दोगुना से ज्यादा बढ़ा मुनाफा, रॉकेट बने नायका के शेयर, एक्सपर्ट बोले- खरीदो शेयर
Nykaa Share Price: नायका के शेयर शुक्रवार को BSE में इंट्राडे के दौरान 5% से अधिक के उछाल के साथ 272.45 रुपये पर पहुंच गए हैं। नायका का मुनाफा दोगुना से ज्यादा बढ़ा है। नोमुरा ने नायका के शेयरों को खरीदने की सलाह दी है।

Nykaa Share Price: कमजोर बाजार में भी नायका के शेयरों में तूफानी तेजी आई है। नायका के शेयर शुक्रवार को BSE में इंट्राडे के दौरान 5 पर्सेंट से अधिक के उछाल के साथ 272.45 रुपये पर पहुंच गए हैं। कंपनी के शेयर अपने 52 हफ्ते के हाई लेवल के करीब जा पहुंचे हैं। नायका के शेयरों का 52 हफ्ते का हाई लेवल 273.20 रुपये है। दिसंबर 2025 तिमाही के शानदार नतीजों के बाद कंपनी के शेयरों में यह तेज उछाल आया है। चालू वित्त वर्ष की दिसंबर तिमाही में नायका का मुनाफा दोगुना से ज्यादा बढ़ा है। नायका की पैरेंट कंपनी एफएसएन ई-कॉमर्स वेंचर्स है। ब्रोकरेज फर्म नोमुरा ने नायका के शेयरों पर अपनी रेटिंग अपग्रेड की है।
142% बढ़ा है नायका मुनाफा
नायका (Nykaa) का कंसॉलिडेटेड मुनाफा चालू वित्त वर्ष की दिसंबर तिमाही में सालाना आधार पर 142 पर्सेंट बढ़ा है। नायका को चालू वित्त वर्ष की दिसंबर तिमाही में 63 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ है। एक साल पहले की समान अवधि में नायका को 26 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही में नायका का रेवेन्यू सालाना आधार पर 27 पर्सेंट बढ़कर 2873.26 करोड़ रुपये रहा है। चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में नायका का इबिट्डा 60 पर्सेंट से ज्यादा बढ़ा है।
नोमुरा ने नायका के शेयरों को खरीदने की दी सलाह
ब्रोकरेज फर्म नोमुरा ने नायका की पैरेंट कंपनी एफएसएन ई-कॉमर्स वेंचर्स के शेयरों की रेटिंग अपग्रेड की है। नोमुरा ने नायका के शेयरों को बाय रेटिंग दी है। ब्रोकरेज फर्म ने नायका के शेयर खरीदने को कहा है। नोमुरा ने पहले नायका के शेयरों को होल्ड रेटिंग दी थी। ब्रोकरेज फर्म ने नायका के शेयरों के लिए 305 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। नोमुरा ने पहले नायका के शेयरों के लिए 261 रुपये का टारगेट दिया था। रिवाइज्ड प्राइस टारगेट से संकेत मिलता है कि कंपनी के शेयर गुरुवार के क्लोजिंग लेवल से 18 पर्सेंट उछल सकते हैं। ब्रोकरेज फर्म जेफरीज ने कंपनी के शेयरों पर अपनी बाय रेटिंग बनाए रखी है। जेफरीज ने कंपनी के शेयरों के लिए 315 रुपये का प्राइस टारगेट दिया है। यह बात सीएनबीसी-टीवी 18 की एक रिपोर्ट में कही गई है।
एक साल में 55% से ज्यादा उछल गए हैं नायका के शेयर
नायका (Nykaa) के शेयर पिछले एक साल में 55 पर्सेंट से अधिक चढ़ गए हैं। नायका के शेयर 6 फरवरी 2025 को 173.75 रुपये पर थे। कंपनी के शेयर 6 फरवरी 2026 को 272.45 रुपये पर जा पहुंचे हैं। पिछले 6 महीने में नायका के शेयरों में 30 पर्सेंट से अधिक की तेजी देखने को मिली है। अगर पिछले 5 दिन की बात करें तो नायका के शेयरों में 15 पर्सेंट से अधिक का उछाल आया है।
लेखक के बारे में
Vishnu Soniविष्णु सोनी लाइव हिन्दुस्तान में बिजनेस, गैजेट्स और ऑटो सेक्शन संभाल रहे हैं। वह दिसंबर 2020 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ हैं। वह स्टॉक मार्केट, कॉरपोरेट, पर्सनल फाइनेंस, गैजेट्स और ऑटो की खबरें लिखते हैं। पत्रकारिता में विष्णु को 20 साल पूरे होने को हैं। विष्णु के करियर का ज्यादातर हिस्सा बिजनेस जर्नलिज्म से जुड़ा रहा है। वह दैनिक भास्कर, इकनॉमिक टाइम्स-हिंदी, अमर उजाला, नेटवर्क-18 और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। विष्णु ने पत्रकारिता की पढ़ाई इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मॉस कम्युनिकेशन (IIMC), दिल्ली से की है। विष्णु, इलाहाबाद विश्वविद्यालय के गोल्ड मेडलिस्ट हैं। GST को लेकर बनाए गए विष्णु के एक वीडियो को अवॉर्ड भी मिल चुका है।
और पढ़ें


