हर LPG सिलेंडर पर तेल कंपनियों को हो रहा 650 रुपये का घाटा, खपत में आई कमी
मुख्य बातें
- तेल कंपनियों को घरेलू LPG सेल्स पर प्रति सिलेंडर 650 रुपये का घाटा हो रहा है
- कंपनियों को एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की सेल पर प्रति लीटर 30 रुपये का नुकसान हो रहा है

सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMC) को बढ़ते इंटरनेशनल प्राइसेज के बीच घरेलू LPG सेल्स पर प्रति सिलेंडर 650 रुपये का घाटा (अंडर रिकवरी) हो रहा है। वहीं, जेट फ्यूल या एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की सेल पर प्रति लीटर अंडर रिकवरी 30 रुपये है। यह बात एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने कही है। जब ऑयल मार्केटिंग कंपनियां प्रॉडक्शन, खरीद और डिस्ट्रीब्यूशन की असल लागत से कम पर घरेलू एलपीजी सिलेंडर्स बेचती हैं तो होने वाले घाटे को अंडर रिकवरी कहा जाता है।
LPG की खपत हुई कम
पेट्रोलियम मिनिस्ट्री में ज्वाइंट सेक्रेटरी सुजाता शर्मा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 'घरेलू एलपीजी पर अब भी प्रति सिलेंडर 650 रुपये की अंडर-रिकवरी है। वहीं, घरेलू जेट फ्यूल पर प्रति लीटर करीब 30 रुपये की अंडर रिकवरी है, लेकिन यह अंडर-रिकवरी इंटरनेशनल प्राइसेज के आधार पर बदलती रहती है।' सरकार की तरफ से उठाए गए डिमांड मैनेजमेंट उपायों की वजह से देश की एलपीजी खपत में कमी देखने को मिली है। वहीं, डीजल और पेट्रोल की खपत में कोई बदलाव देखने को नहीं मिला है। शर्मा ने बताया कि सरकार एलपीजी सेल्स पर ऑयल मार्केटिंग कंपनियों(इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन, भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड और हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन) को होने वाले नुकसान की भरपाई कर रही है। LPG अंडर-रिकवरीज को कवर करने के लिए सरकार ने साल 2023 में ऑयल मार्केटिंग कंपनियों को 22,000 करोड़ रुपये और पिछले साल 30,000 करोड़ रुपये दिए।
कमर्शियल LPG सिलेंडर हुआ और महंगा
ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMC) ने सोमवार 1 जून को 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम 42 रुपये बढ़ा दिए हैं। लेकिन, घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया है। सरकार ने 1 जून से पेट्रोल, डीजल और एविएशन टर्बाइन फ्यूल पर एक्सपोर्ट लेवी को रिवाइज किया है, ताकि ईरान वॉर की वजह से पैदा हुई अनिश्चितता के बीच पर्याप्त घरेलू उपलब्धता रहे। दिल्ली में कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम 42 रुपये बढ़कर 3113.50 रुपये पर पहुंच गए हैं। वहीं, कोलकाता में कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम 53.50 रुपये बढ़कर 3255.50 रुपये पर जा पहुंचा है।
5 किलो वाले सिलेंडर के भी दाम बढ़े
ऑयल मार्केटिंग कंपनियों(OMC) ने 5 किलो वाले फ्री ट्रेड LPG (FTL) सिलेंडर के दाम 11 रुपये बढ़ा दिए हैं। अब दिल्ली में इस सिलेंडर का रिटेल प्राइस 821.50 रुपये पहुंच गया है। दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम फिलहाल 913 रुपये हैं। वहीं, मुंबई में एलपीजी सिलेंडर के दाम 912.50 रुपये हैं। हालांकि, इंटरनेशनल फ्लाइट्स के लिए जेट फ्यूल्स 27 पर्सेंट घटाया गया है। इंटरनेशनल एटीएफ प्राइसेज करीब 400 डॉलर प्रति किलोलीटर घटकर करीब 1,100 डॉलर प्रति किलोलीटर पर पहुंच गए हैं।
लेखक के बारे में
Vishnu Soniविष्णु सोनी लाइव हिन्दुस्तान में बिजनेस, गैजेट्स और ऑटो सेक्शन संभाल रहे हैं। वह दिसंबर 2020 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ
हैं। वह शेयर बाजार, कॉरपोरेट, पर्सनल फाइनेंस, गैजेट्स और ऑटो की खबरें लिखते हैं। गैजेट्स और ऑटो रिव्यू में भी इनकी
दिलचस्पी है। बिजनेस से जुड़ी खबरों में विष्णु हमेशा इस बात पर फोकस करते हैं कि वह पाठकों के 'काम की बात' वाला एंगल
प्रमुखता से खबर में ला सकें, ताकि उनकी वित्तीय जागरूकता बढ़े। बिजनेस से जुड़ी खबरों में भाषा की सरलता और सहजता पर भी
विष्णु का ध्यान हमेशा रहा है।
पत्रकारिता में विष्णु को 20 साल पूरे होने को हैं। विष्णु के करियर का ज्यादातर हिस्सा बिजनेस जर्नलिज्म से जुड़ा रहा है।
वह दैनिक भास्कर, इकनॉमिक टाइम्स-हिंदी, अमर उजाला, नेटवर्क-18 और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर
चुके हैं। विष्णु ने पत्रकारिता की पढ़ाई इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मॉस कम्युनिकेशन (IIMC), दिल्ली से की है। विष्णु, इलाहाबाद
विश्वविद्यालय के गोल्ड मेडलिस्ट हैं। GST को लेकर बनाए गए विष्णु के एक वीडियो को अवॉर्ड भी मिल चुका है। कुकिंग,
ट्रेवलिंग, क्रिकेट देखने और खेलने में इनको मजा आता है। अपने वक्त का एक हिस्सा विष्णु ऐसे शेयरों को 'खोजने' में लगाते
हैं, जो कि आगे चलकर अच्छा रिटर्न दें।


