पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़े, इस सरकार ने ग्राहकों को दिया बड़ा झटका

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • पाकिस्तान ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में क्रमशः ₹5.44 और ₹31.05 प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है
  • इस बीच, पाकिस्तान सरकार ने ऐलान किया है कि अब देश में पेट्रोल की कीमतों में दैनिक आधार पर बदलाव होगा
how to check adulterated petrol

पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण कच्चे तेल की कीमतों में एक बार फिर से हलचल होने लगी है। इस माहौल के बीच भारत के पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में क्रमशः ₹5.44 और ₹31.05 प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। यह बढ़ोतरी तत्काल प्रभाव से लागू होगी और 20 जुलाई तक प्रभावी रहेगी। इस बढ़ोतरी के बाद पेट्रोल की कीमत ₹316.15 प्रति लीटर और हाई-स्पीड डीजल (HSD) की कीमत ₹354.35 प्रति लीटर हो गई है।

₹520.35 तक गई थी डीजल की कीमत

पाकिस्तान में डीजल की कीमत 3 अप्रैल को दर्ज किए गए ₹520.35 के उच्चतम स्तर से नीचे आई है। 28 फरवरी को अमेरिका-ईरान युद्ध शुरू होने के बाद इसकी कीमत ₹281 प्रति लीटर से बढ़ना शुरू हुई थी। मार्च के पहले हफ्ते में ₹266 से बढ़ना शुरू होने के बाद पेट्रोल की कीमत 3 अप्रैल को ₹458.41 के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई। बता दें कि पाकिस्तान में पेट्रोल और हाई-स्पीड डीजल की मासिक बिक्री लगभग 7,00,000 से 8,00,000 टन होती है जबकि केरोसिन की मासिक मांग सिर्फ 10,000 टन है।

दैनिक आधार पर बदलेंगी कीमतें

इस बीच, पाकिस्तान सरकार ने ऐलान किया है कि अब देश में पेट्रोल की कीमतों में दैनिक आधार पर बदलाव होगा। पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक ने सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार के साथ यह घोषणा करते हुए कहा कि मंत्रिमंडल ने कीमतें तय करने का काम 'तेल एवं गैस नियामकीय प्राधिकरण (ओजीआरए) को सौंपने का फैसला किया है। प्राधिकरण दैनिक आधार पर ईंधन की कीमतें तय करेगा। ओजीआरए न केवल अपनी वेबसाइट पर ईंधन की वे दरें प्रकाशित करेगा जिनका उपयोग कीमतें तय करने में किया जाता है बल्कि उन कारकों को भी प्रकाशित करेगा जिनकी वजह से हर पेट्रोल पंप पर हमें कीमतें दिखाई देती हैं।

साप्ताहिक आधार पर तय होती रही है कीमत

सरकार ने फरवरी के आखिर में अमेरिका-ईरान संघर्ष शुरू होने के बाद से ही कीमतों को साप्ताहिक आधार पर तय करना शुरू कर दिया था। सरकार हर सप्ताह तेल की कीमतें तय करती रही है लेकिन कम ईंधन कीमतों का फायदा आम लोगों तक पहुंचाने में देरी के कारण उसे आलोचना का सामना करना पड़ा है।

ईरान संघर्ष शुरू होने के बाद सात-दिनों में कीमत संशोधन की प्रक्रिया अपनाई गई थी। इससे पहले, कीमत हर पखवाड़े (15 दिन पर) तय की जाती थी। उन्होंने कहा कि दैनिक आधार पर कीमतों की घोषणा अंतरराष्ट्रीय बाजार में सात-दिनों के साप्ताहिक औसत के आधार पर की जाएगी।

Deepak Kumar

लेखक के बारे में

Deepak Kumar

हिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।

और पढ़ें
बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।