
₹84 के शेयर को खरीदने के लिए टूट पड़े निवेशक, कंपनी ने किए बड़े प्रोजेक्ट के ऐलान
ओमैक्स के शेयरों में यह तेजी कंपनी के नए बड़े प्रोजेक्ट के ऐलान के बाद आई है। कंपनी ने लुधियाना में ‘ओमैक्स चौक’ नाम के एक बड़े मिक्स्ड-यूज हाई-स्ट्रीट प्रोजेक्ट की घोषणा की है।
Omaxe Ltd Share: ओमैक्स के शेयरों में जबरदस्त उछाल देखने को मिला। मंगलवार, 13 जनवरी 2026 को रियल एस्टेट कंपनी ओमैक्से के शेयरों में भारी खरीदारी रही और शेयर करीब 17 फीसदी चढ़कर ₹84.76 के इंट्रा-डे हाई तक पहुंच गया। दोपहर 1:10 बजे शेयर 16.15 फीसदी की तेजी के साथ ₹84.30 पर ट्रेड कर रहा था। इस दौरान बीएसई सेंसेक्स करीब 0.6 फीसदी गिरावट के साथ 83,371 के स्तर पर था, यानी कमजोर बाजार के बावजूद ओमैक्स के शेयरों में मजबूती बनी रही।
इस खबर का असर
ओमैक्स के शेयरों में यह तेजी कंपनी के नए बड़े प्रोजेक्ट के ऐलान के बाद आई है। कंपनी ने लुधियाना में ‘ओमैक्स चौक’ नाम के एक बड़े मिक्स्ड-यूज हाई-स्ट्रीट प्रोजेक्ट की घोषणा की है। यह प्रोजेक्ट घुमार मंडी इलाके में बनेगा, जो लुधियाना का जाना-माना कमर्शियल और वेडिंग शॉपिंग हब है। करीब 5.25 एकड़ में फैले इस प्रोजेक्ट में ₹500 करोड़ का निवेश किया जाएगा। यह जमीन रेलवे लैंड डेवलपमेंट अथॉरिटी (RLDA) से प्रतिस्पर्धी बोली प्रक्रिया के जरिए लीज पर ली गई है।
कंपनी ने क्या कहा
कंपनी के मुताबिक, ओमैक्स चौक को एक ऑल-इन-वन अर्बन डेस्टिनेशन के तौर पर विकसित किया जाएगा। यहां प्रीमियम रिटेल शोरूम, वेडिंग और ज्वेलरी स्टोर्स, फैशन आउटलेट्स, डेस्टिनेशन डाइनिंग, एंटरटेनमेंट जोन और लग्जरी रेजिडेंशियल यूनिट्स होंगी। यह प्रोजेक्ट एक्सपीरियंस-बेस्ड रिटेल पर फोकस करेगा, जहां शॉपिंग के साथ लाइफस्टाइल और सोशल एक्सपीरियंस भी मिलेगा। खास तौर पर शादी-ब्याह की खरीदारी के लिए आने वाले स्थानीय ग्राहकों और एनआरआई खरीदारों को ध्यान में रखकर इसे डिजाइन किया गया है।
इन्फ्रास्ट्रक्चर की बात करें तो इस प्रोजेक्ट को रानी झांसी रोड और कॉलेज रोड से दो तरफा एंट्री मिलेगी, जिससे विजिबिलिटी और पहुंच आसान होगी। यहां 1,000 से ज्यादा कारों की पार्किंग, चौड़ी सड़कें, पैदल चलने के लिए वॉकवे और आधुनिक सुविधाएं होंगी। प्रोजेक्ट में हेरिटेज लुक को मॉडर्न डिजाइन के साथ जोड़ा जाएगा। ओमैक्से चौक से निर्माण के दौरान और बाद में बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। यह प्रोजेक्ट पीपीपी मॉडल पर विकसित हो रहा है और जून 2030 तक पूरा होने की संभावना है, इसी मजबूत ग्रोथ स्टोरी के चलते निवेशकों का भरोसा शेयर पर बढ़ता दिखा।





