पोस्ट ऑफिस की ये ट्रिक जान ली.. तो 5 साल में होगी ₹1.62 लाख की एक्स्ट्रा कमाई!
मुख्य बातें
- Post Office Time Deposit: अगर आप भी पोस्ट ऑफिस में अपने पैसे जमा करने की सोच रहे हैं, तो यह हिसाब जरूर समझ लीजिए
- कई बार सही जानकारी न होने की वजह से हम बिना सोचे-समझे 3 साल के लिए पैसा फिक्स कर देते हैं

Post Office Time Deposit: अगर आप भी पोस्ट ऑफिस में अपने पैसे जमा करने की सोच रहे हैं, तो यह हिसाब जरूर समझ लीजिए। कई बार सही जानकारी न होने की वजह से हम बिना सोचे-समझे 3 साल के लिए पैसा फिक्स कर देते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि अगर आप वही पैसा 3 साल की जगह 5 साल के लिए जमा करते हैं, तो आपको 1,62,000 रुपये का सीधा फायदा हो सकता है? यहां कोई बड़ा रिस्क नहीं है, बस सही समय चुनने का खेल है। आइए समझते हैं कि 3 साल और 5 साल की एफडी में कितना अंतर है।
अगर आपके पास 10 लाख रुपये हैं और आप इसे सुरक्षित जगह पर जमा करके तय ब्याज कमाना चाहते हैं, तो पोस्ट ऑफिस की टाइम डिपॉजिट (TD) स्कीम एक बेस्ट ऑप्शन हो सकता है। लेकिन यहां एक सवाल सबसे जरूरी है कि 10 लाख रुपये को 3 साल के लिए जमा करना बेहतर रहेगा या 5 साल के लिए? दोनों पीरियड में ब्याज दर अलग है और कुल कमाई में भी बड़ा अंतर आता है।
3 साल की टाइम डिपॉजिट पर 7.1% ब्याज
जुलाई से सितंबर 2026 की तिमाही में पोस्ट ऑफिस की 3 साल की टाइम डिपॉजिट पर 7.1 फीसदी सालाना ब्याज मिल रहा है। अगर कोई व्यक्ति इसमें 10 लाख रुपये जमा करता है, तो मौजूदा दर के हिसाब से सालाना करीब 71,000 रुपये का ब्याज बनता है। तीन साल में यह रकम करीब 2.13 लाख रुपये बैठती है।
यानी मूलधन 10 लाख रुपये अलग रहेगा और तीन साल के पीरियड में करीब 2.13 लाख रुपये ब्याज से मिलेंगे। हालांकि, यह एक अनुमानित कैलकुलेशन है और इसमें यह माना गया है कि पूरी अवधि में यही ब्याज दर लागू रहती है।
5 साल की टाइम डिपॉजिट में 7.5% ब्याज
अब अगर यही 10 लाख रुपये पोस्ट ऑफिस की 5 साल की टाइम डिपॉजिट में लगाए जाते हैं, तो मौजूदा ब्याज दर 7.5 फीसदी सालाना है। इस हिसाब से सालाना ब्याज करीब 75,000 रुपये होगा। पांच साल में कुल ब्याज करीब 3.75 लाख रुपये हो सकता है। इस तरह 5 साल की टाइम डिपॉजिट में 3 साल वाली टाइम डिपॉजिट के मुकाबले करीब 1.62 लाख रुपये ज्यादा ब्याज मिल सकता है। लेकिन इसके लिए पैसा दो साल ज्यादा समय तक जमा रखना होगा।
ब्याज का पेमेंट कैसे होता है?
पोस्ट ऑफिस टाइम डिपॉजिट में ब्याज की कैलकुलेशन तिमाही आधार पर होता है, लेकिन इसका पेमेंट सालाना किया जाता है। खास बात यह है कि अगर सालाना मिलने वाला ब्याज नहीं निकाला जाता, तो उस ब्याज पर अलग से ब्याज नहीं मिलता।
5 साल के टाइम डिपॉजिट में टैक्स का भी फायदा
पोस्ट ऑफिस की 5 साल की टाइम डिपॉजिट पर लागू नियमों और शर्तों के अनुसार इनकम टैक्स एक्ट की धारा 80C के तहत टैक्स डिडक्शन का लाभ मिल सकता है। हालांकि, जमा पर मिलने वाला ब्याज निवेशक की लागू टैक्स सिस्टम के अनुसार टैक्सेबल होता है।
3 साल या 5 साल, किसके लिए कौन सा विकल्प?
अगर आपको तीन साल बाद पैसों की जरूरत पड़ सकती है, तो छोटे पीरियड वाली टाइम डिपॉजिट आपके लिए ज्यादा फायदेमंद हो सकती है। वहीं, अगर आप पांच साल तक पैसा लॉक करके रख सकते हैं, तो मौजूदा दरों पर 5 साल की टाइम डिपॉजिट से कुल ब्याज ज्यादा बनता है। ध्यान रखें कि स्मॉल सेविंग स्कीम छोटी बचत योजनाओं की ब्याज दरों की समीक्षा सरकार हर तिमाही करती है। इसलिए नया निवेश करने से पहले उस समय लागू ब्याज दर और टैक्स नियम जरूर चेक कर लें।


