इस कंपनी ने प्रोजेक्ट पर दिया बड़ा अपडेट, अब सोमवार को 30 रुपये वाले शेयर पर नजर
मुख्य बातें
- पटेल इंजीनियरिंग के शेयर की बात करें तो बीएसई पर 29.60 रुपये का है
- कंपनी ने मध्य प्रदेश में 12 किलोमीटर लंबी 'भारत की सबसे लंबी' सिंचाई सुरंग परियोजना में सफलता हासिल कर ली है

Patel Engineering Share: शेयर बाजार में लिस्टेड पेनी कैटेगरी के शेयर- पटेल इंजीनियरिंग सोमवार को फोकस में रहेंगे। ये हम इसलिए कह रहे हैं क्योंकि कंपनी ने एक अहम ऐलान किया है। बता दें कि पटेल इंजीनियरिंग के शेयर की कीमत 30 रुपये के स्तर पर है।
क्या कहा कंपनी ने?
पटेल इंजीनियरिंग ने शनिवार को घोषणा की कि उसने मध्य प्रदेश में 1,600 करोड़ रुपये की लागत से बन रही 12 किलोमीटर लंबी 'भारत की सबसे लंबी' सिंचाई सुरंग परियोजना में सफलता हासिल कर ली है। सुरंग बनाने के काम में, कामयाबी का मतलब उस पल से है जब दोनों तरफ से खुदाई का काम कर रही टीमें एक तय बिंदु पर मिलती हैं। कंपनी ने एक बयान में कहा कि भारत की सबसे लंबी सिंचाई सुरंग परियोजना में यह कामयाबी कई भूवैज्ञानिक और जल-संबंधी चुनौतियों से पार पाने के बाद मिली है। बता दें कि बारह किलोमीटर लंबी यह सुरंग, स्लीमानाबाद कैरियर नहर परियोजना का हिस्सा है। यह स्लीमानाबाद (तहूली गांव) से शुरू होती है और खिरानी गांव तक जाती है।
यह नहर परियोजना पूरी होने के बाद मध्य प्रदेश में लगभग 2,45,000 हेक्टेयर क्षेत्र की सिंचाई करेगी। साथ ही जबलपुर और कटनी को रोजाना 28.4 करोड़ लीटर घरेलू और औद्योगिक पानी भी आपूर्ति करेगी। स्लीमानाबाद कैरियर नहर, नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण द्वारा विकसित की जा रही बरगी डायवर्जन परियोजना का हिस्सा है।
पटेल इंजीनियरिंग ने कहा कि इस सुरंग को बनाने के लिए भारत के सिंचाई इंफ्रा के क्षेत्र में सबसे मुश्किल भूवैज्ञानिक स्थितियों का सामना करना पड़ा। कंपनी की प्रबंध निदेशक कविता शिरवईकर के मुताबिक यह कामयाबी एक गर्व का पल है और मध्य प्रदेश में सिंचाई के इंफ्रा स्ट्रक्चर को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम है।
शेयर का परफॉर्मेंस
पटेल इंजीनियरिंग के शेयर की बात करें तो बीएसई पर 29.60 रुपये का है। बीते शुक्रवार को शेयर बिकवाली मोड में रहा और भाव में 2.28% की गिरावट आई। शेयर के 52 हफ्ते का हाई और लो क्रमश: 40.57 रुपये और 22.08 रुपये है।
मार्च तिमाही का परफॉर्मेंस
पटेल इंजीनियरिंग के जून तिमाही के नतीजों का इंतजार है। इससे पहले वित्त वर्ष 2025-26 की मार्च तिमाही में कंपनी का मुनाफा दोगुने से अधिक होकर 71.49 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी ने 2024-25 की चौथी (जनवरी–मार्च) तिमाही में 32.80 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया था। तिमाही में कंपनी का खर्च 1,498.3 करोड़ रुपये से घटकर 1,311.3 करोड़ रुपये रह गया। हालांकि, कुल आय भी सालाना आधार पर 1,637 करोड़ रुपये से कम होकर 1,456 करोड़ रुपये रह गई।
लेखक के बारे में
Deepak Kumarहिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।
और पढ़ें

