5 टुकड़ों में बंट रहा पेनी स्टॉक, 3408% बढ़ा है कंपनी का मुनाफा, 10 रुपये से कम का है शेयर

Feb 11, 2026 08:11 pm ISTVishnu Soni लाइव हिन्दुस्तान
share

पीवीवी इंफ्रा अपने शेयर का बंटवारा करने जा रही है। कंपनी अपने शेयर को 5 टुकड़ों में बांटने जा रही है। चालू वित्त वर्ष की दिसंबर तिमाही में पीवीवी इंफ्रा का मुनाफा 3408 पर्सेंट बढ़ा है। कंपनी एक साल में 2 बार बोनस शेयर दे चुकी है।

5 टुकड़ों में बंट रहा पेनी स्टॉक, 3408% बढ़ा है कंपनी का मुनाफा, 10 रुपये से कम का है शेयर

Penny Stock: पेनी स्टॉक पीवीवी इंफ्रा एक बार फिर बंटने जा रहा है। सिविल कंस्ट्रक्शन इंडस्ट्री से जुड़ी कंपनी पीवीवी इंफ्रा अपने शेयर का बंटवारा करने जा रही है। कंपनी अपने शेयर को 5 टुकड़ों में बांटने जा रही है। पीवीवी इंफ्रा ने शेयर के बंटवारे की रिकॉर्ड डेट 27 मार्च 2026 फिक्स की है। पीवीवी इंफ्रा ने इससे पहले सितंबर 2025 में भी अपने शेयर को 5 टुकड़ों में बांटा था। पीवीवी इंफ्रा को चालू वित्त वर्ष की दिसंबर तिमाही में बंपर मुनाफा हुआ है। कंपनी का प्रॉफिट 3400 पर्सेंट से ज्यादा बढ़ा है। पीवीवी इंफ्रा के शेयर बुधवार को BSE में उछाल के साथ 5.31 रुपये पर बंद हुए हैं।

3408% बढ़ा है पीवीवी इंफ्रा का मुनाफा
पीवीवी इंफ्रा (PVV Infra) का मुनाफा चालू वित्त वर्ष की दिसंबर तिमाही में सालाना आधार पर 3408 पर्सेंट बढ़ा है। कंपनी को दिसंबर 2025 तिमाही में 4.21 करोड़ रुपये का प्रॉफिट हुआ है। एक साल पहले की समान अवधि में पीवीवी इंफ्रा को 0.12 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। अगर तिमाही आधार पर देखें तो कंपनी का मुनाफा 100 पर्सेंट बढ़ा है। पीवीवी इंफ्रा को सितंबर 2025 तिमाही में 2.11 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। चालू वित्त वर्ष की दिसंबर तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू सालाना आधार पर 97 पर्सेंट बढ़कर 16.24 करोड़ रुपये रहा है। एक साल पहले की समान अवधि के दौरान कंपनी का रेवेन्यू 8.25 करोड़ रुपये था।

कंपनी ने एक साल में बांटे 2 बार बोनस शेयर
पीवीवी इंफ्रा (PVV Infra) ने अपने शेयरधारकों को एक साल में दो बार बोनस शेयर का तोहफा दिया है। कंपनी ने जून 2024 में 1:5 के रेशियो में बोनस शेयर बांटे। यानी, कंपनी ने हर 5 शेयर पर 1 बोनस शेयर दिया। पीवीवी इंफ्रा ने अगस्त 2024 में 1:1 के रेशियो में बोनस शेयर दिए। यानी, कंपनी ने हर 1 शेयर पर 1 बोनस शेयर बांटा। कंपनी में प्रमोटर की हिस्सेदारी 22.05 पर्सेंट है, जबकि पब्लिक शेयरहोल्डिंग 77.95 पर्सेंट है। शेयरहोल्डिंग का यह डेटा सितंबर 2025 तिमाही तक का है।

6 महीने में 94% उछल गए हैं कंपनी के शेयर
पेनी स्टॉक पीवीवी इंफ्रा पिछले 6 महीने में 94 पर्सेंट से अधिक उछल गया है। पीवीवी इंफ्रा के शेयर 11 अगस्त 2025 को 2.73 रुपये पर थे। कंपनी के शेयर 11 फरवरी 2026 को 5.31 रुपये पर बंद हुए हैं। अगर पिछले 5 साल की बात करें तो पीवीवी इंफ्रा के शेयर 230 पर्सेंट उछल गए हैं। कंपनी के शेयर 12 फरवरी 2021 को 1.61 रुपये पर थे। कंपनी के शेयर 11 फरवरी 2026 को 5.31 रुपये पर जा पहुंचे हैं। कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का हाई लेवल 5.66 रुपये है। वहीं, कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का लो लेवल 2.02 रुपये है।

Vishnu Soni

लेखक के बारे में

Vishnu Soni

विष्णु सोनी लाइव हिन्दुस्तान में बिजनेस, गैजेट्स और ऑटो सेक्शन संभाल रहे हैं। वह दिसंबर 2020 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ हैं। वह स्टॉक मार्केट, कॉरपोरेट, पर्सनल फाइनेंस, गैजेट्स और ऑटो की खबरें लिखते हैं। पत्रकारिता में विष्णु को 20 साल पूरे होने को हैं। विष्णु के करियर का ज्यादातर हिस्सा बिजनेस जर्नलिज्म से जुड़ा रहा है। वह दैनिक भास्कर, इकनॉमिक टाइम्स-हिंदी, अमर उजाला, नेटवर्क-18 और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। विष्णु ने पत्रकारिता की पढ़ाई इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मॉस कम्युनिकेशन (IIMC), दिल्ली से की है। विष्णु, इलाहाबाद विश्वविद्यालय के गोल्ड मेडलिस्ट हैं। GST को लेकर बनाए गए विष्णु के एक वीडियो को अवॉर्ड भी मिल चुका है।

और पढ़ें
जानें Hindi News, Business News, Budget 2026, बजट 2026 Live, Income Tax Live Updates की लेटेस्ट खबरें, शेयर बाजार का लेखा-जोखा, Share Market के लेटेस्ट अपडेट्स Investment Tips के बारे में सबकुछ।,