
77 पैसे के शेयर वाली कंपनी ने लॉन्च किया नया प्लेटफॉर्म, रॉकेट बना भाव
पेनी स्टॉक- Auri ग्रो इंडिया लिमिटेड में कारोबार के दौरान 5% का अपर सर्किट लग गया। Auri ग्रो इंडिया लिमिटेड के शेयरों में यह तेजी ऐसे समय में आई जब कंपनी ने अपने नए प्लेटफॉर्म CarbonKrishi के लॉन्च की जानकारी दी।
शेयर बाजार में बिकवाली वाले माहौल के बीच बुधवार को कुछ पेनी स्टॉक ने रॉकेट की रफ्तार पकड़ ली। ऐसा ही एक पेनी स्टॉक- Auri ग्रो इंडिया लिमिटेड है। इस स्टॉक में कारोबार के दौरान 5% का अपर सर्किट लग गया। एनएसई पर यह शेयर 77 पैसे के भाव पर बंद हुआ। शेयर के 52 हफ्ते का हाई 1.25 रुपये है। वहीं, शेयर के 52 हफ्ते का लो 45 पैसे है।
क्या है शेयर में उछाल की वजह
Auri ग्रो इंडिया लिमिटेड के शेयरों में यह तेजी ऐसे समय में आई जब कंपनी ने अपने नए प्लेटफॉर्म CarbonKrishi के लॉन्च की जानकारी दी। यह प्लेटफॉर्म आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित कार्बन क्रेडिट प्लेटफॉर्म है, जिसके जरिए कंपनी तेजी से बढ़ते कार्बन क्रेडिट और ESG (एनवायरनमेंट, सोशल और गवर्नेंस) सेक्टर में कदम रख रही है। कंपनी के मुताबिक CarbonKrishi के माध्यम से वह किसानों को टिकाऊ खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित करेगी और उन्हें अतिरिक्त आय का अवसर उपलब्ध कराएगी। कंपनी की योजना इस प्लेटफॉर्म से करीब 1 लाख किसानों को जोड़ने की है। अनुमान है कि इससे सालाना ₹16 करोड़ से ₹50 करोड़ मूल्य के कार्बन क्रेडिट का सृजन हो सकता है।
CarbonKrishi को AI एनालिटिक्स, सैटेलाइट इमेजरी, फसल और मिट्टी के डेटा तथा संरचित डिजिटल रिपोर्टिंग सिस्टम की मदद से विकसित किया गया है। इसके जरिए खेत स्तर पर कार्बन उत्सर्जन और उसके प्रभाव का आकलन किया जाएगा।
क्या कहा कंपनी के अधिकारी ने?
कंपनी के निदेशक प्रतीक कुमार पटेल ने कहा कि CarbonKrishi, Auri Grow के टेक्नोलॉजी और सस्टेनेबिलिटी आधारित एग्री-प्लेटफॉर्म बनने की दिशा में एक अहम कदम है। उन्होंने कहा कि AI, डेटा एनालिटिक्स और वैश्विक स्तर पर मान्यता प्राप्त वेरिफिकेशन फ्रेमवर्क के जरिए भारतीय कृषि को वैश्विक कार्बन क्रेडिट इकोसिस्टम से जोड़ा जाएगा। कंपनी ने यह भी बताया कि बोर्ड ने प्रबंधन को अधिग्रहण या निवेश से जुड़े सभी वैध विकल्पों—जैसे राइट्स इश्यू, QIP, प्रेफरेंशियल अलॉटमेंट या ओपन मार्केट ट्रांजैक्शन—पर विचार करने की अनुमति दी है।





