काम की बात: LPG सिलेंडर को लेकर तेल कंपनियों ने जारी की नई एडवाइजरी, चेक करें आज के रेट

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • LPG Price Today: किसी भी व्यक्ति को सिलेंडर बेचना, ट्रांसफर करना या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बेचना भी नियमों के खिलाफ है
  • OMCs ने ग्राहकों को आगाह किया है कि ऐसा करने पर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है
  • आज 15 जून सोमवार को न तो घरेलू एलपीजी सिलेंडर के रेट में कोई बदलाव हुआ है और न ही कमर्शियल सिलेंडर के
LPG सिलेंडर को लेकर तेल कंपनियों ने जारी की नई एडवाइजरी, चेक करें आज के रेट

एलपीजी सिलेंडर को लेकर तेल विपणन कंपनियों (OMCs) ने ग्राहकों के लिए अहम सार्वजनिक सूचना जारी की है। कंपनियों ने स्पष्ट किया है कि ग्राहकों को जारी किए जाने वाले एलपीजी सिलेंडर संबंधित तेल कंपनियों की संपत्ति हैं और इन्हें केवल रजिस्टर्ड कंज्यूमर ही उपयोग कर सकते हैं। किसी भी व्यक्ति को सिलेंडर बेचना, ट्रांसफर करना या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बेचना भी नियमों के खिलाफ है।

क्या कहा गया है सूचना में?

भारत गैस द्वारा जारी सूचना के अनुसार, एलपीजी सिलेंडर ग्राहकों को सिक्योरिटी डिपॉजिट के आधार पर दिए जाते हैं। इसका मतलब है कि सिलेंडर का स्वामित्व तेल कंपनी के पास ही रहता है और उपभोक्ता को केवल उपयोग का अधिकार मिलता है।कंपनी ने कहा है कि एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति को एलपीजी सिलेंडर बेचना या ट्रांसफर करना गैरकानूनी है।

oil companies issued new advisory regarding LPG cylinder

ऑनलाइन बिक्री पर भी रोक

OMCs ने ग्राहकों को आगाह किया है कि किसी भी ऑनलाइन मार्केटप्लेस, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म या अन-ऑथराज्ड वेबसाइट पर एलपीजी सिलेंडर की लिस्टिंग या बिक्री नहीं की जा सकती। ऐसा करने पर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। कंपनियों के अनुसार, ऐसे प्लेटफॉर्म पर बेचे जा रहे सिलेंडर नकली, अनधिकृत या सुरक्षा मानकों के विपरीत हो सकते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ सकता है।

PNG उपभोक्ताओं के लिए भी निर्देश

सूचना में यह भी कहा गया है कि जिन उपभोक्ताओं ने पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन ले लिया है, वे अपने नजदीकी गैस वितरक के पास जाकर एलपीजी कनेक्शन सरेंडर कर सकते हैं। कनेक्शन सरेंडर करने पर उपभोक्ताओं को उनकी मूल सिक्योरिटी डिपॉजिट राशि वापस कर दी जाएगी।

ग्राहकों को क्या करना चाहिए?

एलपीजी सिलेंडर केवल अधिकृत गैस एजेंसी से ही लें और सिलेंडर की खरीद-फरोख्त या ट्रांसफर से बचें। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर सिलेंडर खरीदने या बेचने का प्रयास न करें।PNG कनेक्शन लेने के बाद एलपीजी कनेक्शन सरेंडर कर सिक्योरिटी राशि वापस प्राप्त करें। किसी भी संदेह की स्थिति में अपने गैस वितरक या तेल कंपनी के हेल्पलाइन नंबर से संपर्क करें।

एलपीजी के क्या हैं आज के रेट

आज 15 जून सोमवार को न तो घरेलू एलपीजी सिलेंडर के रेट में कोई बदलाव हुआ है और न ही कमर्शियल सिलेंडर के। दिल्ली में आज भी 14.2 किलो वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत ₹942 और 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत ₹3,113.50 है। इंडियन ऑयल के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, 14.2 किलो का घरेलू एलपीजी सिलेंडर सबसे महंगा लेह में 1,179 रुपये का बिक रहा है, जबकि सबसे सस्ता सिलेंडर मुंबई में 941 रुपये का उपलब्ध है।

Drigraj Madheshia

लेखक के बारे में

Drigraj Madheshia

दृगराज मद्धेशिया पिछले 21 वर्षों से पत्रकारिता जगत का एक विश्वसनीय चेहरा हैं। वर्तमान में 'लाइव हिन्दुस्तान' की बिजनेस टीम के एक महत्वपूर्ण सदस्य के रूप में, वे शेयर बाजार, कमोडिटी, पर्सनल फाइनेंस और यूटिलिटी सेक्टर पर अपनी गहरी पकड़ रखते हैं। वह कलम से बाजार की नब्ज टटोलने वाले एक पत्रकार हैं, जो शेयर बाजार से लेकर आपकी जेब (Personal Finance) तक, हर खबर को आसान बनाते हैं। टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया के अपने विस्तृत अनुभव के साथ, दृगराज जटिल मार्केट डेटा को आम पाठकों के लिए 'कुछ अलग' और आसान भाषा में पेश करने के लिए पहचाने जाते हैं। उन्होंने अपने करियर में हिन्दुस्तान, सहारा समय, दैनिक जागरण और न्यूज नेशन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। मूलत: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रहने वाले दृगराज मैथ्स बैकग्राउंड होने के कारण डेटा और कैलकुलेशन में माहिर हैं, जो बिजनेस पत्रकारिता के लिए एक बड़ा प्लस पॉइंट है। उन्होंने कॅरियर की शुरुआत गोरखपुर से सहारा समय साप्ताहिक से बतौर फ्रीलांसर की और बहुत ही जल्द सहारा समय उत्तर प्रदेश/उत्तराखंड के हिस्सा बन गए। ​इसके बाद छत्तीसगढ़ में वॉच न्यूज से जुड़े। टीवी को छोड़ हिन्दुस्तान अखबार के बरेली एडिशन की लॉन्चिंग टीम का हिस्सा बने। साढ़े सात साल की मैराथन पारी के बाद अगला पड़ाव न्यूज नेशन डिजिटल रहा। इसके बाद एक बार फिर हिन्दुस्तान दिल्ली से जुड़े और अब डिजिटल टीम का हिस्सा हैं। और पढ़ें

बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।