IPO के लिए एक्शन मोड में नेशनल स्टॉक एक्सचेंज, बैंकरों को दी 15 जून की डेडलाइन

Deepak Kumar लाइव हिन्दुस्तान
share

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ने अपने बैंकरों से आईपीओ के ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) को फाइल करने में तेजी लाने के लिए कहा है। इसके लिए 15 जून का लक्ष्य तय किया गया है। शुरुआती संकेतों से पता चलता है कि आईपीओ में कई बड़े शेयरहोल्डर ऑफर-फॉर-सेल (OFS) के जरिए हिस्सेदारी बेच सकते हैं।

IPO के लिए एक्शन मोड में नेशनल स्टॉक एक्सचेंज, बैंकरों को दी 15 जून की डेडलाइन

अगर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया (NSE) के आईपीओ का इंतजार कर रहे हैं तो ये खबर आपके काम की हो सकती है। दरअसल, एनएसई ने आईपीओ की प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए अपने बैंकरों पर दबाव बनाया है। बिजनेस स्टैंडर्ड की एक खबर में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ने अपने बैंकरों से आईपीओ के ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) को फाइल करने में तेजी लाने के लिए कहा है। इसके लिए 15 जून का लक्ष्य तय किया गया है।

DRHP जमा करने के बाद एनएसई, भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) से अंतिम टिप्पणियों का इंतजार करेगा। इस प्रक्रिया में आम तौर पर दो से तीन महीने लगते हैं। सेबी से मंजूरी मिलते ही एनएसई आईपीओ के प्राइस बैंड समेत लॉन्चिंग डेट का ऐलान कर देगा। यह पूरी प्रक्रिया साल की दूसरी छमाही में होने की उम्मीद है।

ऑफर फॉर सेल

शुरुआती संकेतों से पता चलता है कि एनएसई के आईपीओ में कई बड़े शेयरहोल्डर ऑफर-फॉर-सेल (OFS) के जरिए हिस्सेदारी बेच सकते हैं। सूत्रों ने CNBC-TV18 को बताया कि कई संस्थागत निवेशक अपनी हिस्सेदारी को आंशिक रूप से भुनाने की तैयारी कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार स्टॉक होल्डिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया आईपीओ में लगभग 0.44% हिस्सेदारी बेचने की योजना पर काम कर रहा है। बता दें कि स्टॉक होल्डिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया के पास वर्तमान में एनएसई में 4.4% हिस्सेदारी है। वहीं, बीमा क्षेत्र की दिग्गज कंपनी लाइफ इंश्योरेंस कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (LIC) भी एक प्रमुख विक्रेता हो सकती है। इस कंपनी की 1% से अधिक हिस्सेदारी बेचने की योजना है। LIC वर्तमान में 10.7% हिस्सेदारी के साथ NSE में सबसे बड़ी शेयरहोल्डर है।

सूत्रों से यह भी पता चलता है कि OFS में संस्थागत निवेशकों का एक बड़ा समूह हिस्सा ले सकता है। इनमें न्यू इंडिया एश्योरेंस, GIC Re, क्राइसकैपिटल, टेमसेक होल्डिंग शामिल हैं। बता दें कि एनएसई का IPO ऑफर फॉर सेल के जरिए आने की उम्मीद है, जिसका मतलब है कि एक्सचेंज कोई नई पूंजी नहीं जुटाएगा और आईपीओ से मिलने वाली रकम शेयर बेचने वाले शेयरहोल्डर्स को जाएगी।

कैसे रहे तिमाही नतीजे

भारत के प्रमुख एक्सचेंज एनएसई ने मार्च में खत्म हुई तिमाही में 2,871 करोड़ रुपये का कंसोलिडेटेड प्रॉफिट दर्ज किया है, जो पिछली तिमाही के मुकाबले 19% अधिक है। एक्सचेंज का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू मार्च में खत्म हुई तीन महीनों की अवधि में पिछली तिमाही के मुकाबले 34% बढ़कर 4,077 करोड़ रुपये हो गया।

तिमाही में ट्रांजैक्शन चार्ज से होने वाला कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 4077 करोड़ रुपये रहा, जो पिछली तिमाही के मुकाबले 34% की बढ़त को दिखाता है। मार्च में खत्म हुई तिमाही में डेटा कनेक्टिविटी चार्ज से होने वाला रेवेन्यू 269 करोड़ रुपये, ऑपरेटिंग इन्वेस्टमेंट से होने वाली आय 198 करोड़ रुपये और डेटा फीड, टर्मिनल सेवाओं से होने वाली आय 128 करोड़ रुपये रही।

Deepak Kumar

लेखक के बारे में

Deepak Kumar

हिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।

और पढ़ें
जानें Hindi News, Business News, Budget 2026, बजट 2026 Live, Income Tax Live Updates की लेटेस्ट खबरें, शेयर बाजार का लेखा-जोखा, Share Market के लेटेस्ट अपडेट्स Investment Tips के बारे में सबकुछ।,