क्या किसान विकास पत्र का पैसा कभी भी निकाला जा सकता है? जान लें पोस्ट ऑफिस के यह नियम!

लाइव हिन्दुस्तान
share

मुख्य बातें

  • किसान विकास पत्र यानी केवीपी में पैसा लगाने वालों के लिए अपडेट है
  • अगर आपने इस सरकारी स्कीम में निवेश किया है और अब इसे किसी दूसरे के नाम ट्रांसफर करना चाहते हैं, लोन लेने के लिए गिरवी रखना चाहते हैं या मैच्योरिटी से पहले पैसा निकालना चाहते हैं, तो इसके लिए अलग-अलग नियम हैं

Kisan Vikas Patra
केवीपी में निवेश करने से पहले सिर्फ यह देखना काफी नहीं है कि पैसा कब डबल होगा।

किसान विकास पत्र यानी केवीपी में पैसा लगाने वालों के लिए अपडेट है। अगर आपने इस सरकारी स्कीम में निवेश किया है और अब इसे किसी दूसरे के नाम ट्रांसफर करना चाहते हैं, लोन लेने के लिए गिरवी रखना चाहते हैं या मैच्योरिटी से पहले पैसा निकालना चाहते हैं, तो इसके लिए अलग-अलग नियम हैं। केवीपी का पीरियड 115 महीने यानी 9 साल 7 महीने है और मौजूदा ब्याज दर पर निवेश मैच्योरिटी पर दोगुना होता है। केवीपी में निवेश करने से पहले सिर्फ यह देखना काफी नहीं है कि पैसा कब डबल होगा। पैसे की जरूरत पड़ने पर इसे कब और कैसे निकाला या ट्रांसफर किया जा सकता है, यह नियम जानना भी उतना ही जरूरी है। आइए जानते हैं केवीपी से जुड़े जरूरी नियम।

केवीपी में कितने रुपये से निवेश शुरू कर सकते हैं?

किसान विकास पत्र में कम से कम 1,000 रुपये निवेश किया जा सकता है। निवेश की अधिकतम सीमा नहीं है। 10 साल या उससे अधिक उम्र का भारतीय नागरिक अपने नाम से केवीपी ले सकता है। नाबालिग के लिए वयस्क खाता खोल सकता है, जिसे बालिग होने पर उसके नाम ट्रांसफर किया जा सकता है।

निवेश के लिए आधार जरूरी है। 50,000 रुपये से ज्यादा के निवेश पर पैन देना होता है, जबकि 10 लाख रुपये या उससे अधिक निवेश के लिए इनकम का प्रमाण भी देना पड़ सकता है।

क्या केवीपी को मैच्योरिटी से पहले बंद कर सकते हैं?

केवीपी को अपनी इच्छा से कभी भी बंद करके पैसा निकालने की सुविधा नहीं है। नियमों के मुताबिक प्रीमैच्योर क्लोजर कुछ खास परिस्थितियों में ही किया जा सकता है।

खाता धारक की मृत्यु होने पर केवीपी बंद किया जा सकता है। जॉइंट अकाउंट में एक या सभी खाताधारकों की मृत्यु होने पर भी यह संभव है। इसके अलावा कोर्ट के आदेश या गिरवी रखने वाले व्यक्ति की ओर से जब्ती की स्थिति में भी खाता बंद किया जा सकता है।

प्रीमैच्योर क्लोजर में जमा रकम पर पोस्ट ऑफिस सेविंग अकाउंट की लागू दर के हिसाब से साधारण ब्याज दिया जाता है। वहीं, खाता खुलने के 2 साल 6 महीने बाद बंद किए जाने पर मूलधन यानी प्रिंसिपल अमाउंट के साथ लागू ब्याज का पेमेंट किया जाता है।

केवीपी को लोन के लिए गिरवी रख सकते हैं?

हां। केवीपी को सिक्योरिटी के तौर पर गिरवी रखकर सुरक्षित लोन लिया जा सकता है। इसके लिए अपने पोस्ट ऑफिस में निर्धारित फॉर्म और जिस संस्था के पक्ष में केवीपी गिरवी रखा जा रहा है, उसका स्वीकृति पत्र (Acceptance Letter) देना होता है।

केवीपी को आरबीआई, सरकारी या अनुसूचित बैंक, सहकारी बैंक/सोसायटी, सरकारी कंपनी, स्थानीय प्राधिकरण और निर्धारित शर्तों को पूरा करने वाली हाउसिंग फाइनेंस कंपनी के पक्ष में सिक्योरिटी के तौर पर रखा जा सकता है।

क्या केवीपी दूसरे व्यक्ति के नाम ट्रांसफर हो सकता है?

हां, लेकिन हर स्थिति में नहीं। केवीपी का ट्रांसफर दूसरे पात्र व्यक्ति के नाम किया जा सकता है। खाताधारक की मृत्यु पर इसे नॉमिनी या कानूनी उत्तराधिकारी के नाम किया जा सकता है। जॉइंट अकाउंट में किसी एक खाताधारक की मृत्यु पर जीवित खाताधारक के नाम भी ट्रांसफर संभव है। इसके अलावा कोर्ट के आदेश या केवीपी को गिरवी रखने की स्थिति में भी ट्रांसफर किया जा सकता है।

Sheetal

लेखक के बारे में

Sheetal
शीतल को पत्रकारिता में 15 सालों का अनुभव है। पर्सलन फाइनेंस, गोल्ड, सिल्वर, कारोबारी सफर और स्टार्टअप की खबरें लिखती हैं। अमर उजाला से अपने करियर की शुरुआत की। अब तक इकोनॉमिक टाइम्स हिंदी, भास्कर, लाइव हिन्दुस्तान और मनीकंट्रोल हिंदी (Network18) में काम किया है। अब लाइव हिन्दुस्तान में बतौर असिस्टेंट एडिटर खबरें आप तक पहुंचाने का काम कर रही हैं। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsबिज़नेस न्यूज़पर्सनल फाइनेंसकिसान विकास पत्र का पैसा कभी भी निकाला जा सकता है? जान लें पोस्ट ऑफिस के ये नियम