दिल्ली लक्ष्मी योजना में 1 सितंबर से मिलेंगे 2500 रुपये, यहां करना होगा अप्लाई
मुख्य बातें
- दिल्ली की महिलाओं के लिए बड़ी खबर है
- दिल्ली सरकार की लक्ष्मी योजना के तहत पात्र महिलाओं को 26 अगस्त से पेंशन पत्र दिए जाएंगे, जबकि 1 सितंबर से उनके बैंक खातों में हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता मिलनी शुरू होगी

दिल्ली की महिलाओं के लिए बड़ा अपडेट है। दिल्ली सरकार की लक्ष्मी योजना के तहत पात्र महिलाओं को 26 अगस्त से पेंशन पत्र दिए जाएंगे, जबकि 1 सितंबर से उनके बैंक खातों में हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता मिलनी शुरू होगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इसकी जानकारी दी। 26 अगस्त को तालकटोरा स्टेडियम में कार्यक्रम आयोजित कर लाभार्थियों को पेंशन पत्र बांटे जाएंगे। आवेदनों के वैरिफिकेशन में तेजी लाने के लिए जिला स्तर की समितियों को भी निर्देश दिए गए हैं।
कौन ले सकता है फायदा?
दिल्ली लक्ष्मी योजना के तहत 21 से 60 साल की महिलाएं पात्र हो सकती हैं। महिला दिल्ली की पंजीकृत मतदाता होनी चाहिए और परिवार की सबसे बड़ी पात्र महिला होनी जरूरी है। परिवार की सालाना इनकम 2.5 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा महिला, उसके पति या उसके माता-पिता में से किसी एक का आवेदन की तारीख तक कम से कम 10 साल से दिल्ली का निवासी होना जरूरी है।
सरकारी पेंशन या कुछ अन्य सरकारी आर्थिक सहायता पाने वाली महिलाओं, इनकमटैक्स देने वाले, GST फाइल करने वाले, सरकारी कर्मचारियों और सार्वजनिक पद पर रहने वालों को योजना का फायदा नहीं मिलेगा। तीन से अधिक जीवित बच्चों वाले परिवार, सालाना 2,400 यूनिट से अधिक बिजली खपत वाले परिवार और चार पहिया वाहन रखने वाले परिवार भी पात्र नहीं होंगे।
2,500 रुपये कैसे मिलेंगे?
इस योजना में पूरी रकम सीधे खर्च करने के लिए उपलब्ध नहीं होगी। डिफॉल्ट सिस्टम में 1,500 रुपये आरडी और एफडी में जमा किए जाएंगे, जबकि 1,000 रुपये सीबीडीसी (CBDC) वॉलेट से जुड़े बैंक खाते में जाएंगे। आरडी और एफडी का अमाउंट 31 जुलाई 2029 तक लॉक रहेगी। लाभार्थी चाहें तो पूरी 2,500 रुपये का अमाउंट भी आरडी या एफडी में जमा कराने का विकल्प चुन सकती हैं। CBDC वॉलेट से शराब, तंबाकू, नशीले पदार्थ, लॉटरी, जुआ और सट्टेबाजी जैसी चीजों पर पेमेंट नहीं किया जा सकेगा।
आवेदन अभी भी खुले हैं?
योजना के लिए पूरे साल आवेदन किया जा सकता है। हर महीने की आखिरी तारीख तक मिले आवेदन उस महीने की कट-ऑफ में शामिल होंगे और मंजूर पात्र आवेदकों को अगले महीने से फायदा मिलेगा। आवेदन में गलती सुधारने का ऑप्शन जल्द वेबसाइट पर उपलब्ध कराया जाएगा। अयोग्य पाए जाने पर सहायता बंद की जा सकती है और गलत तरीके से लिए गए अमाउंट की वसूली भी हो सकती है।


