₹4 के इस पेनी स्टॉक ने मचाया धमाल! लगातार दूसरे दिन लगा 20% का अपर सर्किट, 1 हफ्ते में 56% चढ़ा; आपका है दांव?
मुख्य बातें
- ₹10 से कम कीमत वाले वर्टेक्स सिक्योरिटीज (Vertex Securities) के शेयर में जबरदस्त तेजी देखने को मिली है
- कंपनी का शेयर लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में 20% के अपर सर्किट पर पहुंच गया और ₹4.18 के स्तर को छू लिया
- पिछले एक सप्ताह में शेयर 56% और 5 सालों में इसने 245% का मल्टीबैगर रिटर्न दिया है

पैनी स्टॉक निवेशकों के बीच बुधवार को वर्टेक्स सिक्योरिटीज (Vertex Securities) का नाम अचानक चर्चा में आ गया, जब ₹10 से कम कीमत वाला यह शेयर लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में 20% के अपर सर्किट पर पहुंच गया। BSE पर कंपनी का शेयर 20% की जोरदार छलांग लगाकर ₹4.18 पर पहुंच गया, जिससे बाजार में निवेशकों की दिलचस्पी और बढ़ गई। खास बात यह है कि यह तेजी ऐसे समय आई है, जब भारतीय शेयर बाजार में भी सकारात्मक माहौल देखने को मिला और सेंसेक्स-निफ्टी दोनों करीब 0.5% की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। आइए जरा विस्तार से इसकी डिटेल्स जानते हैं।
वर्टेक्स सिक्योरिटीज (Vertex Securities) के शेयर ने हाल के दिनों में शानदार रिटर्न देकर निवेशकों का ध्यान खींचा है। पिछले एक सप्ताह में यह स्टॉक करीब 56% उछल चुका है, जबकि एक महीने में 44% और तीन महीनों में लगभग 46% की तेजी दर्ज की गई है। हालांकि, पिछले एक साल के प्रदर्शन को देखें तो शेयर अभी भी करीब 9% नीचे है। इसके बावजूद लंबी अवधि के निवेशकों को इस शेयर ने निराश नहीं किया है। पिछले 5 सालों में वर्टेक्स शेयर ने करीब 245% का मल्टीबैगर रिटर्न देकर निवेशकों की पूंजी कई गुना बढ़ाई है।
कंपनी के वित्तीय नतीजों की बात करें तो मार्च 2026 तिमाही में वर्टेक्स सिक्योरिटीज (Vertex Securities) की नेट सेल्स बढ़कर ₹1.39 करोड़ हो गई, जो पिछले साल की समान तिमाही में ₹1.35 करोड़ थी, यानी कंपनी की आय में करीब 3.1% की बढ़ोतरी हुई। हालांकि, मुनाफे के मोर्चे पर तस्वीर उतनी अच्छी नहीं रही। कंपनी का तिमाही घाटा बढ़कर ₹1.26 करोड़ पहुंच गया, जबकि मार्च 2025 तिमाही में यह घाटा ₹0.46 करोड़ था। EBITDA भी निगेटिव बना रहा और घाटा बढ़ने का संकेत देता है।
इस साल कंपनी ने अपने राइट्स इश्यू के जरिए भी पूंजी जुटाने की कोशिश की थी। मार्च 2026 में वर्टेक्स सिक्योरिटीज (Vertex Securities) ने ₹14.80 करोड़ जुटाने के लिए 7.40 करोड़ आंशिक रूप से भुगतान किए गए इक्विटी शेयर जारी किए थे। राइट्स इश्यू का मूल्य ₹2 प्रति शेयर रखा गया था और मौजूदा शेयरधारकों को 1:1 अनुपात में नए शेयर खरीदने का अवसर दिया गया था।
वर्टेक्स सिक्योरिटीज (Vertex Securities) भारत में ब्रोकिंग, इक्विटी डेरिवेटिव, कमोडिटी ट्रेडिंग, म्यूचुअल फंड डिस्ट्रीब्यूशन, बॉन्ड, NCD और इंश्योरेंस सेवाएं प्रदान करती है। कंपनी ऑनलाइन निवेश सेवाओं और IPO से जुड़ी सुविधाएं भी उपलब्ध कराती है। वर्ष 1987 में स्थापित यह कंपनी मुंबई स्थित है और ट्रांसवारंटी फाइनेंस लिमिटेड (Transwarranty Finance Limited) की सहायक कंपनी के रूप में काम करती है।
हालांकि, शेयर में आई यह तेजी निवेशकों को आकर्षित कर रही है, लेकिन कंपनी के कमजोर वित्तीय प्रदर्शन और बढ़ते घाटे को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। इसलिए केवल तेजी देखकर निवेश का फैसला लेने के बजाय निवेशकों को कंपनी की बुनियादी स्थिति और जोखिमों का भी सावधानी से मूल्यांकन करना चाहिए।
लेखक के बारे में
Sarveshwar Pathakसर्वेश्वर पाठक अक्टूबर 2022 से ‘लाइव हिंदुस्तान’ में सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में बिजनेस और ऑटो सेक्शन के लिए
काम कर रहे हैं। सर्वेश्वर बिजनेस और ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री की खबरों, रिव्यू और गहराई से किए गए एनालिसिस के लिए जाने जाते
हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें 7 साल से अधिक का अनुभव है, जिसमें उन्होंने अपनी मजबूत पकड़ और समझ के जरिए एक अलग
पहचान बनाई है। उन्होंने देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री हासिल की और वर्ष 2019 में
ईटीवी भारत के साथ अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण और एडिटरजी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में
भी काम किया, जहां उन्होंने अपनी लेखन शैली और विश्लेषण क्षमता को और निखारा।
उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर से आने वाले सर्वेश्वर केवल एक पत्रकार ही नहीं, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी
निभाते हैं। उन्हें बाल शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता से जुड़े अभियानों में विशेष रुचि है। अपने विश्वविद्यालय के
दिनों में उन्होंने महाराष्ट्र के गोंदिया में दो महीने से अधिक समय तक सोशल वेलफेयर से जुड़े कार्य किए, जहां उन्होंने कई
स्कूलों और विश्वविद्यालयों के छात्रों को उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। लेखन के अलावा सर्वेश्वर को बचपन से ही
क्रिकेट खेलने और डांस का शौक है, जो उनके व्यक्तित्व को संतुलित और ऊर्जावान बनाता है। उनका उद्देश्य सिर्फ खबरें लिखना ही
नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक और प्रेरित करना भी है।


