रों तक पहुंच बनाई। आज फिजिक्सवाला के पास भारत और मध्य पूर्व में 152 शहरों में 303 ऑफलाइन सेंटर हैं। कंपनी अब ऑनलाइन और ऑफलाइन शिक्षा के संगम के जरिए एडटेक सेक्टर की प्रमुख कंपनियों में गिनी जाती है।





