कभी ₹150 तो कभी ₹200…एक साल से बंपर डिविडेंड दे रही यह कंपनी, शेयर पर है दांव?
मुख्य बातें
- पेज इंडस्ट्रीज ने मार्च तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं
- इसके साथ ही कंपनी ने अपने निवेशकों को डिविडेंड भी देने का ऐलान किया है
- बीते एक साल की अवधि में कंपनी ने अपने निवेशकों को 600 रुपये से अधिक का डिविडेंड दे दिया है

Page Industries share: जॉकी ब्रांड की मालिक पेज इंडस्ट्रीज ने मार्च तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। इसके साथ ही कंपनी ने अपने निवेशकों को डिविडेंड भी देने का ऐलान किया है। इस बीच, गुरुवार को कंपनी के शेयर में 2 पर्सेंट से ज्यादा की बढ़त दर्ज की गई। कारोबार के अंत में शेयर 38246.15 रुपये पर बंद हुआ। इंट्रा-डे में शेयर 39568.90 रुपये से 37,681.40 रुपये के बीच रहा।
₹150 के अंतरिम डिविडेंड को मंजूरी
पेज इंडस्ट्रीज के बोर्ड ने प्रति शेयर ₹150 के अंतरिम डिविडेंड को भी मंजूरी दे दी है, जिसके लिए रिकॉर्ड डेट 27 मई तय की गई है। बीते एक साल की अवधि में कंपनी ने अपने निवेशकों को 600 रुपये से अधिक का डिविडेंड दे दिया है। आइए देखते हैं कि कब-कब कितने रुपये के डिविडेंड दिए गए।
11-02-2026: अंतरिम डिविडेंड 125 रुपये
19-11-2025: अंतरिम डिविडेंड 125 रुपये
13-08-2025: अंतरिम डिविडेंड 150 रुपये
21-05-2025: अंतरिम डिविडेंड 200 रुपये
कैसे रहे तिमाही नतीजे
पेज इंडस्ट्रीज ने गुरुवार, 21 मई को वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही (Q4 FY26) के लिए अपने मुनाफे में 9% की बढ़ोतरी दर्ज की। यह मुनाफा ₹179 करोड़ रहा जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह ₹164 करोड़ था। कंपनी का ऑपरेशन से होने वाला रेवेन्यू जनवरी-मार्च की अवधि में पिछले साल की इसी अवधि के ₹1,098 करोड़ से 14% (YoY) बढ़कर ₹1,253 करोड़ हो गया। कंपनी की एबिटा से पहले की कमाई सालाना आधार पर 11% बढ़कर ₹261 करोड़ हो गई जबकि Q4 FY25 में यह ₹236 करोड़ थी।
हालांकि, इसका ऑपरेटिंग प्रॉफिट मार्जिन सालाना आधार पर 21.45% के मुकाबले घटकर 20.86% रह गया। वित्त वर्ष 2026 में पेज इंडस्ट्रीज ने ₹5,246.8 करोड़ का राजस्व दर्ज किया, जिसमें सालाना 6.3% की वृद्धि हुई। इसका एबिटा ₹1,152.9 करोड़ रहा, जो पिछले साल की तुलना में 8.5% अधिक था।
क्या कहा मैनेजमेंट ने?
पेज इंडस्ट्रीज के मैनेजिंग डायरेक्टर वीएस गणेश ने कहा- हमें यह बताते हुए खुशी हो रही है कि यह तिमाही हमारे लिए बहुत अच्छी रही, जिसमें रेवेन्यू और मुनाफा, दोनों में अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिली।
प्रोडक्ट के फीचर्स और पोर्टफोलियो को लगातार बेहतर बनाने पर हमारा ध्यान, साथ ही बेहतरीन कस्टमर अनुभव के हाई स्टैंडर्ड्स ने हमारी मार्केट में स्थिति को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाई है। इस तिमाही के दौरान सभी डिस्ट्रिब्यूशन चैनलों में मांग के उत्साहजनक रुझानों ने भी वॉल्यूम-आधारित रेवेन्यू में जबरदस्त बढ़ोतरी में मदद की। गणेश ने आगे कहा कि कंपनी अपनी ग्रोथ की रफ्तार को बनाए रखने को लेकर पूरी तरह आश्वस्त है।
लेखक के बारे में
Deepak Kumarहिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।
और पढ़ें

