UPI MDR पर NPCI का नया फैसला: बैंक से लेकर पेमेंट ऐप्स तक किसको कितना हिस्सा मिलेगा?

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • टेलीकॉम, रेलवे, फ्यूल और इंश्योरेंस जैसी जरूरी सेवाओं में MDR हर ट्रांजैक्शन पर सिर्फ ₹5 तक सीमित रहेगा
  • कैपिटल मार्केट ट्रांजैक्शन के लिए MDR 0.02% रखा गया है
  • इसका मकसद इन सेवाओं में ग्राहकों पर ज्यादा बोझ न डालना है

upi mdr
MDR यानी मर्चेंट डिस्काउंट रेट के बंटवारे को लेकर सर्कुलर जारी

नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने UPI पर लगने वाले MDR यानी मर्चेंट डिस्काउंट रेट के बंटवारे को लेकर एक सर्कुलर जारी किया है। इसके मुताबिक, 2,000 रुपये से ज्यादा के UPI पेमेंट पर 0.40% MDR लगेगा, लेकिन एक ट्रांजैक्शन पर ज्यादा से ज्यादा ₹300 ही कटेगा। यह नियम 15 अक्टूबर से लागू होगा। सरकार का कहना है कि नई व्यवस्था से करीब चार प्रतिशत कारोबारी लेनदेन प्रभावित होगा, क्योंकि करीब 96% कारोबारी लेनदेन 2,000 रुपये से कम है या छोटे कारोबारियों के लिए लागू शून्य एमडीआर व्यवस्था के दायरे में आता है।

किन सेवाओं पर छूट?

टेलीकॉम, रेलवे, फ्यूल और इंश्योरेंस जैसी जरूरी सेवाओं में MDR हर ट्रांजैक्शन पर सिर्फ ₹5 तक सीमित रहेगा। कैपिटल मार्केट ट्रांजैक्शन के लिए MDR 0.02% रखा गया है। इसका मकसद इन सेवाओं में ग्राहकों पर ज्यादा बोझ न डालना है।

दुकानदार और UPI ऐप्स पर शर्त: NPCI ने साफ किया है कि दुकानदार MDR का चार्ज ग्राहकों से नहीं वसूल सकते। साथ ही, UPI ऐप्स भी UPI पेमेंट पर कोई अलग प्लेटफॉर्म फीस या अतिरिक्त चार्ज नहीं ले सकते।

MDR का पैसा कैसे बंटेगा?

NPCI के फैसले के मुताबिक, MDR से आने वाले पैसे में इश्यूअर बैंक यानी जिस बैंक में ग्राहक का खाता है, उसे 40% मिलेगा। मर्चेंट एक्वायरर यानी दुकानदार का पेमेंट प्रोसेस करने वाले बैंक या प्लेटफॉर्म को 30% हिस्सा मिलेगा। UPI ऐप्स जैसे फोनपे, गूगल पे, पेटीएम, भारत पे, अमेजन पे आदि को 20% मिलेगा। बाकी 10% हिस्सा UPI ऐप के बैंक पार्टनर को जाएगा।

एक उदाहरण से समझें: अगर कोई ग्राहक 10,000 रुपये का UPI पेमेंट करता है, तो 0.40% के हिसाब से 40 रुपये MDR कटेगा। इसमें इश्यूअर बैंक को 16 रुपये, मर्चेंट एक्वायरर को 12 रुपये, UPI ऐप को 8 रुपये और बाकी 4 रुपये UPI ऐप के बैंक पार्टनर को मिलेंगे।

यह बड़ा बदलाव क्यों है?

साल 2020 से UPI पर मर्चेंट फीस नहीं लगती थी, जबकि कार्ड पेमेंट पर MDR पहले से लगता आ रहा है। अब UPI पर भी बड़े ट्रांजैक्शन के लिए MDR लागू करने का मकसद डिजिटल पेमेंट को छोटे शहरों और गांवों तक बढ़ाना, साइबर सिक्योरिटी मजबूत करना और धोखाधड़ी रोकने में निवेश बढ़ाना है।

वर्तमान में व्यक्ति से व्यक्ति पेमेंट मूल्य के लिहाज से कुल यूपीआई लेनदेन का करीब 70 प्रतिशत है। अब दो हजार रुपये से अधिक की धनराशि व्यक्ति से कारोबारी को भेजने पर 0.4% की दर से शुल्क लगेगा। यह शुल्क पेमेंट व्यवस्था से जुड़े विभिन्न भागीदारों के बीच बांटा जाएगा, जिसमें बैंक और यूपीआई ऐप उपलब्ध कराने वाले संस्थान शामिल हैं।

आगे क्या असर होगा?

इस फैसले से बैंकों और UPI ऐप्स को कमाई का नया जरिया मिलेगा, लेकिन छोटे दुकानदारों और ग्राहकों पर सीधा असर न पड़े, इसके लिए शर्तें लगाई गई हैं। अगर MDR ठीक से लागू हुआ, तो UPI का पूरा इकोसिस्टम और मजबूत हो सकता है।

Drigraj Madheshia

लेखक के बारे में

Drigraj Madheshia

दृगराज मद्धेशिया पिछले 21 वर्षों से पत्रकारिता जगत का एक विश्वसनीय चेहरा हैं। वर्तमान में 'लाइव हिन्दुस्तान' की बिजनेस टीम के एक महत्वपूर्ण सदस्य के रूप में, वे शेयर बाजार, कमोडिटी, पर्सनल फाइनेंस और यूटिलिटी सेक्टर पर अपनी गहरी पकड़ रखते हैं। वह कलम से बाजार की नब्ज टटोलने वाले एक पत्रकार हैं, जो शेयर बाजार से लेकर आपकी जेब (Personal Finance) तक, हर खबर को आसान बनाते हैं। टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया के अपने विस्तृत अनुभव के साथ, दृगराज जटिल मार्केट डेटा को आम पाठकों के लिए 'कुछ अलग' और आसान भाषा में पेश करने के लिए पहचाने जाते हैं। उन्होंने अपने करियर में हिन्दुस्तान, सहारा समय, दैनिक जागरण और न्यूज नेशन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। मूलत: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रहने वाले दृगराज मैथ्स बैकग्राउंड होने के कारण डेटा और कैलकुलेशन में माहिर हैं, जो बिजनेस पत्रकारिता के लिए एक बड़ा प्लस पॉइंट है। उन्होंने कॅरियर की शुरुआत गोरखपुर से सहारा समय साप्ताहिक से बतौर फ्रीलांसर की और बहुत ही जल्द सहारा समय उत्तर प्रदेश/उत्तराखंड के हिस्सा बन गए। ​इसके बाद छत्तीसगढ़ में वॉच न्यूज से जुड़े। टीवी को छोड़ हिन्दुस्तान अखबार के बरेली एडिशन की लॉन्चिंग टीम का हिस्सा बने। साढ़े सात साल की मैराथन पारी के बाद अगला पड़ाव न्यूज नेशन डिजिटल रहा। इसके बाद एक बार फिर हिन्दुस्तान दिल्ली से जुड़े और अब डिजिटल टीम का हिस्सा हैं। और पढ़ें

बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi Newsबिज़नेस न्यूज़UPI MDR पर NPCI का नया फैसला: किसको कितना हिस्सा मिलेगा?