पेट्रोल-डीजल के 17 रुपये तक दाम बढ़े तो बात बने...ब्रोकरेज फर्म ने समझाया गणित

Deepak Kumar लाइव हिन्दुस्तान
share

एक सप्ताह से भी कम समय में यह दूसरी बार है जब ईंधन के दाम बढ़ाए गए हैं। हालांकि, ब्रोकरेज का कहना है कि नुकसान की पूरी भरपाई के लिए पेट्रोल और डीजल की कीमतों में अभी भी 13 से 17 रुपये प्रति लीटर तक की अतिरिक्त बढ़ोतरी की जरूरत पड़ सकती है।

पेट्रोल-डीजल के 17 रुपये तक दाम बढ़े तो बात बने...ब्रोकरेज फर्म ने समझाया गणित

पश्चिम एशिया में तनाव के बीच तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी की है। सप्ताह के दूसरे दिन यानी मंगलवार को पेट्रोल और डीजल के दाम में लगभग 90 पैसे प्रति लीटर का इजाफा हुआ। एक सप्ताह से भी कम समय में यह दूसरी बार है जब ईंधन के दाम बढ़ाए गए हैं। हालांकि, ब्रोकरेज फर्म कोटक इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज का मानना है कि ये उपाय मौजूदा चुनौतियों से निपटने के लिए पर्याप्त नहीं हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक तेल विपणन कंपनियों (OMCs) को हो रहे भारी नुकसान की भरपाई नहीं हो पाएगी। ब्रोकरेज का कहना है कि नुकसान की पूरी भरपाई के लिए पेट्रोल और डीजल की कीमतों में अभी भी 13 से 17 रुपये प्रति लीटर तक की अतिरिक्त बढ़ोतरी की जरूरत पड़ सकती है। बता दें कि सरकारी तेल कंपनियों को फिलहाल हर महीने करीब 25,000 करोड़ रुपये का नुकसान हो रहा है। डीजल पर अंडर-रिकवरी लगभग 11.40 रुपये प्रति लीटर और पेट्रोल पर 14.30 रुपये प्रति लीटर आंकी गई है

सोने के आयात शुल्क बढ़ाने का भी मामूली असर

बीते दिनों सरकार ने सोने पर आयात शुल्क बढ़ाने का ऐलान किया। हालांकि, ब्रोकरेज का मानना है कि सरकार द्वारा सोने के आयात शुल्क को 6 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत करना लंबे समय में ज्यादा प्रभावी साबित नहीं होगा। इससे घरेलू बाजार में सोने की कीमतें और बढ़ गई हैं, जिससे लोगों के पास मौजूद सोने की कुल वैल्यू भी बढ़ी है। कोटक के मुताबिक सोने पर जीएसटी बढ़ाना ज्यादा असरदार कदम हो सकता था, क्योंकि इससे खपत पर सीधा असर पड़ता।

जीडीपी पर क्या उम्मीद?

कोटक को अब उम्मीद है कि FY27 में भारत की GDP ग्रोथ 6% और औसत महंगाई दर 5% रहेगी। ब्रोकरेज के मुताबिक मैक्रोइकोनॉमिक आउटलुक ज्यादा चुनौतीपूर्ण हो गया है क्योंकि कच्चे तेल की कीमतें उम्मीद से अधिक समय तक ऊंची बनी हुई हैं। युद्ध शुरू होने के बाद से ही कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल के आस-पास बनी हुई हैं और कुछ समय के लिए तो ये 120 डॉलर प्रति बैरल के पार भी चली गई थीं। अगर ऐसे ही हालात रह गए तो सरकार के लिए महंगाई, राजकोषीय घाटा और चालू खाते के घाटे को एक साथ नियंत्रित करना मुश्किल हो जाएगा।

पीएम मोदी की अपील

बीते दिनों प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पश्चिम एशिया संकट के मद्देनजर विदेशी मुद्रा बचाने के लिए ईंधन के विवेकपूर्ण उपयोग, सोने की खरीद और विदेश यात्रा को स्थगित करने जैसे उपायों का आह्वान किया है। ऊर्जा की बढ़ती कीमतों से भारत के विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव पड़ रहा है और लगातार तीसरे वर्ष चालू खाते का घाटा बढ़ने का खतरा है। वहीं, कुछ राज्य सरकारों ने पहले ही विभागों को यात्रा सीमित करने, आमने-सामने की बैठकों से बचने और कम कर्मचारियों के साथ कार्यालय चलाने के निर्देश दिए हैं।

Deepak Kumar

लेखक के बारे में

Deepak Kumar

हिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।

और पढ़ें
जानें Hindi News, Business News, Budget 2026, बजट 2026 Live, Income Tax Live Updates की लेटेस्ट खबरें, शेयर बाजार का लेखा-जोखा, Share Market के लेटेस्ट अपडेट्स Investment Tips के बारे में सबकुछ।,