ओला ने लॉन्च किया नया प्रोडक्ट, शेयर में अपर सर्किट, ₹55 के पार भाव
संक्षेप: ओला इलेक्ट्रिक के शेयर पर निवेशक टूट पड़े। ट्रेडिंग के दौरान शेयर में 5 पर्सेंट का अपर सर्किट लगा और भाव 55 रुपये के पार 55.20 रुपये पर पहुंच गया। बता दें कि कंपनी के शेयर के 52 हफ्ते का हाई और लो क्रमश: 102.50 रुपये और 40 रुपये से नीचे है।

भारत की लीडिंग इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर निर्माता कंपनी ओला इलेक्ट्रिक ने गुरुवार को अपने पहले नॉन-व्हीकल प्रोडक्ट ‘Ola Shakti’ का लॉन्च किया। यह कंपनी का रेजिडेंशियल बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (BESS) है, जो घरेलू बिजली भंडारण के क्षेत्र में ओला की एंट्री को दिखाता है। इस बीच, सप्ताह के चौथे दिन ओला इलेक्ट्रिक के शेयर पर निवेशक टूट पड़े। ट्रेडिंग के दौरान शेयर में 5 पर्सेंट का अपर सर्किट लगा और भाव 55 रुपये के पार 55.20 रुपये पर पहुंच गया। बता दें कि कंपनी के शेयर के 52 हफ्ते का हाई और लो क्रमश: 102.50 रुपये और 40 रुपये से नीचे है।
क्या कहा सीईओ ने?
कंपनी के सीईओ भाविश अग्रवाल ने कहा कि ओला देश में नवीकरणीय ऊर्जा को और अधिक उपयोगी बनाने के लिए एक बड़े एनर्जी स्टोरेज नेटवर्क पर काम कर रही है, जिससे देश में उत्पन्न आधी हरित ऊर्जा को बाद में उपयोग के लिए संग्रहीत किया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि इससे ग्रीन एनर्जी की सप्लाई और डिमांड के बीच के अंतर को पाटने में मदद मिलेगी। बता दें कि ओला इनेक्को चार बैटरी कॉन्फिगरेशन में पेश किया गया है। इसमें 1.5 kWh मॉडल की कीमत ₹29,999, 3 kWh (दो 1.5kWh यूनिट्स) की कीमत ₹55,999, 5.2 kWh मॉडल की कीमत ₹1,19,999 और 9.1 kWh मॉडल की कीमत ₹1,59,999 रखी गई है। यह शुरुआती कीमत पहले 10,000 यूनिट्स के लिए लागू होगी। प्री-बुकिंग ₹999 के टोकन पर शुरू हो चुकी है और डिलीवरी मकर संक्रांति 2026 से शुरू होगी।
सिस्टम की बैटरी एफिशिएंसी 98% होगी और यह 120–290 वोल्ट इनपुट रेंज पर काम करेगा। इसे दो घंटे में चार्ज किया जा सकता है और यह फुल लोड पर 1.5 घंटे तक बिजली बैकअप देने में सक्षम होगा। अग्रवाल ने कहा कि यह उत्पाद पूरी तरह से भारत में डिजाइन, विकसित और निर्मित किया गया है।ओला इन बैटरी सिस्टम्स का निर्माण अपनी तमिलनाडु स्थित गीगाफैक्टरी में करेगी। अग्रवाल ने कहा कि इस प्रोजेक्ट के लिए कंपनी को कोई अतिरिक्त पूंजी या R&D खर्च नहीं करना होगा।





