कर्ज मुक्त होगी कंपनी, चुका दी 90% से ज्यादा उधारी, 10 रुपये से कम का शेयर बना रॉकेट
मुख्य बातें
- ज्वैलरी कंपनी पीसी ज्वैलर ने अपनी 90 पर्सेंट से ज्यादा उधारी चुका दी है
- कंपनी अपना बचा हुआ कर्ज मौजूदा तिमाही में ही चुका देगी और पूरी तरह कर्ज-मुक्त होने का दर्जा हासिल कर लेगी
- पीसी ज्वैलर के शेयर गुरुवार को 12 पर्सेंट से ज्यादा उछल गए हैं

ज्वैलरी कंपनी पीसी ज्वैलर पूरी तरह कर्ज मुक्त होने की तैयारी में है। कंपनी ने बताया है कि वह कर्ज-मुक्त होने के अपने लक्ष्य की तरफ तेजी से बढ़ रही है और पीसी ज्वैलर मौजूदा तिमाही में ही इस लक्ष्य को हासिल कर लेगी। यानी, कंपनी पूरी तरह कर्ज मुक्त हो जाएगी। पीसी ज्वैलर ने यह बात गुरुवार शाम बाजार बंद होने के बाद एक्सचेंज फाइलिंग में कही है। ज्वैलरी कंपनी के शेयरों में गुरुवार को तूफानी तेजी देखने को मिली है। पीसी ज्वैलर के शेयर गुरुवार को BSE में 12 पर्सेंट से अधिक के उछाल के साथ 9.88 रुपये पर बंद हुए हैं।
90% से ज्यादा चुका दी अपनी उधारी
ज्वैलरी कंपनी पीसी ज्वैलर ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया है कि चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में उसका ऑपरेशनल परफॉर्मेंस मजबूत रहा है। कंपनी ने बिजनेस अपडेट में बताया है कि 30 जून 2026 को खत्म हुई पहली तिमाही में उसकी कंसॉलिडेटेड रेवेन्यू ग्रोथ सालाना आधार पर 21 पर्सेंट रही है। पीसी ज्वैलर ने बताया है कि ज्वाइंट सेटलमेंट एग्रीमेंट की शर्तों के तहत कंपनी ने बैंकों को दिए जाने वाले अपने बकाए का 24 पर्सेंट और चुका दिया है। इसी के साथ कंपनी ने 30 सितंबर 2024 को बैंकों के साथ किए गए सेटलमेंट एग्रीमेंट के बाद से अब तक 90 पर्सेंट से ज्यादा बकाया लोन चुका दिया है। कंपनी ने कहा है कि बाकी बचे कर्ज को जल्द चुका दिया जाएगा और कंपनी मौजूदा तिमाही में ही कर्ज-मुक्त का दर्जा हासिल कर लेगी। इससे आने वाले समय में कंपनी की वित्तीय स्थिति में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।
चौथी तिमाही में 61% बढ़ा था कंपनी का मुनाफा
पीसी ज्वैलर लिमिटेड (PC Jeweller) का कंसॉलिडेटेड मुनाफा 31 मार्च 2026 को खत्म हुई तिमाही में सालाना आधार पर 61 पर्सेंट बढ़कर 152.89 करोड़ रुपये रहा था। इससे एक साल पहले की समान अवधि में ज्वैलरी कंपनी का मुनाफा 94.78 करोड़ रुपये था। मार्च 2026 तिमाही में कंपनी की टोटल इनकम बढ़कर 946.26 करोड़ रुपये पहुंच गई, जो कि एक साल पहले की समान अवधि में 700.10 करोड़ रुपये थी। अगर पूरे वित्त वर्ष की बात करें तो वित्त वर्ष 2025-26 में पीसी ज्वैलर का नेट प्रॉफिट बढ़कर 714.46 करोड़ रुपये पहुंच गया था, जो कि इससे पहले के वित्त वर्ष में 577.70 करोड़ रुपये था।
शेयरों का बंटवार भी कर चुकी है कंपनी
पीसी ज्वैलर लिमिटेड अपने शेयर का बंटवारा (स्टॉक स्प्लिट) भी कर चुकी है। कंपनी ने दिसंबर 2024 में अपने शेयर को 10 टुकड़ों में बांटा। कंपनी ने 10 रुपये फेस वैल्यू वाले अपने शेयर को 1-1 रुपये फेस वैल्यू वाले 10 शेयरों में बांटा था। पीसी ज्वैलर लिमिटेड अपने शेयरधारकों को बोनस शेयर भी दे चुकी है। कंपनी ने जुलाई 2017 में 1:1 के रेशियो में बोनस शेयर दिए। यानी, कंपनी ने हर 1 शेयर पर 1 बोनस शेयर दिया।
लेखक के बारे में
Vishnu Soniविष्णु सोनी लाइव हिन्दुस्तान में बिजनेस, गैजेट्स और ऑटो सेक्शन संभाल रहे हैं। वह दिसंबर 2020 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ
हैं। वह शेयर बाजार, कॉरपोरेट, पर्सनल फाइनेंस, गैजेट्स और ऑटो की खबरें लिखते हैं। गैजेट्स और ऑटो रिव्यू में भी इनकी
दिलचस्पी है। बिजनेस से जुड़ी खबरों में विष्णु हमेशा इस बात पर फोकस करते हैं कि वह पाठकों के 'काम की बात' वाला एंगल
प्रमुखता से खबर में ला सकें, ताकि उनकी वित्तीय जागरूकता बढ़े। बिजनेस से जुड़ी खबरों में भाषा की सरलता और सहजता पर भी
विष्णु का ध्यान हमेशा रहा है।
पत्रकारिता में विष्णु को 20 साल पूरे होने को हैं। विष्णु के करियर का ज्यादातर हिस्सा बिजनेस जर्नलिज्म से जुड़ा रहा है।
वह दैनिक भास्कर, इकनॉमिक टाइम्स-हिंदी, अमर उजाला, नेटवर्क-18 और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर
चुके हैं। विष्णु ने पत्रकारिता की पढ़ाई इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मॉस कम्युनिकेशन (IIMC), दिल्ली से की है। विष्णु, इलाहाबाद
विश्वविद्यालय के गोल्ड मेडलिस्ट हैं। GST को लेकर बनाए गए विष्णु के एक वीडियो को अवॉर्ड भी मिल चुका है। कुकिंग,
ट्रेवलिंग, क्रिकेट देखने और खेलने में इनको मजा आता है। अपने वक्त का एक हिस्सा विष्णु ऐसे शेयरों को 'खोजने' में लगाते
हैं, जो कि आगे चलकर अच्छा रिटर्न दें।


