फेस्टिव सीजन में ऐसे बचाएं पैसे! ये बैंक दे रहे हैं बड़े ऑफर्स, जानें कहां मिलेगा ज्यादा फायदा
मुख्य बातें
- फेस्टिव सीजन शुरू होने से पहले बैंकों ने ग्राहकों को लुभाने के लिए ऑफर्स की झड़ी लगा दी है
- बीओबी कार्ड, एचएसबीसी इंडिया और यस बैंक ने क्रेडिट कार्ड, इलेक्ट्रॉनिक्स खरीदारी, विदेश में खर्च, लोन और फिक्स्ड डिपॉजिट से जुड़े कई ऑफर लॉन्च किए हैं

फेस्टिव सीजन शुरू होने से पहले बैंकों ने ग्राहकों को लुभाने के लिए ऑफर्स की झड़ी लगा दी है। बीओबी कार्ड, एचएसबीसी इंडिया और यस बैंक ने क्रेडिट कार्ड, इलेक्ट्रॉनिक्स खरीदारी, विदेश में खर्च, लोन और फिक्स्ड डिपॉजिट से जुड़े कई ऑफर लॉन्च किए हैं। यानी आने वाले दिनों में शॉपिंग से लेकर विदेश यात्रा और निवेश तक पर ग्राहकों को फायदा मिल सकता है।
बीओबी कार्ड पर टीवी-फ्रिज से लेकर लैपटॉप तक सस्ते
बैंक ऑफ बड़ौदा की क्रेडिट कार्ड कंपनी बीओबी कार्ड ने सैमसंग, सोनी, टीसीएल, हायर, ओप्पो और एचपी जैसे ब्रांड्स के इलेक्ट्रॉनिक्स प्रोडक्ट्स पर ऑफर पेश किए हैं। इनमें टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, एसी, स्मार्टफोन और लैपटॉप शामिल हैं। अलग-अलग ब्रांड पर डिस्काउंट और कैशबैक की सुविधा मिल रही है। कुछ सैमसंग प्रोडक्ट्स पर 22.5% तक डिस्काउंट, जबकि चुनिंदा हायर प्रोडक्ट्स पर 25% तक कैशबैक दिया जा रहा है। ज्यादातर ऑफर बीओबी कार्ड क्रेडिट कार्ड से ईएमआई पर खरीदारी करने पर लागू हैं। कई ऑफर 30 सितंबर तक चलेंगे, हालांकि हर ब्रांड के नियम अलग हैं।
एचएसबीसी क्रेडिट कार्ड से विदेश में खर्च पर बड़ा फायदा
एचएसबीसी इंडिया ने विदेश यात्रा करने वाले ग्राहकों के लिए खास ऑफर दिया है। बैंक 15 अगस्त से 15 सितंबर के बीच अपने क्रेडिट कार्ड से किए गए फॉरेन करेंसी लेनदेन पर फॉरेक्स मार्कअप चार्ज माफ करेगा। यह फायदा विदेश में पीओएस मशीन से पेमेंट करने के साथ-साथ फॉरेन करेंसी में ऑनलाइन पेमेंट पर भी मिलेगा। बैंक के मुताबिक, ग्राहकों को विदेश में अपनी लोकल करेंसी में पेमेंट करने पर डायनेमिक करेंसी कन्वर्जन यानी यानी डीसीसी चार्ज से भी छूट जारी रहेगी।
यस बैंक का ऑफर
यस बैंक ने केरल के ग्राहकों के लिए ओणम सीजन को देखते हुए डिपॉजिट, लोन और क्रेडिट कार्ड पर कई ऑफर पेश किए हैं। ग्राहकों को डॉलर में FCNR(B) डिपॉजिट पर 6.6% तक ब्याज मिल सकता है। वहीं सामान्य ग्राहकों के लिए एफडी पर 7.25% तक, जबकि सीनियर के लिए 7.75% तक ब्याज उपलब्ध है।
इसके अलावा बैंक 50 लाख रुपये तक का पर्सनल लोन और नई और पुरानी कारों के लिए कार लोन दे रहा है। कुछ कार लोन पर प्रोसेसिंग फीस में 50% की छूट भी है। क्रेडिट कार्ड ग्राहकों को चुनिंदा कैटेगरी में 20% तक मर्चेंट ऑफर मिल सकता है। हालांकि ऑफर देखकर तुरंत खरीदारी या निवेश करने से पहले नियम जरूर चेक कर लें।


