इस चर्चित शेयर पर ब्रोकरेज सतर्क, निवेशकों को मिली पोर्टफोलियो से बेचने की सलाह
ब्रोकरेज हाउस ने FSN ई-कॉमर्स वेंचर्स के शेयर पर सेल रेटिंग बरकरार रखते हुए ₹205 प्रति शेयर का टारगेट प्राइस तय किया है। वर्तमान में शेयर की कीमत बीएसई पर 240.10 रुपये है। एक दिन पहले के मुकाबले शेयर 1.24% बढ़त के साथ बंद हुआ।

वैसे तो ब्यूटी और पर्सनल केयर (BPC) सेगमेंट में मजबूत पकड़ रखने वाले ब्रांड नायका की पैरेंट कंपनी FSN ई-कॉमर्स वेंचर्स के शेयर मंगलवार को डिमांड में थे लेकिन इसको लेकर ब्रोकरेज हाउस एचडीएफसी सिक्योरिटीज का उत्साह कम है। ब्रोकरेज ने इस शेयर के लिए ना सिर्फ बेचने की सलाह दी है बल्कि टारगेट प्राइस को भी कम कर दिया है।
क्या है टारगेट प्राइस?
ब्रोकरेज हाउस ने FSN ई-कॉमर्स वेंचर्स के शेयर पर सेल रेटिंग बरकरार रखते हुए ₹205 प्रति शेयर का टारगेट प्राइस तय किया है। वर्तमान में शेयर की कीमत बीएसई पर 240.10 रुपये है। एक दिन पहले के मुकाबले शेयर 1.24% बढ़त के साथ बंद हुआ। इस शेयर का ट्रेडिंग रेंज 241 रुपये से 234.55 रुपये के बीच रहा। फरवरी में शेयर 285.60 रुपये तक गया था। यह 52 हफ्ते का हाइ है। इसके बाद शेयर में गिरावट का जो सिलसिला शुरू हुआ वो अब 240 रुपये के स्तर पर आ गया है।
ब्रोकरेज ने क्या कहा?
ब्रोकरेज का मानना है कि स्टॉक प्राइस्ड फॉर परफेक्शन है, यानी इसमें भविष्य की ग्रोथ पहले से ही काफी हद तक शामिल हो चुकी है। FY26 में कंपनी का कस्टमर एक्विजिशन ड्राइव खासतौर पर BPC सेगमेंट में मजबूत रहा है। BPC सेगमेंट में जो सुधार दिख रहा है, वह मुख्य रूप से अपने ब्रांड्स और eB2B मार्जिन बढ़ने के कारण है, जबकि कोर प्लेटफॉर्म मार्जिन पर दबाव बना हुआ है। कंपनी के अपने ब्रांड्स में भी एक बड़ा हिस्सा ‘Dot & Key’ जैसे एक ही ब्रांड पर निर्भर है, जो कुल प्राइवेट लेबल GMV का 60% से ज्यादा योगदान देता है। विशेषज्ञों का मानना है कि किसी एक ब्रांड पर ज्यादा निर्भरता आगे चलकर ग्रोथ की सीमा तय कर सकती है। तेज डिलीवरी में बढ़ते निवेश से लागत भी बढ़ रही है।
कैसे रहे तिमाही नतीजे?
वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही में शेयरधारकों को मिलने वाला मुनाफा पिछले वर्ष की तुलना में 143 प्रतिशत बढ़कर 63.3 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी के अनऑडिटेड वित्तीय परिणामों के अनुसार, पिछले वर्ष की इसी तिमाही में कंपनी का मुनाफा 26.1 करोड़ रुपये था। 31 दिसंबर, 2025 को समाप्त तिमाही में परिचालन से राजस्व पिछले वर्ष की तुलना में 26.7 प्रतिशत बढ़कर 2,873.26 करोड़ रुपये हो गया, जबकि वित्त वर्ष 2025 की तीसरी तिमाही में यह 2,267.21 करोड़ रुपये था। तिमाही के लिए कुल आय 2,879.52 करोड़ रुपये रही, जो एक वर्ष पहले के 2,272.74 करोड़ रुपये से अधिक है।
लागत के मोर्चे पर, कुल व्यय पिछले वर्ष की समान अवधि के 2,228.18 करोड़ रुपये से बढ़कर 2,753.54 करोड़ रुपये हो गया। व्यापारिक वस्तुओं की खरीद 1,284.96 करोड़ रुपये से बढ़कर 1,504.77 करोड़ रुपये हो गई, जबकि कर्मचारी लाभ व्यय 174.60 करोड़ रुपये से बढ़कर 202.90 करोड़ रुपये हो गया।
लेखक के बारे में
Deepak Kumarहिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।
और पढ़ें

