Paytm का बड़ा दांव: अब पेमेंट ही नहीं, AI एजेंट भी बेचेगी कंपनी, शेयर रिकॉर्ड ऊंचाई पर

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • Paytm Pi: डिजिटल पेमेंट की दुनिया में पहचान बनाने वाली Paytm अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के कारोबार में बड़ा कदम उठाने की तैयारी कर रही है
  • अब तक कंपनी का मुख्य कारोबार डिजिटल पेमेंट, लोन, निवेश और उससे जुड़ी वित्तीय सेवाओं पर केंद्रित रहा है

Paytm share price
पेटीएम का नया बिजनेस प्लान, शेयर ने भरी उड़ान, आखिर क्या है 'Pi'

पेटीएम की मूल कंपनी वन 97 कम्युनिकेशंस के शेयर में आज 5% की तेजी दर्ज की जा रही है। इस तेजी की बदौलत पेटीएम का यह शेयर 52 हफ्ते के हाई पर पहुंच गया। इस तेजी की वजह है कंपनी का नया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) बिजनेस शुरू करने का प्लान। कंपनी ने इसका नाम पेटीएम इंटेलिजेंस (Pi) रखा है। इस खबर के बीच, आज पेटीएम के शेयर दोपहर दो बजे के करीब 4.73 प्रतिशत ऊपर ₹1,749 पर कारोबार कर रहा था।

यह सुबह 1677 रुपये पर खुलकर आज दिन में ₹1,757 तक पहुंच गया, जो इसका 52 हफ्तों का उच्चतम स्तर है। पिछले एक महीने में शेयर में 10% और इस साल अब तक 35% की बढ़त हो चुकी है। जबकि, एक साल में इसने 43 फीसद की उड़ान भरी है।

क्या है नया प्लान?

ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, पेटीएम अब बड़ी कंपनियों यानी एंटरप्राइज कस्टमर्स को AI एजेंट्स बेचेगी। ये AI एजेंट खुद-ब-खुद काम कर सकते हैं, जैसे ग्राहकों की मदद करना, बिक्री बढ़ाना, या कंपनी के कामकाज को संभालना। Pi की सबसे बड़ी ताकत सिर्फ AI एजेंट नहीं, बल्कि Paytm का वह फाइनेंशियल सर्विसेज AI मॉडल है जिस पर कंपनी करीब दो साल से काम कर रही है।

कंपनी के पास वर्षों से डिजिटल पेमेंट के जरिए जमा हुआ बहुत बड़ा वित्तीय और व्यवहार संबंधी डेटा है। इसी डेटा का इस्तेमाल करके AI मॉडल को तैयार किया गया है। यह मॉडल संभावित रूप से फ्रॉड की पहचान, ग्राहक की क्रेडिट योग्यता और इंश्योरेंस क्लेम की विश्वसनीयता जैसे मामलों का अनुमान लगाने में सक्षम है।

यही डेटा Paytm को उन कंपनियों से अलग बढ़त दे सकता है जिनके पास वित्तीय लेनदेन से जुड़ा इतना बड़ा डेटासेट नहीं है।

'पेटीएम इंटेलिजेंस (Pi)' क्या है?

कंपनी ने इस AI सर्विस का नाम Pi (पेटीएम इंटेलिजेंस) रखा है। यह एक खास AI मॉडल है जिसे पेटीम ने पिछले 2 सालों में बनाया है। यह मॉडल पेटीएम के पास मौजूद करोड़ों ट्रांजैक्शन और ग्राहकों के डेटा पर आधारित है।

Pi को सामान्य चैटबॉट से अलग बनाने की कोशिश की जा रही है। इसके AI एजेंट ग्राहकों की जरूरत समझने के साथ-साथ बिजनेस कैंपेन चला सकेंगे, नए ग्राहक हासिल करने में मदद करेंगे और पुराने ग्राहकों को दूसरी सेवाएं बेचने यानी क्रॉस-सेलिंग में मदद करेंगे। यानी AI सिर्फ सवाल का जवाब देने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि कंपनी के रोजमर्रा के कामों में सक्रिय भूमिका निभाएगा।

किन ग्राहकों को मिलेगी यह सर्विस?

शुरुआत में पेटीएम यह सर्विस भारत और यूएई के बैंकों, बीमा कंपनियों, छोटे ऋणदाताओं और दूसरी वित्तीय कंपनियों को देगी।

Paytm में फिर बढ़ रहा है भरोसा

दो साल पहले नियामकीय परेशानियों के कारण Paytm के मूल कारोबार पर बड़ा दबाव आया था। कंपनी अब उन मुश्किलों से काफी हद तक बाहर निकल चुकी है। कंपनी ने दोबारा रेवेन्यू ग्रोथ और मुनाफे की ओर वापसी की है। पिछले दो वर्षों में उसके शेयरों की कीमत भी दोगुने से ज्यादा बढ़ी है। लागत कम करने और लगातार मुनाफा कमाने की दिशा में हुई प्रगति ने कंपनी को नए कारोबार में दांव लगाने का भरोसा दिया है।

अगले साल 4,000 लोगों की भर्ती का प्लान

दिलचस्प बात यह है कि AI पर जोर देने के बावजूद Paytm बड़े स्तर पर भर्ती भी करने जा रही है। कंपनी ने अगले साल की शुरुआत तक करीब 4,000 लोगों को नियुक्त करने की योजना बनाई है। इन भर्तियों का संबंध मर्चेंट नेटवर्क बढ़ाने और AI आधारित नए उत्पादों के विस्तार से है।

(डिस्‍क्‍लेमर: एक्सपर्ट्स की सिफारिशें, सुझाव, विचार और राय उनके अपने हैं, लाइव हिन्दुस्तान के नहीं। शेयर मार्केट में निवेश जोखिमों के अधीन है और निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)

Drigraj Madheshia

लेखक के बारे में

Drigraj Madheshia

दृगराज मद्धेशिया पिछले 21 वर्षों से पत्रकारिता जगत का एक विश्वसनीय चेहरा हैं। वर्तमान में 'लाइव हिन्दुस्तान' की बिजनेस टीम के एक महत्वपूर्ण सदस्य के रूप में, वे शेयर बाजार, कमोडिटी, पर्सनल फाइनेंस और यूटिलिटी सेक्टर पर अपनी गहरी पकड़ रखते हैं। वह कलम से बाजार की नब्ज टटोलने वाले एक पत्रकार हैं, जो शेयर बाजार से लेकर आपकी जेब (Personal Finance) तक, हर खबर को आसान बनाते हैं। टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया के अपने विस्तृत अनुभव के साथ, दृगराज जटिल मार्केट डेटा को आम पाठकों के लिए 'कुछ अलग' और आसान भाषा में पेश करने के लिए पहचाने जाते हैं। उन्होंने अपने करियर में हिन्दुस्तान, सहारा समय, दैनिक जागरण और न्यूज नेशन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। मूलत: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रहने वाले दृगराज मैथ्स बैकग्राउंड होने के कारण डेटा और कैलकुलेशन में माहिर हैं, जो बिजनेस पत्रकारिता के लिए एक बड़ा प्लस पॉइंट है। उन्होंने कॅरियर की शुरुआत गोरखपुर से सहारा समय साप्ताहिक से बतौर फ्रीलांसर की और बहुत ही जल्द सहारा समय उत्तर प्रदेश/उत्तराखंड के हिस्सा बन गए। ​इसके बाद छत्तीसगढ़ में वॉच न्यूज से जुड़े। टीवी को छोड़ हिन्दुस्तान अखबार के बरेली एडिशन की लॉन्चिंग टीम का हिस्सा बने। साढ़े सात साल की मैराथन पारी के बाद अगला पड़ाव न्यूज नेशन डिजिटल रहा। इसके बाद एक बार फिर हिन्दुस्तान दिल्ली से जुड़े और अब डिजिटल टीम का हिस्सा हैं। और पढ़ें

बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi Newsबिज़नेस न्यूज़पेटीएम का नया बिजनेस प्लान, शेयर ने भरी उड़ान, आखिर क्या है 'Pi'