पूरा लोन चुकाकर कर्ज-मुक्त होगी कंपनी, इसी महीने आएगा बड़ा अपडेट, 30% से ज्यादा उछले शेयर
मुख्य बातें
- ज्वैलरी कंपनी पीसी ज्वैलर लिमिटेड कर्ज-मुक्त होने की तैयारी में है
- कंपनी इसी महीने कर्ज-मुक्त दर्जा हासिल कर सकती है
- कंपनी के शेयर सोमवार को 11% से ज्यादा उछलकर 13.32 रुपये पर पहुंच गए हैं

पीसी ज्वैलर लिमिटेड के शेयरों में तूफानी तेजी जारी है। ज्वैलरी कंपनी के शेयर सोमवार को BSE में 11 पर्सेंट से अधिक की तेजी के साथ 13.32 रुपये पर पहुंच गए हैं। 3 दिन में पीसी ज्वैलर के शेयरों में 30 पर्सेंट से अधिक का उछाल देखने को मिला है। पिछले एक महीने में कंपनी के शेयर 36 पर्सेंट उछले हैं। पीसी ज्वैलर लिमिटेड ने हाल में बताया है कि उसने एक और बैंक का कर्ज चुका दिया है। ज्वैलरी कंपनी ने 30 सितंबर 2024 को हुए एक सेटलमेंट एग्रीमेंट के तहत यह लोन चुकाया है। पीसी ज्वैलर का मार्केट कैप सोमवार को 12,900 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है।
14 में से 9 बैंकों का पूरा लोन चुकाया
ज्वैलरी कंपनी पीसी ज्वैलर लिमिटेड (PC Jeweller) ने अब 14 कंसोर्शियम बैंकों में से 9 बैंकों का पूरा लोन चुका दिया है। कंपनी ने एक रेगुलेटरी फाइलिंग में बताया है कि हर रिपेमेंट तय तारीख से पहले किया गया है। इसके अलावा, पीसी ज्वैलर ने बाकी बचे 5 बैंकों की कुल बकाया उधारी का 96 पर्सेंट से अधिक हिस्सा चुका दिया है।
इस महीने कर्ज-मुक्त दर्जा हासिल कर लेगी कंपनी
ज्वैलरी कंपनी पीसी ज्वैलर लिमिटेड (PC Jeweller) ने कहा है कि वह इन बैंकों के 4 पर्सेंट से कम के बकाया को चुकाने की राह पर है और इस महीने कर्ज-मुक्त दर्जा हासिल कर लेगी। पीसी ज्वैलर ने कहा है कि यह कदम उसकी बैलेंस शीट को मजबूत करेगा। पीसी ज्वैलर लिमिटेड और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की अगुवाई वाले 14 बैंकों के कंसोर्शियम के बीच 30 सितंबर 2024 को सेटलमेंट एग्रीमेंट हुआ था। यह वन-टाइम सेटलमेंट स्ट्रेस्ड लोन बुक के निपटारे के लिए था, जो कि मार्च 2024 में करीब 4100 करोड़ रुपये की थी। कंसोर्शियम के दूसरे बैंकों में यूनियन बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, एक्सिस बैंक, इंडसइंड बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, आईडीबीआई बैंक, करुर वैश्य बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, इंडियन ओवरसीज बैंक, केनरा बैंक, इंडियन बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा और IDFC फर्स्ट बैंक शामिल हैं।
413% से ज्यादा चढ़ गए हैं पीसी ज्वैलर के शेयर
ज्वैलरी कंपनी पीसी ज्वैलर लिमिटेड (PC Jeweller) के शेयरों में पिछले 5 साल में अच्छी तेजी आई है। पीसी ज्वैलर के शेयर पांच साल में 413 पर्सेंट उछल गए हैं। कंपनी के शेयर इस अवधि में 2.59 रुपये से बढ़कर 13.32 रुपये पर पहुंच गए हैं। पिछले 3 साल में पीसी ज्वैलर के शेयरों में 380 पर्सेंट से अधिक की तेजी देखने को मिली है। वहीं, इस साल अब तक कंपनी के शेयरों में 43 पर्सेंट का उछाल आया है। पीसी ज्वैलर के शेयरों का 52 हफ्ते का हाई लेवल 15.38 रुपये है। वहीं, कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का निचला स्तर 7.45 रुपये है।
10 टुकड़ों में बंट चुका है पीसी ज्वैलर का शेयर
ज्वैलरी कंपनी पीसी ज्वैलर लिमिटेड के शेयर 10 टुकड़ों में बंट चुके हैं। कंपनी ने दिसंबर 2024 में 10 रुपये फेस वैल्यू वाले अपने शेयर को 1-1 रुपये फेस वैल्यू वाले 10 शेयरों में बांटा। कंपनी अपने शेयरधारकों को बोनस शेयर का तोहफा भी दे चुकी है। पीसी ज्वैलर ने जुलाई 2017 में अपने निवेशकों को 1:1 के रेशियो में बोनस शेयर दिए। यानी, कंपनी ने हर 1 शेयर पर 1 बोनस शेयर दिया।


