ट्रेडिंग के दौरान ₹2050 टूटा यह शेयर, निवेशकों को ₹125 डिविडेंड देगी कंपनी
पेज इंडस्ट्रीज ने सितंबर तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। पेज इंडस्ट्रीज के शेयर की बात करें तो यह 2.96% टूटकर 39519.70 रुपये पर बंद हुआ। शेयर की क्लोजिंग एक दिन पहले के 40724.75 रुपये के मुकाबले इस स्तर तक पहुंच गया।
Page industries share price: जॉकी और स्पीडो जैसे ब्रांड के इनरवियर बनाने वाली कंपनी पेज इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने सितंबर तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। तिमाही नतीजे के बीच पेज इंडस्ट्रीज के शेयर में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। पेज इंडस्ट्रीज के शेयर की बात करें तो यह 2.96% टूटकर 39519.70 रुपये पर बंद हुआ। शेयर की क्लोजिंग एक दिन पहले के 40724.75 रुपये के मुकाबले इस स्तर तक पहुंच गया। शेयर का ट्रेडिंग रेंज 41280 रुपये से 39229 रुपये के बीच रहा। इस लिहाज से शेयर 2050 रुपये से ज्यादा टूट गया।
पेज इंडस्ट्रीज के तिमाही नतीजे
सितंबर तिमाही के दौरान पेज इंडस्ट्रीज का नेट प्रॉफिट पिछले साल के मुकाबले ₹195 करोड़ पर स्थिर रहा। तिमाही का राजस्व पिछले साल के मुकाबले 3.6% बढ़कर ₹1246.3 करोड़ से ₹1291 करोड़ हो गया। तिमाही के लिए एबिटा भी स्थिर रही जो पिछले साल के मुकाबले 0.7% घटकर ₹279.6 करोड़ रह गई। तिमाही के लिए एबिटा मार्जिन पिछले साल के 22.6% से 100 आधार अंक घटकर 21.6% हो गया। अपनी आय के बाद की घोषणा में पेज इंडस्ट्रीज ने बताया कि उसकी बिक्री पिछले साल की तुलना में 2.5% बढ़कर 56.6 मिलियन यूनिट हो गई। कंपनी ने कहा कि तिमाही के दौरान राजस्व वृद्धि मध्यम रही लेकिन कंपनी आने वाले महीनों में मांग में सुधार का लाभ उठाने की अच्छी स्थिति में है।
डिविडेंड का ऐलान
पेज इंडस्ट्रीज लिमिटेड के बोर्ड ने ₹125 प्रति शेयर के अपने दूसरे अंतरिम डिविडेंड को भी मंजूरी दे दी है। पेज इंडस्ट्रीज ने इससे पहले ₹150 प्रति शेयर के अपने पहले अंतरिम डिविडेंड को मंजूरी दी थी। इसके लिए रिकॉर्ड तिथि 19 नवंबर, 2025 तय की गई है। यह डिविडेंड शेयरधारकों को 12 दिसंबर, 2025 को या उससे पहले दिया जाएगा।
पेज इंडस्ट्रीज की बात करें तो इसका जॉकी इंटरनेशनल ब्रांड है। यह ब्रांड 140 से ज्यादा देशों में सक्रिय है और अंडरवियर, मोजे, थर्मल, स्लीपवियर, एक्टिववियर, स्पोर्ट्सवियर, लाउंजवियर, पुरुषों, महिलाओं और बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार के परिधानों का विपणन करता है।





