₹1 के शेयर में भारी गिरावट, जबरदस्त तेजी के बाद अब अचानक बेचने की लगी होड़
कंपनी का शुद्ध मुनाफा 37.78 लाख रुपये से बढ़कर 4.30 करोड़ रुपये हो गया, जो कई गुना वृद्धि दर्शाता है। 9 महीनों के आंकड़ों पर नजर डालें तो कंपनी की कुल आय 410 करोड़ रुपये रही और मुनाफे में 200 फीसदी से ज्यादा का उछाल दर्ज हुआ।

Unison Metals Ltd Share: यूनिसन मेटल्स लिमिटेड के शेयरों में आज बुधवार को भारी गिरावट देखी गई। कंपनी के शेयर में आज 14% तक गिरावट देखी गई और यह 1.18 रुपये पर आ गया था। इससे पहले मंगलवार को कंपनी का शेयर 14.52 फीसदी उछलकर 1.24 रुपये से बढ़कर 1.42 रुपये पर पहुंच गया था। बता दें कि वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही में कंपनी ने जबरदस्त वित्तीय प्रदर्शन किया है। कंपनी की आय में साल-दर-साल 130 फीसदी की छलांग लगाते हुए यह 164 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। वहीं, शुद्ध मुनाफा 37.78 लाख रुपये से बढ़कर 4.30 करोड़ रुपये हो गया, जो कई गुना वृद्धि दर्शाता है। 9 महीनों के आंकड़ों पर नजर डालें तो कंपनी की कुल आय 410 करोड़ रुपये रही और मुनाफे में 200 फीसदी से ज्यादा का उछाल दर्ज हुआ। स्टेनलेस स्टील, सिरेमिक्स और सोडियम सिलिकेट जैसे मुख्य कारोबार से कंपनी को मजबूत ऑपरेशनल सपोर्ट मिला है।
क्या है कंपनी की योजना
कंपनी की भविष्य की रणनीति में स्पेशियलिटी केमिकल्स सेक्टर में विस्तार अहम भूमिका निभाने वाला है। अहमदाबाद में 30 करोड़ रुपये की लागत से एक नई मैन्युफैक्चरिंग यूनिट लगाई जा रही है, जिसकी उत्पादन क्षमता 38,000 मीट्रिक टन सोडियम सिलिकेट होगी। यह पूरी तरह ऑटोमेटेड और पर्यावरण मानकों के अनुरूप प्लांट होगा, जो मई 2026 से व्यावसायिक उत्पादन शुरू कर सकता है। अनुमान है कि यह यूनिट सालाना करीब 135 करोड़ रुपये का राजस्व जोड़ सकती है। इस कदम से कंपनी को डिटर्जेंट, फार्मा, फूड प्रोसेसिंग और फाउंड्री जैसे उद्योगों में मांग का लाभ मिलेगा।
कंपनी ने क्या कहा
प्रबंधन का मानना है कि इस नई यूनिट के शुरू होने से स्पेशियलिटी केमिकल्स का उत्पादन दोगुना हो जाएगा। इससे कुल टर्नओवर में 35 फीसदी और शुद्ध मुनाफे में 25 फीसदी तक बढ़ोतरी की उम्मीद है। कंपनी बैकवर्ड इंटीग्रेशन के जरिए लागत कम करने और प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त हासिल करने की दिशा में काम कर रही है। घरेलू बाजार के साथ-साथ वैश्विक मांग को भी ध्यान में रखते हुए कंपनी अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति पर आगे बढ़ रही है।
इसी के साथ, कंपनी की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी चंदनपानी लिमिटेड भी अपने मेटल पोर्टफोलियो का विस्तार कर रही है। यह 300 और 400 सीरीज के खास स्टेनलेस स्टील ग्रेड जैसे 304 और 316 पर फोकस कर रही है, जिनकी मांग ऑटोमोबाइल, ऑयल एंड गैस और हेवी इंजीनियरिंग सेक्टर में अधिक है। अनुमान है कि इस रणनीति से सहायक कंपनी की आय में सालाना 50 फीसदी तक बढ़ोतरी हो सकती है। इसके अलावा, कंपनी ने 1:10 स्टॉक स्प्लिट लागू कर फेस वैल्यू 10 रुपये से घटाकर 1 रुपये कर दी है, जिससे शेयर की लिक्विडिटी और निवेशकों की पहुंच बढ़ेगी। कुल मिलाकर, यूनिसन मेटल्स लिमिटेड अब तेज विस्तार और विविधीकरण के साथ एक नए ग्रोथ फेज में प्रवेश करती नजर आ रही है।
लेखक के बारे में
Varsha Pathakवर्षा पाठक लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं और पिछले 4 सालों से इस संस्थान से जुड़ी हुई हैं। मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें लगभग 8 साल का अनुभव है। उन्होंने जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया है। बिहार की रहने वाली वर्षा वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान के बिजनेस सेक्शन के लिए खबरें लिखती हैं। उन्हें स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस, यूटिलिटी, टैक्स, बजट, एक्सप्लेनर, इंटरव्यूज और कॉरपोरेट सेक्टर से जुड़ी खबरों की समझ है। जटिल आर्थिक विषयों को सरल, तथ्यात्मक और पाठकों के लिए उपयोगी भाषा में प्रस्तुत करना उनकी लेखन शैली की विशेषता है। हिन्दुस्तान से पहले वर्षा दैनिक भास्कर (प्रिंट), मनी भास्कर और नेटवर्क18 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम कर चुकी हैं। उन्हें फील्ड रिपोर्टिंग का अनुभव भी है। डिजिटल पत्रकारिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए वर्षा को मनी भास्कर में सबसे अधिक UVs-PVs का पुरस्कार मिल चुका है। इसके अलावा, लाइव हिन्दुस्तान में भी वर्षा का टॉप परफॉर्मेंस रहा है और इसके लिए पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।
और पढ़ें

