98% से ज्यादा चुका दी उधारी, इसी महीने कर्ज-मुक्त होने की है तैयारी, शेयर रॉकेट सा उड़े

लाइव हिन्दुस्तान
share

मुख्य बातें

  • पीसी ज्वैलर ने एक और बैंक का लोन चुका दिया है, इसके साथ ही कंपनी ने 14 कंसोर्शियम बैंकों में से 12 बैंकों की पूरी उधारी चुका दी है
  • कंपनी के शेयर मंगलवार को 6% से ज्यादा चढ़कर 13.60 रुपये पर बंद हुए हैं

Penny Stock PC Jeweller
पीसी ज्वैलर अपने शेयर का 10 टुकड़ों में बंटवारा भी कर चुकी है।

ज्वैलरी कंपनी पीसी ज्वैलर इसी महीने कर्ज-मुक्त दर्जा हासिल कर सकती है। पीसी ज्वैलर ने मंगलवार को एक्सचेंज फाइलिंग में बताया है कि इसी महीने कर्ज-मुक्त दर्जा हासिल करने के अपने लक्ष्य की दिशा में कंपनी ने 1 और बैंक का पूरा बकाया कर्ज चुका दिया है। कंपनी ने 30 सितंबर 2024 के सेटलमेंट एग्रीमेंट की शर्तों के तहत यह लोन चुकाया है। पीसी ज्वैलर लिमिटेड के शेयर मंगलवार को BSE में 6.33 पर्सेंट के उछाल के साथ 13.60 रुपये पर बंद हुए हैं।

बैंकों की 98 पर्सेंट से ज्यादा उधारी चुकाई
पीसी ज्वैलर लिमिटेड (PC Jeweller) ने बताया है कि इस सफल लोन क्लीयरेंस के साथ ही कंपनी ने अब 14 कंसोर्शियम बैंकों में से 12 बैंकों की पूरी उधारी चुका दी है। कंपनी ने बताया है कि सभी रिपेमेंट्स तय तारीख से पहले किए गए हैं। इस रिपेमेंट के साथ ही पीसी ज्वैलर ने बैंकों का 98 पर्सेंट से ज्यादा बकाया लोन चुका दिया है। पीसी ज्वैलर लिमिटेड, बैंकों का बचा 2 पर्सेंट से कम लोन चुकाने की राह पर है और इसी महीने कर्ज-मुक्त दर्जा हासिल कर लेगी। कंपनी का कहना है कि यह उसकी बैलेंस शीट और वित्तीय स्थिति को मजबूत करेगा।

5 साल में 433% उछल गए हैं पीसी ज्वैलर के शेयर
ज्वैलरी कंपनी पीसी ज्वैलर लिमिटेड (PC Jeweller) के शेयरों में 5 साल में 433 पर्सेंट की तेजी देखने को मिली है। इस अवधि के दौरान कंपनी के शेयर 2.55 रुपये से बढ़कर 13.60 रुपये पर जा पहुंचे हैं। पिछले 3 साल में पीसी ज्वैलर के शेयरों में 413 पर्सेंट का उछाल आया है। हालांकि, पिछले एक साल में कंपनी के शेयर लगभग फ्लैट रहे हैं। कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का हाई लेवल 14.45 रुपये है। वहीं, कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का निचला स्तर 7.45 रुपये है। पीसी ज्वैलर का मार्केट कैप मंगलवार को 13,247 करोड़ रुपये के पार जा पहुंचा है।

10 टुकड़ों में बंट चुका है कंपनी का शेयर
पीसी ज्वैलर लिमिटेड अपने शेयर का भी बंटवारा कर चुकी है। कंपनी अपने शेयर को 10 टुकड़ों में बांट चुकी है। कंपनी ने दिसंबर 2024 में 10 रुपये फेस वैल्यू वाले अपने शेयर को 1-1 रुपये फेस वैल्यू वाले 10 शेयरों में बांटा है। इससे पहले, कंपनी अपने शेयरधारकों को बोनस शेयर का तोहफा भी दे चुकी है। कंपनी ने जुलाई 2017 में अपने निवेशकों को 1:1 के रेशियो में बोनस शेयर दिए। यानी, कंपनी ने हर 1 शेयर पर 1 बोनस शेयर दिया।

Vishnu Soni

लेखक के बारे में

Vishnu Soni

विष्णु सोनी लाइव हिन्दुस्तान में बिजनेस, गैजेट्स और ऑटो सेक्शन संभाल रहे हैं। वह दिसंबर 2020 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ हैं। वह शेयर बाजार, कॉरपोरेट, पर्सनल फाइनेंस, गैजेट्स और ऑटो की खबरें लिखते हैं। गैजेट्स और ऑटो रिव्यू में भी इनकी दिलचस्पी है। बिजनेस से जुड़ी खबरों में विष्णु हमेशा इस बात पर फोकस करते हैं कि वह पाठकों के 'काम की बात' वाला एंगल प्रमुखता से खबर में ला सकें, ताकि उनकी वित्तीय जागरूकता बढ़े। बिजनेस से जुड़ी खबरों में भाषा की सरलता और सहजता पर भी विष्णु का ध्यान हमेशा रहा है।

पत्रकारिता में विष्णु को 20 साल पूरे होने को हैं। विष्णु के करियर का ज्यादातर हिस्सा बिजनेस जर्नलिज्म से जुड़ा रहा है। वह दैनिक भास्कर, इकनॉमिक टाइम्स-हिंदी, अमर उजाला, नेटवर्क-18 और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। विष्णु ने पत्रकारिता की पढ़ाई इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मॉस कम्युनिकेशन (IIMC), दिल्ली से की है। विष्णु, इलाहाबाद विश्वविद्यालय के गोल्ड मेडलिस्ट हैं। GST को लेकर बनाए गए विष्णु के एक वीडियो को अवॉर्ड भी मिल चुका है। कुकिंग, ट्रेवलिंग, क्रिकेट देखने और खेलने में इनको मजा आता है। अपने वक्त का एक हिस्सा विष्णु ऐसे शेयरों को 'खोजने' में लगाते हैं, जो कि आगे चलकर अच्छा रिटर्न दें।

और पढ़ें
बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi Newsबिज़नेस न्यूज़98% से ज्यादा चुका दी उधारी, इसी महीने कर्ज-मुक्त होने की तैयारी, शेयर बने रॉकेट