बैंक FD में रखे हैं 10 लाख रुपये? बैंक डूबा तो कितना पैसा मिलेगा, जानें 5 लाख वाले नियम का पूरा सच

लाइव हिन्दुस्तान
share

मुख्य बातें

  • फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) को लोग सेफ निवेश मानकर अपनी जिंदगी की बड़ी सेविंग बैंक में रख देते हैं
  • लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि अगर आपका बैंक ही मुश्किल में पड़ जाए तो आपके लाखों रुपये का क्या होगा?

Bank FD Rules
DICGC के नियमों के तहत एक जमाकर्ता को एक बैंक में अधिकतम 5 लाख रुपये तक का डिपॉजिट इंश्योरेंस मिलता है।

फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) को लोग सेफ निवेश मानकर अपनी जिंदगी की बड़ी सेविंग बैंक में रख देते हैं। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि अगर आपका बैंक ही मुश्किल में पड़ जाए तो आपके लाखों रुपये का क्या होगा? दरअसल, बैंक में जमा हर रकम पूरी तरह इंश्योर्ड नहीं होती। DICGC के नियमों के तहत एक जमाकर्ता को एक बैंक में अधिकतम 5 लाख रुपये तक का डिपॉजिट इंश्योरेंस मिलता है। इसमें मूलधन और उस पर मिलने वाला ब्याज दोनों शामिल होते हैं।

बैंक में 10 लाख की एफडी है तो क्या होगा?

मान लीजिए आपने किसी एक बैंक में 10 लाख रुपये की एफडी कराई है। बैंक के फेल होने की स्थिति में ऐसा नहीं है कि आपकी पूरी 10 लाख रुपये की रकम सेफ होगी। DICGC के तहत एक बैंक में एक जमाकर्ता के लिए अधिकतम 5 लाख रुपये तक का जमा अमाउंट, मूलधन और ब्याज समेत इंश्योर्ड होती है। यानी एफडी की रकम 5 लाख रुपये से ज्यादा है तो एक्स्ट्रा अमाउंट पर यही इंश्योरेंस सुरक्षा लागू नहीं होती।

एक ही बैंक में कई एफडी बनाकर नहीं बढ़ेगा कवर

अगर आपको लगता है कि 10 लाख रुपये को एक ही बैंक में 2-3 अलग-अलग एफडी में बांटने से इंश्योरेंस कवर भी बढ़ जाएगा, तो ऐसा नहीं है।मान लीजिए आपके एक बैंक में 4 लाख रुपये सेविंग अकाउंट में हैं, 5 लाख रुपये की एक एफडी है और 3 लाख रुपये की दूसरी एफडी है। इन जमाओं को इंश्योरेंस कवर तय करने के लिए सामान्य तौर पर एक साथ जोड़ा जाता है। यानी कुल जमा 12 लाख रुपये होने के बावजूद DICGC का कवर अधिकतम 5 लाख रुपये तक ही रहेगा। इसी तरह एक ही बैंक की अलग-अलग शाखाओं में एफडी कराने से भी अलग-अलग 5 लाख रुपये का इंश्योरेंस कवर नहीं मिलता।

पैसा सुरक्षित रखने का तरीका क्या है?

अगर किसी व्यक्ति के पास एफडी में बड़ी रकम है, तो वह पूरी रकम एक ही बैंक में रखने के बजाय अलग-अलग बैंकों में बांटने पर विचार कर सकता है। DICGC का 5 लाख रुपये तक का इंश्योरेंस कवर प्रति जमाकर्ता, प्रति बैंक लागू होता है। उदाहरण के लिए 15 लाख रुपये की रकम को तीन अलग-अलग बैंकों में रखने पर प्रत्येक बैंक में जमा रकम के लिए अलग इंश्योरेंस लिमिट लागू हो सकती है।

एफडी कराने से पहले सिर्फ ब्याज दर न देखें

एफडी चुनते समय केवल यह देखना काफी नहीं है कि कौन सा बैंक सबसे ज्यादा ब्याज दे रहा है। बड़ी रकम जमा करने से पहले यह भी जांचना जरूरी है कि बैंक DICGC के तहत इंश्योर्ड है या नहीं। साथ ही यह समझना चाहिए कि 5 लाख रुपये की लिमिट मूलधन और ब्याज को मिलाकर लागू होती है। इसलिए बैंक एफडी में निवेश करते समय रिटर्न के साथ-साथ बैंक का जोखिम और डिपॉजिट इंश्योरेंस कवर समझना भी जरूरी है।

Sheetal

लेखक के बारे में

Sheetal
शीतल को पत्रकारिता में 15 सालों का अनुभव है। पर्सलन फाइनेंस, गोल्ड, सिल्वर, कारोबारी सफर और स्टार्टअप की खबरें लिखती हैं। अमर उजाला से अपने करियर की शुरुआत की। अब तक इकोनॉमिक टाइम्स हिंदी, भास्कर, लाइव हिन्दुस्तान और मनीकंट्रोल हिंदी (Network18) में काम किया है। अब लाइव हिन्दुस्तान में बतौर असिस्टेंट एडिटर खबरें आप तक पहुंचाने का काम कर रही हैं। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsबिज़नेस न्यूज़पर्सनल फाइनेंसबैंक FD में रखे हैं 10 लाख रुपये? बैंक डूबा तो कितना पैसा मिलेगा