PhonePe IPO: ग्लोबल टेंशन के बीच टल गया दिग्गज कंपनी का आईपीओ, कंपनी ने दी जानकारी
PhonePe IPO: डिजिटल पेमेंट सेक्टर की बड़ी कंपनी फोनपे ने फिलहाल अपने शेयर बाजार में लिस्ट होने यानी IPO लाने की योजना को कुछ समय के लिए टाल दिया है।

PhonePe IPO: डिजिटल पेमेंट सेक्टर की बड़ी कंपनी फोनपे ने फिलहाल अपने शेयर बाजार में लिस्ट होने यानी IPO लाने की योजना को कुछ समय के लिए टाल दिया है। कंपनी का कहना है कि दुनिया के कई हिस्सों में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और शेयर बाजार में जारी उतार-चढ़ाव के कारण यह फैसला लिया गया है। कंपनी ने साफ किया है कि हालात सामान्य होने के बाद वह दोबारा अपनी लिस्टिंग प्रक्रिया शुरू करेगी।
कंपनी ने क्या कहा
फोनपे के सीईओ समीर निगम ने कहा कि कंपनी को उम्मीद है कि दुनिया में चल रहे तनाव जल्द खत्म होंगे और बाजार में स्थिरता लौटेगी। उन्होंने यह भी दोहराया कि फोनपे भारत में ही अपना IPO लाने के लिए प्रतिबद्ध है। फिलहाल कंपनी हालात पर नजर बनाए हुए है और बाजार के अनुकूल समय का इंतजार कर रही है।
कंपनी का कारोबार
फोनपे भारत की सबसे बड़ी डिजिटल पेमेंट कंपनियों में से एक है। इसकी शुरुआत 2016 में हुई थी और आज यह देशभर में करोड़ों लोगों द्वारा इस्तेमाल की जा रही है। सितंबर 2025 तक कंपनी के प्लेटफॉर्म पर करीब 65 करोड़ से ज्यादा रजिस्टर्ड यूजर थे, जबकि 4.7 करोड़ से अधिक व्यापारी इसके जरिए डिजिटल भुगतान स्वीकार करते हैं। भुगतान सेवाओं के अलावा कंपनी बीमा, लोन वितरण और डिजिटल सर्विसेज जैसे कई फाइनेंशियल प्रोडक्ट भी उपलब्ध कराती है।
कंपनी का तेजी से बढ़ रहा कारोबार
फोनपे ने हाल के वर्षों में अपने कारोबार का दायरा भी तेजी से बढ़ाया है। कंपनी ने निवेश और ट्रेडिंग से जुड़ा प्लेटफॉर्म Share.Market लॉन्च किया है, जहां यूजर शेयर बाजार और म्यूचुअल फंड में निवेश कर सकते हैं। इसके अलावा कंपनी ने एंड्रॉयड आधारित ऐप मार्केटप्लेस इंडस ऐपस्टोर भी शुरू किया है, जो गूगल प्ले स्टोर के विकल्प के रूप में विकसित किया जा रहा है।
कई कंपनियों ने टाला अपना प्लान
दरअसल, पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष और वैश्विक बाजारों में अस्थिरता के कारण कई कंपनियां अपने IPO प्लान पर दोबारा विचार कर रही हैं। निवेशकों की भावना फिलहाल काफी सतर्क है, इसलिए कंपनियां यह तय करने में समय ले रही हैं कि अभी कम वैल्यूएशन पर बाजार में उतरा जाए या फिर थोड़े समय इंतजार किया जाए।
बाजार से जुड़े आंकड़ों के मुताबिक, इस समय करीब 141 कंपनियों को IPO लाने की मंजूरी मिल चुकी है और ये कंपनियां मिलकर लगभग 1.64 लाख करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में हैं। हालांकि निवेश बैंकर्स का मानना है कि जब तक शेयर बाजार में स्थिरता नहीं आती, तब तक नई लिस्टिंग के प्रति निवेशकों का उत्साह सीमित रह सकता है। इसलिए कई कंपनियां फिलहाल सही समय का इंतजार कर रही हैं।
लेखक के बारे में
Varsha Pathakवर्षा पाठक लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं और पिछले 4 सालों से इस संस्थान से जुड़ी हुई हैं। मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें लगभग 8 साल का अनुभव है। उन्होंने जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया है। बिहार की रहने वाली वर्षा वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान के बिजनेस सेक्शन के लिए खबरें लिखती हैं। उन्हें स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस, यूटिलिटी, टैक्स, बजट, एक्सप्लेनर, इंटरव्यूज और कॉरपोरेट सेक्टर से जुड़ी खबरों की समझ है। जटिल आर्थिक विषयों को सरल, तथ्यात्मक और पाठकों के लिए उपयोगी भाषा में प्रस्तुत करना उनकी लेखन शैली की विशेषता है। हिन्दुस्तान से पहले वर्षा दैनिक भास्कर (प्रिंट), मनी भास्कर और नेटवर्क18 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम कर चुकी हैं। उन्हें फील्ड रिपोर्टिंग का अनुभव भी है। डिजिटल पत्रकारिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए वर्षा को मनी भास्कर में सबसे अधिक UVs-PVs का पुरस्कार मिल चुका है। इसके अलावा, लाइव हिन्दुस्तान में भी वर्षा का टॉप परफॉर्मेंस रहा है और इसके लिए पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।
और पढ़ें

