डीजल ₹192 प्रति लीटर पर मिलेगा? तेल संकट पर सरकार का बड़ा बयान

Varsha Pathak लाइव हिन्दुस्तान
share

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच भारत में पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर सरकार ने स्थिति साफ की है। मिनिस्ट्री ऑफ पेट्रोलियम एंड नेचुरल गैस ने बताया कि दिल्ली में आम पेट्रोल और डीजल के दाम फिलहाल स्थिर हैं।

डीजल ₹192 प्रति लीटर पर मिलेगा? तेल संकट पर सरकार का बड़ा बयान

Diesel Rate: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच भारत में पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर सरकार ने स्थिति साफ की है। मिनिस्ट्री ऑफ पेट्रोलियम एंड नेचुरल गैस ने बताया कि दिल्ली में आम पेट्रोल और डीजल के दाम फिलहाल स्थिर हैं। पेट्रोल करीब 94.77 रुपये प्रति लीटर और डीजल 87.67 रुपये प्रति लीटर पर ही मिल रहा है, यानी आम लोगों पर सीधा बोझ नहीं बढ़ाया गया है।

हालांकि, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में पिछले एक महीने में करीब 100% तक उछाल आया है। इसका असर सरकारी तेल कंपनियों पर साफ दिख रहा है। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन समेत PSU ऑयल मार्केटिंग कंपनियां पेट्रोल पर करीब 24.40 रुपये और डीजल पर 104.99 रुपये प्रति लीटर तक का नुकसान (अंडर-रिकवरी) झेल रही हैं। अगर यह बोझ सीधे ग्राहकों पर डाला जाता, तो पेट्रोल करीब 119 रुपये और डीजल 190 रुपये के पार पहुंच सकता था।

सरकार ने क्या कहा

सरकार का कहना है कि यह फैसला आम जनता को राहत देने के लिए लिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीति के तहत कोशिश की जा रही है कि वैश्विक कीमतों में तेजी का सीधा असर भारतीय उपभोक्ताओं पर न पड़े। यही वजह है कि बाकी कई देशों में ईंधन के दाम 30-50% तक बढ़ने के बावजूद भारत में आम ईंधन के दाम स्थिर रखे गए हैं।

वहीं, प्रीमियम पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी जरूर देखने को मिली है। इंडियन ऑयल ने XP100 पेट्रोल की कीमत बढ़ाकर 160 रुपये प्रति लीटर कर दी है, जो पहले 149 रुपये थी। इसी तरह Xtra Green डीजल भी थोड़ा महंगा हुआ है। ये प्रीमियम फ्यूल मुख्य रूप से लग्जरी गाड़ियों और हाई-परफॉर्मेंस वाहनों में इस्तेमाल होते हैं और कुल खपत का बहुत छोटा हिस्सा हैं।

पेट्रोल- डीजल के दाम स्थिर

देश के अलग-अलग शहरों में भी आम पेट्रोल-डीजल के दाम स्थिर बने हुए हैं। दिल्ली में जहां पेट्रोल 94.72 और डीजल 87.62 रुपये प्रति लीटर है, वहीं मुंबई में पेट्रोल 103.44 और डीजल 89.97 रुपये प्रति लीटर पर मिल रहा है। यानी आम ग्राहकों को फिलहाल राहत जारी है, भले ही अंतरराष्ट्रीय बाजार में हलचल तेज हो।

इसी बीच कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में 195.50 रुपये की बढ़ोतरी हुई है, जबकि एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतें दोगुनी होकर 2 लाख रुपये प्रति किलोलीटर के पार पहुंच गई हैं। वैश्विक स्तर पर तनाव की स्थिति बनी हुई है, हालांकि डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिए हैं कि आने वाले हफ्तों में हालात कुछ सामान्य हो सकते हैं। ऐसे में आगे ईंधन कीमतों की दिशा काफी हद तक अंतरराष्ट्रीय हालात पर निर्भर करेगी।

Varsha Pathak

लेखक के बारे में

Varsha Pathak

वर्षा पाठक लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं और पिछले 4 सालों से इस संस्थान से जुड़ी हुई हैं। मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें लगभग 8 साल का अनुभव है। उन्होंने जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया है। बिहार की रहने वाली वर्षा वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान के बिजनेस सेक्शन के लिए खबरें लिखती हैं। उन्हें स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस, यूटिलिटी, टैक्स, बजट, एक्सप्लेनर, इंटरव्यूज और कॉरपोरेट सेक्टर से जुड़ी खबरों की समझ है। जटिल आर्थिक विषयों को सरल, तथ्यात्मक और पाठकों के लिए उपयोगी भाषा में प्रस्तुत करना उनकी लेखन शैली की विशेषता है। हिन्दुस्तान से पहले वर्षा दैनिक भास्कर (प्रिंट), मनी भास्कर और नेटवर्क18 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम कर चुकी हैं। उन्हें फील्ड रिपोर्टिंग का अनुभव भी है। डिजिटल पत्रकारिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए वर्षा को मनी भास्कर में सबसे अधिक UVs-PVs का पुरस्कार मिल चुका है। इसके अलावा, लाइव हिन्दुस्तान में भी वर्षा का टॉप परफॉर्मेंस रहा है और इसके लिए पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।

और पढ़ें
जानें Hindi News, Business News, Budget 2026, बजट 2026 Live, Income Tax Live Updates की लेटेस्ट खबरें, शेयर बाजार का लेखा-जोखा, Share Market के लेटेस्ट अपडेट्स Investment Tips के बारे में सबकुछ।,