कर्ज मुक्त होने की कगार पर यह चर्चित कंपनी, अब नया ऐलान… ₹10 से भी कम का शेयर
मुख्य बातें
- पीसी ज्वैलर ने बताया कि क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशंस प्लेसमेंट (QIP) के जरिए फंड जुटाने के प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा
- पीसी ज्वैलर ने अब तक 90 पर्सेंट से ज्यादा बकाया लोन चुका दिया है

PC jeweller share price: सप्ताह के दूसरे दिन मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार एक बार फिर बिकवाली मोड में नजर आया। इस बीच, मल्टीबैगर ज्वेलरी स्टॉक पीसी ज्वैलर (PC Jeweller) के शेयर में भारी उतार-चढ़ाव दिखा। इंट्रा-डे के दौरान कंपनी के शेयर करीब 2 पर्सेंट उछलकर 10.13 रुपये तक पहुंच गए तो 9.79 रुपये इसका लो रहा। शेयर में ये हलचल इसलिए भी अहम है क्योंकि कंपनी ने फंड जुटाने की योजना बनाई है। बता दें कि कंपनी कर्ज मुक्त होने की कगार पर है।
कंपनी ने खुद किया ऐलान
कंपनी ने स्टॉक एक्सचेंज को बताया कि उसका बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स गुरुवार, 16 जुलाई, 2026 को एक मीटिंग करेगा। इस मीटिंग में क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशंस प्लेसमेंट (QIP) के जरिए फंड जुटाने के प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा। यह कंपनी की बिजनेस ग्रोथ को तेजी देने और भविष्य के मौकों का फायदा उठाने की रणनीति का हिस्सा है। फंड जुटाने का यह प्रस्ताव ऐसे समय में आया है जब ज्वेलरी रिटेलर मौजूदा तिमाही में अपने बाकी कर्ज को चुकाने की तैयारी कर रहा है। इससे नया कैपिटल मुख्य रूप से विस्तार और रणनीतिक पहलों में लगाया जा सकेगा।
कंपनी के मुताबिक बोर्ड आने वाली तिमाहियों के लिए कंपनी की व्यापक बिजनेस ग्रोथ रणनीति की समीक्षा और उसे अंतिम रूप देगा। इसके साथ ही, SEBI (इश्यू ऑफ कैपिटल एंड डिस्क्लोजर रिक्वायरमेंट्स) रेगुलेशंस, 2018, कंपनीज एक्ट 2013 और अन्य लागू कानूनों के प्रावधानों के अनुसार QIP के जरिए सिक्योरिटीज जारी करने की मंजूरी पर विचार करेगा। यह सब जरूरी रेगुलेटरी और शेयरहोल्डर मंजूरी के अधीन होगा।
क्या होगा पैसे का?
कंपनी ने कहा कि प्रस्तावित QIP से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल मुख्य रूप से रणनीतिक ग्रोथ पहलों, बिजनेस विस्तार योजनाओं, कैपिटल की जरूरतों, सामान्य कॉर्पोरेट मकसद के लिए किया जाएगा, जिससे इसकी लंबी अवधि की ग्रोथ की राह मजबूत होगी। बोर्ड प्रस्तावित फंड जुटाने के लिए मध्यस्थों, सलाहकारों और अन्य एजेंसियों की नियुक्ति पर भी विचार करेगा और लागू कानूनों के अनुसार शेयरहोल्डर्स की मंजूरी लेगा। कंपनी को उम्मीद है कि वह मौजूदा तिमाही में अपने बाकी कर्ज को चुका देगी।
कितना बचा है कर्ज?
हाल ही में पीसी ज्वैलर ने बताया कि अब तक 90 पर्सेंट से ज्यादा बकाया लोन चुका दिया है। कंपनी ने कहा है कि बाकी बचे कर्ज को जल्द चुका दिया जाएगा और कंपनी मौजूदा तिमाही में ही कर्ज-मुक्त का दर्जा हासिल कर लेगी। बता दें कि कंपनी का कंसॉलिडेटेड मुनाफा 31 मार्च 2026 को खत्म हुई तिमाही में सालाना आधार पर 61 पर्सेंट बढ़कर 152.89 करोड़ रुपये रहा था। इससे एक साल पहले की इसी अवधि में ज्वैलरी कंपनी का मुनाफा 94.78 करोड़ रुपये था।
शेयर का परफॉर्मेंस
इस पेनी स्टॉक में 1 हफ्ते के दौरान 7%, 1 महीने के दौरान 12% और 3 महीनों के दौरान 1% की बढ़त हुई है। हालांकि, पिछले 1 साल में इसमें 41% से अधिक की गिरावट आई है। वहीं, 5 सालों में इसमें 269% की तेजी आई है। इसने पिछले साल जुलाई में ₹18 का 52-हफ़्ते का उच्चतम स्तर और मार्च 2026 में ₹7.45 का 52-हफ़्ते का निचला स्तर छुआ था।
लेखक के बारे में
Deepak Kumarहिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।
और पढ़ें

