50 की उम्र से पहले नौकरी छोड़ना चाहते हैं भारतीय, लेकिन इस डर ने बढ़ाई टेंशन
मुख्य बातें
- Retirement Planning: सोचिए, 50 की उम्र आते-आते नौकरी की टेंशन खत्म हो जाए, हर महीने सैलरी का इंतजार न करना पड़े और फिर भी आपकी लाइफस्टाइल आराम से चलता रहे
- सुनने में सपना जैसा लगता है, लेकिन बड़ी संख्या में शहरी भारतीय अब इसी सपने को हकीकत बनाना चाहते हैं

Retirement Planning: सोचिए, 50 की उम्र आते-आते नौकरी की टेंशन खत्म हो जाए, हर महीने सैलरी का इंतजार न करना पड़े और फिर भी आपकी लाइफस्टाइल आराम से चलता रहे। सुनने में सपना जैसा लगता है, लेकिन बड़ी संख्या में शहरी भारतीय अब इसी सपने को हकीकत बनाना चाहते हैं। हालांकि, रिटायरमेंट को लेकर सामने आए एक सर्वे ने इस सपने के साथ एक बड़ा डर भी उजागर किया है। लोगों को यह तो पता है कि रिटायरमेंट के लिए कितना पैसा चाहिए, लेकिन ज्यादातर को भरोसा नहीं कि उनकी बचत पूरी जिंदगी चलेगी।
70% भारतीय चाहते हैं समय से पहले रिटायरमेंट
एक्सिस मैक्स लाइफ इंश्योरेंस की ‘भरोसा टॉक्स इंडिया रिटायरमेंट इंडेक्स स्टडी’ (IRIS) 6.0 के मुताबिक करीब 70% शहरी भारतीय 58-60 साल की सामान्य रिटायरमेंट उम्र से पहले काम छोड़ना चाहते हैं, बशर्ते उनकी आर्थिक जरूरतें पूरी तरह सुरक्षित हों। इस सर्वे में मेट्रो, टियर-1 और टियर-2 शहरों के 4,134 परिवारों को शामिल किया गया।
खास बात यह है कि जल्दी रिटायरमेंट चाहने वालों में से 50% लोग 50 साल की उम्र से पहले फाइनेंशियल इंडिपेंडेंस और पहले रिटायर होना चाहते हैं। यानी लोगों के लिए रिटायरमेंट का मतलब सिर्फ नौकरी छोड़ना नहीं, बल्कि इतनी वित्तीय आजादी हासिल करना है कि आगे काम करना मजबूरी न रहे।
पैसा कितना चाहिए पता है, लेकिन टिकेगा कितने साल?
रिटायरमेंट को लेकर भारतीयों की तैयारी और चिंता के बीच बड़ा अंतर दिखाई देता है। सर्वे में 61% शहरी लोगों ने कहा कि उन्हें पता है कि मौजूदा लाइफस्टाइल बनाए रखने के लिए रिटायरमेंट के समय कितने पैसे की जरूरत होगी। लेकिन सिर्फ 11% लोगों को भरोसा है कि उनकी सेविंग पूरी जिंदगी चल पाएगी।
सबसे ज्यादा चिंता इस बात से बढ़ती है कि 39% लोगों को लगता है कि नौकरी छोड़ने के सिर्फ पांच साल के अंदर उनकी जमा पूंजी खत्म हो सकती है। यानी रिटायरमेंट जल्दी लेने की इच्छा तो मजबूत है, लेकिन लंबी उम्र के लिए वित्तीय सुरक्षा को लेकर भरोसा कमजोर है।
पहली सैलरी से शुरू हो रिटायरमेंट की तैयारी
सर्वे के मुताबिकहर दो में से एक शहरी भारतीय का मानना है कि पहली सैलरी मिलते ही रिटायरमेंट प्लानिंग शुरू कर देनी चाहिए। लोगों के मुताबिक रिटायरमेंट के लिए निवेश शुरू करने की आदर्श उम्र औसतन 31 साल है। पीढ़ियों के हिसाब से भी इसमें अंतर है। Gen Z औसतन 29 साल की उम्र से रिटायरमेंट की तैयारी शुरू करने को सही मानती है और इस आयु वर्ग के 62% लोग फिलहाल रिटायरमेंट के लिए निवेश कर रहे हैं। मिलेनियल के लिए आदर्श उम्र 31 साल है और 70% निवेश कर रहे हैं। वहीं Gen X+ में 34 साल की उम्र को सही माना गया और 75% लोग निवेश कर रहे हैं।
रिटायरमेंट के बाद भी काम करना चाहते हैं लोग
रिटायरमेंट की परिभाषा भी बदल रही है। अब इसका मतलब हमेशा के लिए काम छोड़ देना नहीं, बल्कि आर्थिक स्वतंत्रता हासिल करके अपनी इच्छा से काम करने की आजादी बनता जा रहा है। सर्वे में 82% जेन एक्स प्लस लोगों ने कहा कि वे लगातार आय के लिए काम करते रहने की उम्मीद करते हैं।
रिटायरमेंट प्लानिंग में स्वास्थ्य भी अहम है। 75% लोगों को उम्मीद है कि वे रिटायरमेंट के बाद हेल्दी और फिट रहेंगे, जबकि 52% लोगों ने लंबे पीरियड की सेविंग को मेडिकल खर्च से बचाने के लिए अलग हेल्थ इंश्योरेंस ले रखा है।

